मॉस्कोः रूस की एक बैलिस्टिक मिसाइल ने यूक्रेन के शहर क्रिवी रिह पर हमला किया जिसमें 18 लोगों की मौत हो गई। यूक्रेन के अधिकारियों के मुताबिक, रूस द्वारा किए गए इस हमले में नौ बच्चों की मौत हुई है।
यूक्रेन का यह शहर राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की का अपना शहर है। जेलेंस्की ने आरोप लगाया कि इस शहर को जानबूझकर टारेगट किया गया। इसके साथ ही जेलेंस्की ने आरोप लगाया कि युद्धविराम समझौते की अवहेलना कर रहा है।
जेलेंस्की ने क्या कहा?
जेलेंस्की ने इस संबंध में एक्स पर एक पोस्ट भी लिखा जिसमें बताया कि "ये हमले आकस्मिक नहीं हो सकते- रूसी जानते हैं कि वे किस पर हमला कर रहे हैं। वे जानते हैं कि ये ऊर्जा सुविधाएं हैं जिन्हें हमले से बचाया जाना चाहिए जैसा कि रूस ने अमेरिकी पक्ष से वादा किया था। रूस द्वारा किया गया प्रत्येक वादा मिसाइल, ड्रोन, बमबारी या तोपखाना पर खत्म होता है।"
Rescue operations are currently underway in Kryvyi Rih following a Russian missile strike. As of now, 16 people are confirmed dead, including six children. In Kharkiv, rescue efforts continued all day after a targeted Russian drone strike. A deliberate attack by six “Shahed”… pic.twitter.com/7TbgHQYfEI
— Volodymyr Zelenskyy / Володимир Зеленський (@ZelenskyyUa) April 4, 2025
रूसी रक्षा मंत्रालय ने भी इस हमले की पुष्टि की है। रूस ने इसके बारे में बताया कि यह हमला उस जगह किया गया जहां सैन्य टुकड़ियों के कमांडर और पश्चिमी प्रशिक्षक बैठक कर रहे थे।
जेलेंस्की ने कहा कि रूस द्वारा किया गया यह हमला इस बात का सबूत देता है कि रूस का युद्ध-रोकने का कोई इरादा नहीं है। गौरतलब है कि दोनों देशों के बीच यह युद्ध 24 फरवरी 2022 से शुरू है और इसके तीन साल पूरे हो चुके हैं।
टाइम्स ऑफ इंडिया की खबर के मुताबिक, इस हमले के संबंध में गृह मंत्री आइहोर क्लाइमेंको ने बताया कि इसमें पांच इमारतें क्षतिग्रस्त हुई हैं।
वहीं, रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने बीते दिनों अमेरिका और यूक्रेन के उस प्रस्ताव को खारिज किया है जिसमें बिना शर्त और पूर्ण युद्धविराम की बात की थी।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप जनवरी 2025 में पदभार ग्रहण करने से पहले युद्ध विराम की बात करते रहे हैं। हालांकि राष्ट्रपति कार्यालय में वापसी के तीन महीने बाद भी युद्धविराम समझौते पर बात नहीं बन पाई है।