वॉशिंगटन: अमेरिका के साथ विवाद के बीच एक नए नाटकीय घटनाक्रम में यूक्रेन ने रूस के साथ जारी जंग में तत्काल तौर पर 30 दिनों के युद्ध विराम को लागू करने के लिए तैयार हो गया है। सऊदी अरब में यूक्रेनी और अमेरिकी अधिकारियों के बीच हुए उच्च स्तरीय बैठक के बाद यूक्रेन ने कहा कि वह युद्ध विराम के अमेरिकी प्रस्ताव के लिए तैयार है।
वहीं, अमेरिका ने घोषणा कर दी कि वह कीव को सैन्य सहायता और खुफिया जानकारी साझा करने पर लगाया गया अपना प्रतिबंध हटा देगा। रूस की ओर यूक्रेन पर हमले की शुरुआत 2022 के फरवरी में हुई थी। इसके बाद से दोनों देशों के बीच जंग जारी है।
यूक्रेन तैयार, अब रूस पर नजर
बहरहाल, व्हाइट हाउस और कीव के एक संयुक्त बयान के अनुसार युद्ध विराम प्रस्ताव फिलहाल अस्थायी है जिसे दोनों पक्षों के सहमत होने पर बढ़ाया जा सकता है। यह इस साल की शुरुआत में अमेरिका में डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन के सत्ता में आने के बाद से जंग को रोकने की दिशा में यह पहली अहम सफलता है। यूक्रेन ने अमेरिकी योजना के प्रति अपनी प्रतिबद्धता की बात कही है। ऐसे में अब सभी की निगाहें रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की ओर हैं।
ट्रंप ने मंगलवार को पत्रकारों से कहा, 'हम आज और कल बाद में उनसे (रूसी अधिकारियों से) मिलने जा रहे हैं, और उम्मीद है कि हम एक समझौते पर काम कर पाएंगे। अगर हम रूस को ऐसा करने के लिए राजी कर सकें, तो यह बहुत बढ़िया होगा। अगर नहीं, तो हम आगे बढ़ते रहेंगे और लोग मारे जाते रहेंगे, बहुत सारे लोग।'
अमेरिका ने यूक्रेन पर लगे प्रतिबंध को हटाया
यूक्रेन के युद्ध विराम के लिए तैयार होने के साथ ही अमेरिका ने उसके लिए अपनी सहायता बहाल कर दी है। इससे पहले हाल में व्हाइट हाउस में अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप और यूक्रेनी राष्ट्रपति जेलेंस्की के बीच पत्रकारों के सामने हुई तीखी नोंकझोक बहस के बाद हालात बिगड़ गए थे। अमेरिका ने यूक्रेन को दी जाने वाली सभी सैन्य मदद और खुफिया जानकारी आदि देने पर रोक लगा दी थी।
ट्रम्प ने कहा, 'यह पूर्ण युद्ध विराम है। यूक्रेन इस पर सहमत हो गया है। उम्मीद है कि रूस भी इस पर सहमत होगा।'
उन्होंने कहा कि गेंद अब मॉस्को के पाले में है। ट्रम्प के विशेष दूत स्टीव विटकॉफ आने वाले दिनों में पुतिन को सीधे प्रस्ताव पेश करने के लिए मॉस्को की यात्रा करेंगे। वहीं, ट्रंप खुद इस सप्ताह के अंत में रूसी राष्ट्रपति से बात करने वाले हैं। अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने रूस की भागीदारी के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि अगर मॉस्को युद्ध विराम को अस्वीकार करता है, तो यह स्पष्ट हो जाएगा कि शांति के रास्ते में कौन खड़ा है।
युद्धविराम की तैयारी: यूरोपीय देशों ने क्या कहा?
यूरोपीय देशों के नेताओं ने संभावित युद्ध विराम पर सकारात्मक प्रतिक्रिया दी है। लंदन में ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीएर स्टार्मर ने प्रस्ताव का स्वागत किया और इसे यूक्रेन में शांति के लिए एक महत्वपूर्ण क्षण बताया। स्टारमर ने कहा, 'यह एक महत्वपूर्ण लम्हा है और अब हमें जल्द से जल्द स्थायी शांति सुनिश्चित करने के लिए अपने प्रयासों को दोगुना करने की आवश्यकता है।' उन्होंने कहा कि रूस को लड़ाई को रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाने चाहिए।
फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने भी जेद्दा वार्ता के दौरान हुई प्रगति की प्रशंसा की, लेकिन किसी भी अंतिम समझौते में यूक्रेन के लिए मजबूत सुरक्षा गारंटी पर जोर दिया। पोलैंड के प्रधानमंत्री डोनाल्ड टस्क ने इस घटनाक्रम को शांति की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।
जेलेस्की ने ट्रंप को कहा 'थैंक्यू'
इस बीच टेलीविज़न पर दिए गए एक बयान में यूक्रेनी राष्ट्रपति जेलेंस्की ने ट्रंप को उनके प्रयासों के लिए धन्यवाद दिया और शांति की दिशा में यूक्रेन की प्रतिबद्धता की पुष्टि की। जेलेंस्की ने कहा, 'यूक्रेन इस प्रस्ताव को स्वीकार करने के लिए तैयार है - हम इसे एक सकारात्मक कदम के रूप में देखते हैं और इसे अपनाने के लिए तैयार हैं।'
जेलेंस्की ने कहा कि अब रूस को सहमत करने के लिए राजी करना अमेरिका पर निर्भर है। युद्धविराम को जेलेंस्की ने ऐसे समय में स्वीकार किया है जब युद्ध के मैदान और यूक्रेन के भीतर दोनों जगह उन पर भारी दबाव है। जंग से यूक्रेन पर काफी असर पड़ा है। इसके अलावा यूक्रेनी सेना को कई क्षेत्रों में असफलताओं का सामना करना पड़ रहा है। घरेलू स्तर पर लंबे समय से चल रहे संघर्ष को लेकर निराशा के कारण जेलेंस्की की रेटिंग भी गिरने की खबरें कुछ दिन पहले आई थी।