हिमाचल में भारी बारिश से तबाही Photograph: (एक्स)
शिमलाः हिमाचल प्रदेश में लगातार हो रही भारी बारिश और भूस्खलन ने तबाही मचा दी है। बीते 20 दिनों से लगातार हो रही बारिश, भूस्खलन और अचानक आई बाढ़ से 85 लोगों की मौत हो गई।
मीडिया रिपोर्ट्स के मु्ताबिक, करीब 34 लोग लापता बताए जा रहे हैं और करीब 129 लोग घायल हैं।
मंडी जिले में सर्वाधिक तबाही
हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में सबसे ज्यादा तबाही देखी गई। राज्य में 404 घर पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गए हैं। इनमें से 397 मंडी जिले के हैं। इसके साथ ही 751 घरों में आंशिक रूप से नुकसान हुआ है। इनमें भी 719 मंडी जिले के हैं। इसके अलावा व्यावसायिक संपत्तियों को भी नुकसान पहुंचा है। इनमें 233 दुकानें और फैक्ट्रियों को भी नुकसान पहुंचा है। इनमें भी मंडी जिले के 203 हैं।
लोक निर्माण विभाग द्वारा जारी डेटा के मुताबिक, मानसून के चलते आई बाढ़ और बादल फटने के कारण बीते 15 दिनों में कुल्लू, मंडी और चंबा जिलों में 10-15 मीटर की लंबाई वाले 10 पुल क्षतिग्रस्त हुए हैं या बह गए हैं। विभाग इन पुलों का पुनर्निर्माण करने की योजना बना रहा है।
मंडी जिले में बाढ़ की वजह से तीन पुल भी बह गए हैं। इसके चलते फसलें और बगीचे मलबे से भर गए। साल 2023 में भी हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश आई थी और भयावह नुकसान झेलना पड़ा था। 2023 में आई बाढ़ और भूस्खलन की घटनाओं के चलते करीब 500 लोगों की मौत हो गई थी और राज्य को 10,000 करोड़ रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ था।
हमीरपुर, मंडी और सोलन के लिए ऑरेंज अलर्ट
शिमला के क्षेत्रीय मौसम विभाग के हालिया पूर्वानुमान के मुताबिक, हमीरपुर, मंडी और सोलन जिले के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के मुताबिक, क्षेत्र के कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और कुछ स्थानों पर तीव्र बारिश की संभावना है।
यह भी पढ़ें - कुल्लू में बादल फटने से बंद हाइवे
इसमें यह भी कहा गया है कि शिमला, चंबा, सिरमौर, कांगडा, कुल्लु, बिलासपुर, किन्नौर, ऊना और लाहौल स्पीति में हल्की बारिश और गरज की संभावना व्यक्त की गई है।