Photograph: (आईएएनएस)
नई दिल्ली: भीषण गर्मी से जूझ रहे उत्तर भारत को आज राहत मिलने की उम्मीद है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने कहा है कि कई राज्यों में आंशिक बादल छाए रहेंगे। इस वजह से चिलचिलाती धूप से रात मिलेगी। दिल्ली में भी मौसम का मिजाज बदला नजर आएगा। आईएमडी के अनुसार दिल्ली-एनसीआर में ऑरेंज अलर्ट को अब समाप्त कर दिया गया है। अधिकतम और न्यूनतम तापमान में कमी होगी। साथ ही गरज-चमक के साथ बौछारों की भी संभावना है।
दिल्ली-एनसीआर में आज का मौसम
दिल्ली-एनसीआर को गर्मी और हीटवेव से राहत मिलने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार 14 से 20 जून तक हर दिन हल्की से मध्यम बारिश या गरज के साथ बारिश की स्थिति बनी रहेगी। दिल्ली में अभी तापमान 44 डिग्री के करीब बना हुआ है तो 15 या 16 जून तक तीन से चार डिग्री कम होकर 40 डिग्री के आसपास पहुंच सकता है। 16-17 जून को मध्यम बारिश और आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है।
उत्तर प्रदेश और बिहार में आज का मौसम
यूपी में भी लोगों को भीषण गर्मी और लू से राहत मिलने की संभावना है। कई जिलों में बारिश और गरज चमक के साथ बौछारें पड़ने की उम्मीद है। कुछ जगहों पर हालांकि, उमस भरी गर्मी परेशान करेगी। फतेहपुर, कानपुर देहात, कानपुर नगर, मथुरा, आगरा, इटावा, औरैया, फिरोजाबाद और महोबा में लहर लू चलने की संभावना है। कुछ और इलाकों जैसे बांदा, चित्रकूट, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी, ललितपुर में भी ऐसी संभावना है। पूर्वी यूपी में कुछ जगहों पर हल्की बारिश की संभावना है।
बिहार के ज्यादातर जिलों में भीषण गर्मी और उमस का दौर जारी है। मौसम विभाग के अनुसार मानसून के लिए इंतजार और बढ़ गया है। फिलहाल 16 जून तक मानसून के बिहार पहुंचने के आसार नहीं हैं। पहले 13 से 15 जून के बीच मानसून के बिहार में दस्तक देने की उम्मीद थी। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों तक तेज गर्मी बनी रहेगी। हालांकि, आसमान में आंशिक बादल छाए रहेंगे।
राजस्थान, पंजाब और हरियाणा का मौसम
राजस्थान में शुक्रवार को रेड अलर्ट जारी किया गया था। गर्मी का कहर आज भी जारी रहेगा। मौसम विभाग ने लोगों को सावधानी बरतने, घरों के अंदर रहने, पानी पीते रहने और मौसम अपडेट पर नजर बनाए रखने की सलाह दी है।
जोधपुर, बीकानेर, जयपुर और भरतपुर संभाग के कुछ हिस्सों में अधिकतम तापमान 45 से 48 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है। लू जारी रहने की आशंका है। हालांकि उदयपुर, कोटा सहित जयपुर और भरतपुर के कुछ हिस्सों में मानसून की गतिविधियों में वृद्धि हो सकती है। इससे तापमान में थोड़ी कमी होगी।
हरियाणा में कुछ जिलों में आज गर्मी से लोगों को राहत मिलेगी। दरअसल शुक्रवार दोपहर को कई जगहों में हल्की बारिश हुई। बारिश के बाद से तापमान में गिरावट दर्ज की गई। आज मौसम विभाग ने संभावना जताई है कि सूबे के 4 जिलों अंबाला, पंचकूला, यमुनानगर और करनाल में बारिश हो सकती है। इसके अलावा हरियाणा में अधिकतर जगहों पर लू और गर्मी का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
पंजाब में भीषण गर्मी जारी है। मौसम विभाग ने कम से कम 6 जिलों के लिए लू का रेड अलर्ट जारी किया है। वहीं, कुछ जिलों में हल्की बारिश की भी संभावना जताई है। मौसम विभाग ने आज के लिए तरनतारन, फिरोजपुर, फरीदकोट, फाजिल्का, मुक्तसर और बठिंडा जिलों में लू के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा अमृतसर, गुरदासपुर, जालंधर, पटियाला, कपूरथला, लुधियाना, बरनाला, मोगा, संगरूर, फतेहगढ़ साहिब जिलों के लिए भी लू का अलर्ट जारी किया है।