नई दिल्ली: उत्तर भारत में भीषण गर्मी के बीच लोगों को 16 जून से कुछ हद तक राहत मिलने की उम्मीद है। बिहार, राजस्थान समेत दिल्ली-एनसीआर में पारा गिरने की संभावना जताई गई है। कुछ जगहों पर आंशिक बादल छाए रहने और हल्की बारिश की भी उम्मीद है। उत्तर प्रदेश में भी मौसम का मिजाज बदला है। कई कई जिलों में बारिश, ओलावृष्टि और वज्रपात का अलर्ट जारी किया गया है।
दिल्ली-एनसीआर का आज का मौसम
दिल्ली-एनसीआर में पिछले कई दिनों से भीषण गर्मी जारी है। हालांकि, आज आसमान में बादल छाए रहेंगे और कुछ इलाकों में हल्की बारिश भी हो सकती है। आज दिल्ली का अधिकतम तापमान 35-37 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22-24 डिग्री रहने की संभावना है। उमस से लोगों को परेशानी होगी। दिल्ली में 30 जून के आसपास मानसून के पहुंचने की संभवाना है। नोएडा, गाजियाबाद में भी कुछ जगहों पर हल्की बारिश की उम्मीद है।
बिहार, उत्तर प्रदेश का मौसम
उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में मानसून का असर दिखाई देने लगा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने 16 जून से 22 जून तक के लिए विस्तृत पूर्वानुमान जारी किया है, जिसमें लगातार बारिश, तेज हवाओं और वज्रपात की चेतावनी दी गई है। खासकर सोमवार, 16 जून को मौसम का रुख काफी बदला हुआ रहने वाला है।
विभाग ने सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद और रामपुर में वज्रपात (आकाशीय बिजली) की चेतावनी जारी की है। इसके अलावा सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर और बिजनौर में ओलावृष्टि की संभावना है। गाजियाबाद, नोएडा, हापुड़ और बुलन्दशहर में भी बिजली गिरने की आशंका जताई गई है। लोगों को सलाह दी गई है कि वे पेड़ के नीचे खड़े न हों और बिजली उपकरणों से दूरी बनाए रखें। इस बीच उमस वाली गर्मी की परेशानी बनी रहेगी।
बिहार के कई जिलों में भी मौसम में बदलाव नजर आएगा। IMD के अनुसार आज पूर्वी बिहार में अररिया, सहरसा, मधेपुरा, पूर्णिया, कटिहार, भागलपुर, बांका, जमुई, मुंगेर, खगड़िया जैसे इलाकों में बारिश की संभावना है। दक्षिण बिहार में गर्मी का कहर जारी है। आंशिक बादल छाए रहेंगे। पटना, जहानाबाद, नालंदा, नवादा जैसे जिलों में हल्की बारिश हो सकती है।
राजस्थान, हरियाणा का मौसम
राजस्थान में कुछ इलाकों में हल्की बारिश ने गर्मी से राहत दी है। आंधी-बारिश की गतिविधियां आगामी दिनों में भी जारी रहेंगी। 20 और 21 जून को कोटा और भरतपुर संभाग में कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना है। इससे तापमान में तीन से चार डिग्री तक कमी आएगी और लू से भी राहत मिलेगी।
हरियाणा में रविवार को कुछ जिलों में बारिश के साथ-साथ तेज हवा चली। इससे तापमान में कमी आई है। मौसम विभाग के अनुसार कि अगले 24 घंटे में अंबाला, यमुनानगर, पंचकुला, कुरुक्षेत्र, करनाल, पानीपत, सोनीपत, झज्जर, गुरुग्राम, फरीदाबाद, मेवात, पलवल व महेंद्रगढ़ में तेज हवा के साथ वर्षा की संभावना है।