Photograph: (IANS)
नई दिल्ली: उत्तर भारत का ज्यादातर हिस्सा पिछले कुछ दिनों से भीषण गर्मी की मार झेल रहा है। चिलचिलाती धूप के अलावा कुछ हिस्सों में उमस वाली गर्मी ने लोगों का हाल बेहाल कर रखा है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने यूपी और बिहार के कई जिलों के साथ-साथ दिल्ली में भी लू का अलर्ट जारी किया है। हरियाणा, राजस्थान में भी भीषण गर्मी पड़ रही है।
दिल्ली-एनसीआर का मौसम का हाल
दिल्ली और इसके आसपास के इलाकों में भीषण गर्मी पड़ रही है। आईएमडी ने कहा है कि 12 जून से लोगों को कुछ राहत मिल सकती है। दिल्ली में कल से कुछ हिस्सों में हल्की बारिश और गरज के साथ छींटे पड़ने की संभावना है। इस दौरान हवा की गति भी 30 से 40 किलोमीटर प्रतिघंट रह सकती है। हालांकि, इससे पहले आज दिल्ली वालों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ेगा। तापमान 45 डिग्री तक पहुंच सकता है।
उत्तर प्रदेश और बिहार का आज का मौसम
उत्तर प्रदेश में कई जिलों के लिए लू का अलर्ट मौसम विभाग ने जारी किया है। पूर्वी यूपी में हल्की बारिश से लोगों को राहत मिल सकती है। वहीं, पश्चिमी उत्तर प्रदेश में दिन में भीषण गर्मी और तेज धूप होगी। इन इलाकों में लोगों से लू से बचने की हिदायत दी गई है। फिलहाल अगले कम से कम दो दिनों तक मौसम ऐसा ही बना रहेगा।
दूसरी ओर बिहार की बात करें तो दक्षिणी बिहार में भीषण गर्मी है। लोगों को दिन में 12 से 4 के बीच लोगों से कड़ी धूप से बचने की सलाह दी गई है। उमस भरी गर्मी से लोगों को अधिकतम तापमान से ज्यादा की गर्मी का अहसास हो रहा है। दक्षिणी बिहार में उमस भरी गर्मी को लेकर मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है। वहीं, उत्तर बिहार में 19 जिलों में गरज के साथ हल्की बारिश की संभावना है।
राजस्थान और हरियाणा में हीटवेव की मार
राजस्थान में भीषण गर्मी जारी है। पश्चिमी राजस्थान के अधिकांश भागों में कम से कम अगले एक हफ्ते तक ऐसे ही मौसम के शुष्क बने रहने की संभावना है। इस दौरान हीटवेव का दौर जारी रहेगा। गंगानगर और हनुमानगढ़ जैसे जिलों में अगले दो दिन अधिकतम तापमान 47 से 48 डिग्री सेल्सियस तक रहने की संभावना है।
हरियाणा में पांच जिलों- सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी और रोहतक में हीटवेव यानी लू का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा कई जिलों में तापमान 45 डिग्री के करीब पहुंच गया है। दिन और रात में गर्म हवाओं के चलने से तापमान बढ़ा रहेगा।