जापान एयरलाइंस Photograph: (आईएएनएस)
टोक्योः जापान एयरलाइंस की फ्लाइट JL8696 को भयावह स्थिति का सामना करना पड़ा। यह फ्लाइट चीन के शंघाई से जापान की राजधानी टोक्यो जा रही थी। इसी दौरान बोइंग 737 अचानक से नीचे गिरने लगा जिससे यात्रियों को ऑक्सीजन मास्क लगाने पड़े। यह फ्लाइट 26,000 फीट तक नीचे आ गई थी।
इस विमान में बैठे यात्री इतना डर गए थे कि उन्हें लगा विमान क्रैश होने जा रहा है। कुछ लोग जो सो रहे थे, वे अचानक से जाग गए। वहीं, कुछ लोगों ने अपनी वसीयत लिखनी शुरू कर दी। इन लोगों ने अपने प्रियजनों को अपने बैंक पिन और इंश्योरेंस की जानकारी भेजने लगे।
विमान में सवार थे 191 लोग
इस विमान में 191 लोग सवार थे। यह फ्लाइट 30 जून को शंघाई के पुडोंग एयरपोर्ट से टोक्यो के नारिटा एयरपोर्ट पर जा रही थी।
एसोसिएटेड प्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, स्थानीय समयानुसार करीब 6 बजकर 53 मिनट पर विमान में हवा में यांत्रिक समस्या आ गई। जिससे विमान करीब 26,000 फीट नीचे आ गया। विमान 36 हजार फीट की ऊंचाई से 10 मिनट के अंदर 10,500 फीट पर आ गया।
रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि विमान के उतरते समय प्रेशराइजेशन सिस्टम अलर्ट सक्रिय हो गया था। इसके कारण पायलट को आपातकाल घोषित करना पड़ा। विमान को ओसाका के कंसाई अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे की तरफ मोड़ना पड़ा।
ओसाका में सुरक्षित उतरा विमान
केबिन प्रेशर का दबाव कम हुआ तो लोगों के ऑक्सीजन मास्क हट गए। फुटेज में देखा जा सकता है कि यात्री मास्क लगाकर काफी घबराए हुए दिख रहे हैं। अफरातफरी के बीच विमान सुरक्षित रूप से ओसाका में उतरा। किसी के घायल होने की खबर नहीं आई है।
इस घटना के बाद से बोइंग विमानों को लेकर एक बार फिर से चिंता बढ़ गई है। पिछले महीने अहमदाबाद से लंदन जा रही फ्लाइट टेक ऑफ के कुछ समय बाद क्रैश हो गई थी, जिसमें सवार 242 लोगों में से 241 लोगों की मौत हो गई थी। एयर इंडिया की यह फ्लाइट मेडिकल हॉस्टल के ऊपर जा गिरी, जिसमें कुछ लोगों की मौत हो गई। ऐसे में इस विमान हादसे में 270 से अधिक लोग मारे गए थे।