फ्रांस में संगीत उत्सव के दौरान 'सिरिंज अटैक' से सनसनी, कई गिरफ्तार - जानिए पूरा मामला

गृह मंत्रालय ने बताया कि फेटे डे ला म्यूजिक के आयोजनों में देशभर में 145 लोगों को सुई से वार किए जाने की सूचना मिली है। इनमें 14 से 20 वर्ष की आयु की कई युवतियाँ शामिल हैं।

syringes attack, france,

इमेजः फ्रीपिक

पेरिसः 21 जून को ‘फेटे डे ला म्यूजिक’ (Fête de la Musique) के मौके पर जब पूरे फ्रांस की सड़कों पर लाखों लोग संगीत का उत्सव मनाने निकले, उसी दौरान देशभर से एक अजीब और खौफनाक सिलसिला सामने आया। सैकड़ों लोगों ने शिकायत की कि उन्हें भीड़ में सिरिंज से चुभोया गया।

सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, अब तक 145 लोगों ने पुलिस से शिकायत की है कि उन्हें जान-बूझकर सुई चुभोई गई। इनमें 14 से 20 वर्ष की आयु की कई युवतियाँ शामिल हैं। अकेले पेरिस में 13 मामलों की पुष्टि हुई है, जिसमें 15 वर्षीय एक लड़की और 18 साल का एक युवक भी शामिल हैं जिन्हें सिरिंज लगने के बाद अस्वस्थ महसूस हुआ।

फ्रांसीसी अधिकारियों के मुताबिक, हमलों से पहले सोशल मीडिया पर कुछ ऐसे संदेश वायरल हुए थे, जिनमें विशेष रूप से महिलाओं को सिरिंज से निशाना बनाने की धमकियाँ दी गई थीं। इससे यह आशंका जताई जा रही है कि कई हमले पूर्वनियोजित हो सकते हैं। 

कहां-कहां हुए हमले और कितनी गिरफ्तारी हुई?

इन हमलों को लेकर देशभर में जांच चल रही है और अब तक 12 लोगों को हिरासत में लिया जा चुका है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम फ्रांस के अंगूलेम (Angoulême) शहर में ही चार संदिग्धों ने करीब 50 लोगों को निशाना बनाया। वहीं मेट्ज (Metz) शहर में Rue du Palais, Place de la République और Place Saint-Jacques जैसे स्थानों पर हमले की पुष्टि हुई है। एक संदिग्ध की पहचान वीडियो फुटेज के जरिए की गई, जिसे बाद में नेशनल पुलिस और न्याय विभाग को सौंप दिया गया।

हालांकि जब संदिग्ध को गिरफ्तार किया गया, तब उसके पास से कोई सिरिंज बरामद नहीं हुई। उसके मोबाइल फोन की जांच से उम्मीद की जा रही है कि अन्य हमलावरों की पहचान हो सकेगी। वहीं, फेस्टिव के दौरान अलग-अलग अपराधों के लिए देश भर में 370 से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया गया, जिसमें पेरिस में लगभग 90 लोग शामिल हैं।

कितने लोग घायल हुए और क्या किसी की हालत गंभीर है?

इन सिरिंज हमलों में अब तक किसी की गंभीर चोट की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन इससे उत्पन्न मानसिक डर और स्वास्थ्य संबंधी चिंताएं बड़ी हैं। कुल 12 से अधिक महिलाओं को अस्पताल में भर्ती कराया गया, और 146 महिलाओं को चोटें आईं।

इन घटनाओं के अलावा संगीत उत्सव की रात अलग-अलग कारणों से 14 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए और 13 पुलिसकर्मी भी भीड़ नियंत्रित करते हुए चोटिल हो गए। फिर भी पेरिस पुलिस प्रमुख लॉरेंट न्यूनेज ने कहा कि “कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ है।”

फ्रांस की आंतरिक सुरक्षा एजेंसियां इस घटना को काफी गंभीरता से ले रही हैं और एक राष्ट्रीय स्तर की जांच चल रही है। विशेषज्ञ यह जानने की कोशिश कर रहे हैं कि क्या सिरिंज में नशीले या नुकसानदायक रसायन थे। अब तक किसी पीड़ित की टॉक्सिकोलॉजी रिपोर्ट सार्वजनिक नहीं की गई है।

यह भी पढ़ें
Here are a few more articles:
Read the Next Article