These VIPs including Ibrahim Raisi, Bipin Rawat, Sanjay Gandhi...died in air crash
Table of Contents
नई दिल्लीः ईरानी राष्ट्रपति इब्राहिम रईसी की रविवार को उनके विदेश मंत्री के साथ ईरान के सुदूर उत्तर-पश्चिम में एक हेलीकॉप्टर दुर्घटना में मौत हो गई। ईरान के राष्ट्रपति इब्राहिम रईसी का हेलीकॉप्टर रविवार को ईरान के उत्तर पश्चिम प्रांत ईस्ट अजरबैजान के पहाड़ी इलाके में लापता हो गया था। सोमवार सुबह उसका मलबा बरामद हुआ। हादसे में राष्ट्रपति और विदेश मंत्री हुसैन अमीर-अब्दुल्लाहियन समेत टीम के सदस्यों की मौत की पुष्टि हुई। रईसी के निधन के बाद प्रथम उपराष्ट्रपति मोहम्मद मोखबर को कार्यवाहक राष्ट्रपति बनाया गया है। इस बीच ईरान की सरकार ने राष्ट्रपति चुनाव का ऐलान कर दिया है। देश का 14वां राष्ट्रपति चुनाव 28 जून को होगा।
ईरानी राष्ट्रपति इब्राहिम रईसी से पहले 4 फरवरी 2024 को चिली के पूर्व राष्ट्रपति सेबेस्टियन पिनेरा की देश के दक्षिण में एक झील में हेलीकॉप्टर दुर्घटना के बाद डूबने से मृत्यु हो गई थी। इसी तरह भारत के सीडीएस जनरल बिपिन रावत की 2021 में हेलीकॉप्टर हादसे में मौत हो गई थी। गौरतलब है कि हवाई दुर्घटनाओं में मारे जाने वाले ईरानी राष्ट्रपति पहली शख्सियत नहीं हैं। इसी तरह के हादसों में पहले भी दुनिया के कई बड़े वीवीआईपी ने अपनी जान गंवाई हैः
हवाई दुर्घटना में इन भारतीय हस्तियों की हुई है मौत
दिसंबर 2021: सीडीएस जनरल बिपिन रावत
भारत के शीर्ष रक्षा अधिकारी, चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (सीडीएस) जनरल बिपिन रावत, उनकी पत्नी और बारह अन्य रक्षा अधिकारियों की 8 दिसंबर, 2021 को तमिलनाडु के कुन्नूर के पास एक हेलीकॉप्टर दुर्घटना में मृत्यु हो गई। सीडीएस रावत वेलिंगटन में डिफेंस स्टाफ कॉलेज की ओर जा रहे थे और हेलीकॉप्टर एमआई-17 वी5 ने कोयंबटूर के सुलूर आईएएफ स्टेशन से उड़ान भरी थी।
अप्रैल 2011: अरुणाचल के मुख्यमंत्री, दोरजी खांडू
अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री दोरजी खांडू की 30 अप्रैल 2011 को एक हेलीकॉप्टर दुर्घटना में मृत्यु हो गई। वह चीन सीमा के पास लुगुथांग में मृत पाए गए। उनके साथ विमान में सवार चार अन्य लोगों की भी मौत हो गई थी। जिनमें - दो पायलट, कैप्टन जेएस बब्बर और कैप्टन टीएस मामिक, उनके सुरक्षा अधिकारी येशी चोडक और तवांग विधायक की बहन येशी ल्हामू शामिल थीं।
सितंबर 2009: आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री, वाई एस रेड्डी
इससे पहले, आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री वाई एस राजशेखर रेड्डी 3 सितंबर, 2009 को एक हेलीकॉप्टर के लापता होने के बाद मृत पाए गए थे। वरिष्ठ कांग्रेस नेता, जिन्हें वाईएसआर के नाम से जाना जाता है, आंध्र प्रदेश के चितूर जिले के लिए बेल 430 उड़ा रहे थे। हेलीकॉप्टर के लापता होने के 27 घंटे बाद उनके शव का पता लगाया गया।
मार्च 2005: हरियाणा के कैबिनेट मंत्री, ओ पी जिंदल और सुरेंद्र सिंह
31 मार्च, 2005 को हरियाणा के तत्कालीन बिजली मंत्री, जाने-माने उद्योगपति ओपी जिंदल और राज्य के कृषि मंत्री सुरेंद्र सिंह की उस समय मौत हो गई जब उन्हें ले जा रहे हेलीकॉप्टर में तकनीकी खराबी आ गई और वह उत्तर प्रदेश के सहारनपुर के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
मार्च 2002: टीडीपी नेता, जीएमसी बालयोगी
लोकसभा अध्यक्ष और तेलुगु देशम नेता जीएमसी बालयोगी की 3 मार्च 2002 को आंध्र प्रदेश में एक हेलिकॉप्टर दुर्घटना में मृत्यु हो गई। बालयोगी बेल 206 हेलीकॉप्टर में थे। एक आधिकारिक जांच से पता चला कि दुर्घटना खराब दृश्यता के कारण हुई, जब पायलट ने गलती से यह सोचकर एक तालाब पर लैंडिंग कर दी कि यह जमीन की सतह है।
