नई दिल्ली: संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की सिविल सेवा परीक्षा (सीएसई)-2024 के फाइलन नतीजे मंगलवार को घोषित कर दिए गए। घोषित हुए नतीजों के अनुसार प्रयागराज की शक्ति दुबे ने टॉप किया है। दुबे के बाद
हर्षिता गोयल और डोंगरे अर्चित पराग ने क्रमशः दूसरा और तीसरा स्थान हासिल किया।
इस साल की परीक्षा में विभिन्न सिविल सेवा पदों के लिए कुल 1009 उम्मीदवारों का चयन किया गया है। इसमें 335 सामान्य, 109 आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस), 318 अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी), 160 अनुसूचित जाति (एससी), और 87 अनुसूचित जनजाति (एसटी) से हैं।
शक्ति दुबे कौन हैं...जानिए इनके बारे में
वेबसाइट वनइंडिया की एक रिपोर्ट के अनुसार शक्ति दुबे मूल रूप से उत्तर प्रदेश के प्रयागराज की हैं। उन्होंने यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा (सीएसई)- 2024 में अखिल भारतीय रैंक में पहला स्थान प्राप्त किया है। उन्होंने 2018 में बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी (बीएचयू) से बायोकेमेस्ट्री में पोस्ट ग्रेजुएशन (MSc) किया। इससे पहले उन्होंने अपना ग्रेजुएशन इलाबाद यूनिवर्सिटी से पूरा किया किया।
शक्ति दुबे के टॉप होने की खबर आने के बाद चहल एकेडमी की ओर से साझा किया गया एक मॉक इंटरव्यू वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें शक्ति दुबे ने अपनी पृष्ठभूमि के बारे में जानकारी साझा दे रही हैं।
इस वीडियो में वे कहती नजर आती हैं, 'मैं उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले से हूँ। मैंने अपनी अधिकांश स्कूली शिक्षा और स्नातक की पढ़ाई वहीं पूरी की, इलाहाबाद विश्वविद्यालय से स्नातक की डिग्री हासिल की। बायोकेमिस्ट्री में स्नातकोत्तर करने के लिए मैं बीएचयू चली गई और 2018 में इसे पूरा किया। तब से, मैं सिविल सेवा की तैयारी कर रही हूँ।'
शक्ति दुबे: राजनीति विज्ञान और अंतर्राष्ट्रीय संबंध थे वैकल्पिक विषय
शक्ति दुबे ने राजनीति विज्ञान और अंतर्राष्ट्रीय संबंध को अपने वैकल्पिक विषय के रूप में लेकर परीक्षा उत्तीर्ण की है। वहीं, दूसरा स्थान हासिल करने वालीं हर्षिता गोयल ने एमएस यूनिवर्सिटी ऑफ बड़ौदा से स्नातक (बी.कॉम.) ने राजनीति विज्ञान और अंतर्राष्ट्रीय संबंध को वैकल्पिक विषय के रूप में रखा था।
शीर्ष 25 उम्मीदवारों में 11 महिलाएं और 14 पुरुष शामिल हैं। उनकी शैक्षणिक योग्यता देश के प्रमुख संस्थानों जैसे आईआईटी, एनआईटी, वीआईटी, जेएनयू, दिल्ली विश्वविद्यालय और इलाहाबाद विश्वविद्यालय से इंजीनियरिंग, मानविकी, विज्ञान, वाणिज्य, चिकित्सा विज्ञान और वास्तुकला में स्नातक से लेकर है।
गौरतलब है कि भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) और भारतीय पुलिस सेवा (IPS) सहित विभिन्न प्रतिष्ठित पदों के लिए उम्मीदवारों के चयन की UPSC की प्रक्रिया 7 जनवरी, 2025 को साक्षात्कार के साथ शुरू हुई। ये साक्षात्कार उन 2845 उम्मीदवारों के लिए थे जिन्होंने मुख्य परीक्षा सफलतापूर्वक उत्तीर्ण की थी। बताते चलें कि फाइनल नतीजे अब आने के बाद सफल उम्मीदवारों को उनकी पसंद, रैंक और उपलब्धता के आधार पर अलग-अलग सेवाएं और कैडर दिए जाएंगे।
यह भी पढ़ें- UPSC ने जारी किया CSE रिजल्ट, इलाहाबाद विश्वविद्यालय की शक्ति बनीं टॉपर