मॉस्को: रूस और यूक्रेन के बीच पिछले तीन सालों से ज्यादा समय से जारी जंग के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के बीच फोन पर करीब दो घंटे बात हुई। यह बातचीत शांति समझौते से जुड़ी थी। ट्रंप से चर्चा के बाद पुतिन ने कहा कि वे यूक्रेन के साथ जंग को खत्म करने को लेकर बातचीत के लिए तैयार हैं।

पुतिन ने साथ ही ट्रंप के प्रति आभार व्यक्त करते हुए मास्को और कीव के बीच सीधी वार्ता फिर से शुरू करने के लिए अमेरिकी राष्ट्रपति को भी श्रेय दिया। असल में पिछले ही हफ्ते तुर्की में यूक्रेन और रूस के प्रतिनिधि मिले थे।
ऐसी मुलाकात मार्च 2022 के बाद पहली बार हुई थी। हालांकि, सोमवार को ट्रंप के साथ फोन कॉल के बाद पुतिन ने कहा कि रूस-यूक्रेन युद्ध रोकने के प्रयास ठीक-ठाक रास्ते पर हैं।

हमें शांति की ओर प्रभावी तरीके से बढ़ने की जरूरत: पुतिन

समाचार एजेंसी रॉयटर्स की रिपोर्ट के अनुसार पुतिन ने रूसी शहर सोची (Sochi) में ब्लैक सी रिसॉर्ट के पस मीडिया को दिए एक बयान में कहा, 'हम संयुक्त राज्य अमेरिका के राष्ट्रपति के साथ सहमत हुए हैं कि रूस प्रस्ताव देगा और वह संभावित भविष्य के शांति समझौते पर एक ज्ञापन पर यूक्रेनी पक्ष के साथ काम करने के लिए तैयार है।'

पुतिन ने कहा कि ज्ञापन के हिस्से के रूप में रूस और यूक्रेन दोनों को संभावित युद्ध विराम और इसके लिए समय-सीमा निर्धारित करनी होगी। पुतिन ने आगे कहा, 'मैं यह बताना चाहूंगा कि कुल मिलाकर रूस की स्थिति स्पष्ट है। हमारे लिए मुख्य बात इस संकट के मूल कारणों को खत्म करना है। हमें बस शांति की ओर बढ़ने के सबसे प्रभावी तरीके निर्धारित करने की जरूरत है।'

दरअसल, यूक्रेन, उसके यूरोपीय सहयोगी और ट्रंप के नेतृत्व वाले अमेरिका ने पुतिन से 30 दिनों के लिए बिना शर्त और तत्काल युद्ध विराम समझौते पर सहमत होने का आग्रह किया है।

डोनाल्ड ट्रंप ने पुतिन से बातचीत पर क्या कहा?

दूसरी ओर पुतिन के साथ दो घंटे लंबी बातचीत के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा कि रूस और यूक्रेन तुरंत युद्ध विराम के लिए बातचीत शुरू करेंगे। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ पर ट्रंप ने कहा कि रूसी समकक्ष के साथ बातचीत "बहुत अच्छी रही" और तत्काल युद्ध विराम और तीन साल से चल रहे युद्ध को समाप्त करने के लिए बातचीत अब शुरू होगी। अमेरिकी राष्ट्रपति ने आगे बताया कि उन्होंने यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की के साथ भी बातचीत की है।

गौरतलब है कि पुतिन यूक्रेन के साथ मौजूदा युद्ध को रूस के पश्चिमी देशों के साथ संबंधों में एक महत्वपूर्ण क्षण मानते हैं। पुतिन का मानना ​​है कि 1991 में सोवियत संघ के विघटन के समय पश्चिम ने मास्को को अपमानित किया था और नाटो का विस्तार करके अमेरिका के नेतृत्व वाला गठबंधन यूक्रेन सहित उन क्षेत्र पर 'अतिक्रमण' कर रहा है जो रूस की सुरक्षा के लिए अहम हैं।

समाचार एजेंसी रॉयटर्स की रिपोर्ट के अनुसार पुतिन और ट्रंप ने यूक्रेन के साथ युद्ध विराम प्रस्ताव के लिए किसी विशेष समयसीमा पर चर्चा नहीं की है। लेकिन दोनों नेताओं ने कैदियों की संभावित अदला-बदली पर चर्चा की है, जिसमें नौ रूसी नागरिकों के बदले नौ अमेरिकी नागरिकों को छोड़ने का प्रस्ताव था।