29 May, Weather update: मानसून के इस बार जल्दी पहुंचने के बाद यह तेजी से आगे बढ़ रहा है। बिहार-यूपी में प्री मानसून की बारिश बीच-बीच में देखने को मिल रही है। पूर्वी बिहार और सीमांचल के इलाकों में आज भारी बारिश का अलर्ट भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने दिया। पिछले दो-तीन दिनों से गर्मी झेल रहे दिल्ली के लोगों को भी आंधी-बारिश का अलर्ट है। राजस्थान में हालांकि गर्मी का कहर जारी है।

यूपी में कैसा रहेगा मौसम?

उत्तर प्रदेश मे फिलहाल लू जैसी स्थिति नहीं है। हालांकि, उमस वाली गर्मी का सामना लोगों को करना पड़ रहा है। अधिकतर जिलों में तापमान 40 डिग्री से नीचे है। बांदा और उरई समेत प्रयागराज, वाराणसी में तापमान 40 डिग्री या इससे ऊपर है। बस्ती में 42 डिग्री, झांसी में 41.7 डिग्री अधिकतम तामपान कल दर्ज किया गया। आज 29 मई को पश्चिमी और पूर्वी यूपी में कहीं-कहीं पर बादल गरजने और बारिश की संभावना है। पूर्वी यूपी में कुछ जगहों पर 30 से 40 या फिर 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवा भी चल सकती है।

बिहार का आज का मौसम

पटना समेत दक्षिण बिहार में तापमान कम है लेकिन गर्मी का अहसास लोगों को हो रहा है। हवा में नमी की वजह से उमस लोगों को परेशान कर रही है। वैसे बिहार के कई जिलों के लिए मौसम विभाग ने खासकर सीमांचल और पूर्वी बिहार में अलर्ट जारी किया है। 29 से 31 मई तक यहां भारी बारिश की संभावना है। किशनगंज, कटिहार, भागलपुर और बांका में 29 मई को गरज के साथ बारिश और तेज हवाएं चलने के आसार हैं। पटना में कुछ जगहों पर हल्की बूंदाबांदी हो सकती है।

दिल्ली-एनसीआर का मौसम

देश की राजधानी दिल्ली और आसपास के क्षेत्र में आंधी और बारिश आने की संभावना है। तापमान में गिरावट होगी। इससे उमस भरी इस गर्मी से कुछ दिनों के लिए राहत मिलेगी। बारिश और आंधी का यह सिलसिला अगले चार से पांच दिन जारी रहने की उम्मीद है। मौसम विभाग ने 30 मई को ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। घने बादल रहेंगे। हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। हवाओं की गति 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे रह सकती है।