ब्रिटेन प्लास्टिक युक्त 'वेट वाइप्स' पर प्रतिबंध लगाने जा रहा है। इसको लेकर यूके सरकार जल्द ही एक नया कानून लागू करने जा रही है। पर्यावरण सचिव स्टीव बार्कले के मुताबिक, इस कानून को गर्मियों की छुट्टियों से पहले इंग्लैंड में लागू करने की योजना है। उत्तरी आयरलैंड, स्कॉटलैंड, और वेल्स भी इसका पालन करेंगे। यूके सरकार का मकसद इस कानून को जून 2026 तक लागू करना है। 

क्या होता है वेट वाइप्स?

वेट वाइप्स कपड़े या पेपर के नम टुकड़े होते हैं जिनका उपयोग त्वचा और सतहों को साफ करने के लिए किया जाता है। वेट वाइप्स कई अलग-अलग प्रकार के होते हैं। प्लास्टिक युक्त वेट वाइप्स भी इसी का एक प्रकार है। प्लास्टिक युक्त वेट वाइप्स आमतौर पर सेल्यूलोज, पॉलिएस्टर या रेयॉन से बने कपड़े या पेपर के नम टुकड़े होते हैं।

यूके वेट वाइप्स को क्यों कर रहा बैन?

पर्यावरण सचिव स्टीव बार्कले ने कहा 'प्लास्टिक युक्त वेट वाइप्स हमारे जलमार्गों को प्रदूषित कर रहे हैं। वाइप्स समय के साथ माइक्रोप्लास्टिक बनते हैं और पर्यावरण में प्रवेश कर जाते हैं। यह मानव स्वास्थ्य के लिए हानिकारक हो सकता है और हमारे पारिस्थितिक तंत्र को बाधित कर सकता है। सरकार ने बताया कि हाल ही में यूके में समुद्र तट के सर्वेक्षण में प्रति 100 मीटर में औसतन 20 वेट वाइप्स पाए गए। सरकार ने कहा कि कई खुदरा विक्रेताओं ने पहले ही प्लास्टिक युक्त वेट वाइप्स बेचना बंद कर दिया है। यह देश के जलमार्गों को प्रदूषण से बचाने के लिए आवश्यक कदम है।

कितना हानिकारक हैं प्लास्टिक युक्त वेट वाइप्स?

प्लास्टिक युक्त वेट वाइप्स पर्यावरण के लिए हानिकारक हो सकते हैं। वे प्लास्टिक से बने होते हैं, जो एक गैर-बायोडिग्रेडेबल पदार्थ है जिसका मतलब है कि यह प्राकृतिक रूप से विघटित नहीं होता है। जब प्लास्टिक युक्त वेट वाइप्स को फेंका जाता है वे छोटे टुकड़ों में टूट जाते हैं जिन्हें माइक्रोप्लास्टिक कहा जाता है। माइक्रोप्लास्टिक पर्यावरण में प्रवेश कर सकते हैं और मिट्टी, पानी और भोजन को दूषित कर सकते हैं। वे जानवरों द्वारा भी निगले जा सकते हैं, जिससे स्वास्थ्य समस्याएं हो सकती हैं।

'प्लास्टिक प्रदूषण को रोकने के लिए ठोस परिवर्तनकारी कदम की जरूरत'

स्टीव बार्कले के ने कहा कि मैं इस बात को लेकर स्पष्ट हूं कि हमारे जलमार्गों को प्रदूषण से बचाने के लिए एक ठोस परिवर्तनकारी कदम की जरूरत है। यह प्रतिबंध हमारे जलमार्गों की सुरक्षा और जल कंपनियों को जवाबदेह बनाने के लिए पहले से ही की गई कार्रवाइयों पर आधारित है - जिसमें निवेश में तेजी लाना, जल कंपनी पर जुर्माना लगाना और जल कंपनी साइटों के निरीक्षण की संख्या को चौगुना करना शामिल है। ब्रिटेन सरकार का मानना है कि प्लास्टिक युक्त वेट वाइप्स पर प्रतिबंध लगाने से पर्यावरण पर सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा।

प्रतिबंध के कुछ संभावित लाभों में शामिल हैं:

  • प्लास्टिक प्रदूषण में कमी: प्रतिबंध से समुद्री मलबे, मिट्टी और पानी में प्लास्टिक की मात्रा कम होने की उम्मीद है।
  • समुद्री जीवन की सुरक्षा: प्रतिबंध से समुद्री जानवरों को प्लास्टिक निगलने से बचाने में मदद मिलेगी।
  • जल निकासी प्रणाली में सुधार: प्रतिबंध से सीवेज सिस्टम में रुकावटों की संख्या कम होने की उम्मीद है।

उधर, ग्रीनपीस यूके और एवरीडे प्लास्टिक के एक सर्वेक्षण में पता चला कि ब्रिटेनवासी एक सप्ताह में प्लास्टिक पैकेजिंग के 1.7 अरब टुकड़े फेंक देते हैं। इस सर्वेक्षण में 77,000 घरों के लगभग 225,000 लोग शामिल थे। जिनमें 5,000 से अधिक स्कूल कक्षाओं के 28,000 छात्र और लगभग 50 सांसदों ने भी हिस्सा लिया था।