सितंबर 2001: कांग्रेस नेता, माधवराव सिंधिया
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय कैबिनेट मंत्री माधवराव सिंधिया की 30 सितंबर 2001 को एक सेसना विमान दुर्घटना में मृत्यु हो गई, जब वह एक सार्वजनिक रैली को संबोधित करने के लिए उत्तर प्रदेश के कानपुर जा रहे थे।
जून 1980: संजय गांधी, भारतीय राजनीतिज्ञ और कांग्रेस नेता
पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के बेटे संजय गांधी की 23 जून 1980 को मृत्यु हो गई थी। यह दुखद घटना तब घटी जब संजय दिल्ली के सफदरजंग हवाई अड्डे पर अपने विमान का संचालन कर रहे थे। उन्होंने अपने विमान से नियंत्रण खो दिया था। जिसके बाद ये हादस हुआ था।
मई 1973: मोहन कुमारमंगलम, भारतीय राजनीतिज्ञ और कांग्रेस नेता
कुमारमंगलम की 31 मई 1973 में नई दिल्ली के पास इंडियन एयरलाइंस फ्लाइट 440 की दुर्घटना में मृत्यु हो गई थी। मृतकों में से कई की पहचान नहीं हो पाई थी, लेकिन उनके शरीर की पहचान पार्कर पेन और उनके द्वारा पहनी गई हियरिंग एड से की गई थी।
हवाई दुर्घटना में मारे गए विदेशी राजनेता
फरवरी 2024: ईरानी राष्ट्रपति इब्राहिम रईसी से पहले 4 फरवरी 2024 को चिली के पूर्व राष्ट्रपति सेबेस्टियन पिनेरा की देश के दक्षिण में एक झील में हेलीकॉप्टर दुर्घटना के बाद डूबने से मृत्यु हो गई थी। हेलीकॉप्टर में चार लोग सवार थे। जिनमें से तीन दुर्घटना में बच गए। दुर्घटना के समय क्षेत्र में भारी बारिश हो रही थी। पिनेरा का शव चिली की नौसेना ने बरामद किया था।
अगस्त 1988: मुहम्मद जिया-उल-हक की 17 अगस्त 1988 में विमान दुर्घटना में मृत्यु हो गई थी। वे एक सैन्य अधिकारी थे। और 1978 से 1988 तक पाकिस्तान के छठे राष्ट्रपति थे। उन्होंने 1 मार्च 1976 से अपनी मृत्यु तक पाकिस्तान सेना के दूसरे सेनाध्यक्ष के रूप में भी कार्य किया। उनका विमान जिया सी-130बी हरक्यूलिस तब दुर्घनाग्रस्त हो गया जब वे बहावलपुर में यूएस एम1 अब्राम टैंक का प्रदर्शन देखकर लौट रहे थे।
जून 1987: लेबनान के प्रधानमंत्री राशिद करामी की 1 जून 1987 को एक सैन्य हेलीकॉप्टर में बम विस्फोट होने से मृत्यु हो गई थी। इस घटना में आंतरिक मंत्री अब्दुल्ला रस्सी और विमान पर सवार अन्य 12 सहयोगियों और चालक दल के सदस्यों में से तीन घायल हो गए।
अक्टूबर 1986: 19 अक्टूबर, 1986 को दक्षिण अफ्रीका की सीमा पर एक विमान दुर्घटना में मोजाम्बिक के राष्ट्रपति और समाजवादी नेता समोरा मचेल और उनके कई वरिष्ठ सलाहकार मारे गए।
जुलाई 1976: ब्राजील के 26वें राष्ट्रपति हम्बर्टो डी अलेंकर कास्टेलो ब्रैंको 18 जुलाई, 1967 को हवाई दुर्घटना में मारे गए थे। उनका पाइपर पीए-23 एज्टेक, ब्राजीलियाई वायु सेना लॉकहीड टी-33 से हवा में टकरा गया, जिससे उनकी मृत्यु हो गई।
अप्रैल 1966: 13 अप्रैल, 1966 को, इराक के दूसरे राष्ट्रपति अब्दुल सलाम आरिफका इराकी वायु सेना का विमान - डी हैविलैंड डीएच.104 डोव - बसरा के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया। जिसमे उनकी मृत्यु हो गई।
जून 1958: 16 जून, 1958 को ब्राजील के अंतरिम राष्ट्रपति नेरू रामोस का क्रूजेरो डो सुल एयरलाइनर पराना में कूर्टिबा अफोंसो पेना अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
मार्च 1957: फिलीपींस के सातवें राष्ट्रपति रेमन मैगसेसे की 17 मार्च, 1957 को हवाई दुर्घटना में मृत्यु हो गई थी। मैगसेसे का विमान सी-47, सेबू में माउंट मानुंगगल क्षेत्र में हादसे का शिकार हो गया था।
दिसंबर 1936: स्वीडन के प्रधानमंत्री सॉलोमन अरविद अचेट्स लिंडमैन की 9 दिसंबर, 1936 को मृत्यु हो गई थी। घने कोहरे में उड़ान भरने के तुरंत बाद लिंडमैन का विमान 'डगलस डीसी-2' यूनाइटेड किंगडम में क्रॉयडन हवाई अड्डे के पास घरों से टकरा गया था जिसमें उनकी मृत्यु हो गई।