नई दिल्लीः ग्रीनलैंड में 11 मार्च 2025 को हुए संसदीय चुनाव में सेंटर-राइट, प्रो-बिजनेस डेमोक्रेट्स (Demokraatit) ने जीत दर्ज की है। यह चुनाव ऐसे समय में हुआ जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप बार-बार ग्रीनलैंड को खरीदने की इच्छा जता रहे थे। डेमोक्रेट्स पार्टी स्वयं को 'सोशल लिबरल' मानती है और स्वतंत्रता की समर्थक है, लेकिन यह मानती है कि आजादी आर्थिक रूप से मजबूत होने के बाद ही हासिल की जानी चाहिए।
समाचार एजेंसी रॉयटर के अनुसार, डेमोक्राटिट को 29.9% वोट मिले हैं। यह पार्टी 2021 के चुनाव में 9.1% वोट ही हासिल कर पाई थी, जिससे इस बार उसे 20% से अधिक की बढ़त मिली। डेनमार्क की आजादी की घोर समर्थक विपक्षी नालेराक पार्टी 24.5% वोट के साथ दूसरे स्थान पर रही। वहीं, प्रधानमंत्री म्यूट बोरुप इगा की पार्टी इनुइट अतागातिगीत (IA) और उसकी सहयोगी सियूमुत को करारी हार का सामना करना पड़ा।
बता दें कि चुनाव के नतीजों ने डोनाल्ड ट्रंप को बड़ा झटका दिया है। क्योंकि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ग्रीनलैंड को अमेरिकी नियंत्रण में लेने की बात दोहराई थी। जनवरी में अमेरिकी कांग्रेस में दिए बयान में ट्रंप ने कहा था कि वह "ग्रीनलैंड को किसी भी तरह हासिल कर लेंगे।" हालांकि, चुनाव परिणामों ने ग्रीनलैंड की जनता की स्पष्ट राय जाहिर कर दी कि ग्रीनलैंड अमेरिका में शामिल नहीं होना चाहता।
ट्रंप की समर्थक Qulleq पार्टी को सिर्फ 1.1% वोट मिले, जिससे यह साफ हो गया कि ग्रीनलैंडवासियों ने अमेरिकी हस्तक्षेप को नकार दिया है। प्रधानमंत्री म्यूट इगा ने कहा, "ग्रीनलैंड बिकाऊ नहीं है, और हम न तो अमेरिकी बनना चाहते हैं, न ही डेनिश।"
वेबसाइट Qinersineq के अनुसार, 40,369 डाले गए मतों में से 28,620 मतों की गिनती के बाद डेमोक्रेट्स को 8,563 (29.9%) वोट, नालेराक को 7,009 (24.5%) वोट, इनुइट अतागतिगीत (IA) को 6,119 (21.4%) वोट, सियूमुत को 4,210 (14.7%) वोट, अटासुत को 2,092 (7.3%) वोट और क्वेलेक को 305 (1.1%) वोट मिले। कुल 213 उम्मीदवार 31 सदस्यीय संसद (Inatsisartut) में जगह पाने के लिए मैदान में थे।
शानदार प्रदर्शन के बाद जेन्स-फ्रेडरिक नीलसन ने क्या कहा?
ग्रीनलैंड की छह प्रमुख पार्टियों में से पांच स्वतंत्रता का समर्थन करती हैं। लेकिन डेमोक्रेट्स पार्टी आर्थिक स्थिरता को प्राथमिकता देते हुए स्वतंत्रता की धीमी प्रक्रिया की पक्षधर है। चुनाव जीतने के बाद डेमोक्राटिट पार्टी के नेता और पूर्व उद्योग एवं खनिज मंत्री जेन्स-फ्रेडरिक नीलसन ने कहा, "हम एक मजबूत आर्थिक नींव बनाने के बाद ही स्वतंत्रता की दिशा में आगे बढ़ेंगे।"
सत्तारूढ़ गठबंधन को भारी नुकसान हुआ। IA और Siumut पार्टियों ने संयुक्त रूप से 36% वोट हासिल किए, जबकि 2021 में इन्हें 66.1% वोट मिले थे। इससे स्पष्ट है कि जनता ने ग्रीनलैंड की जल्द से जल्द आजादी वाले विचारों को खारिज कर दिया है।
अमेरिका, रूस और चीन की नजर ग्रीनलैंड पर
ग्रीनलैंड 80% बर्फ से ढका हुआ है और इसकी अर्थव्यवस्था मुख्य रूप से मत्स्य पालन पर निर्भर है। डेनमार्क से हर साल $565 मिलियन (लगभग 4700 करोड़ रुपये) की आर्थिक सहायता मिलती है। हालांकि, ग्रीनलैंड के कई नागरिक डेनमार्क पर औपनिवेशिक दौर के अत्याचारों, संस्कृति के दमन और जबरन नसबंदी जैसे गंभीर आरोप लगाते हैं।
डोनाल्ड ट्रंप का मानना है कि ग्रीनलैंड का अमेरिका के लिए रणनीतिक महत्व है। अपने पहले कार्यकाल में, उन्होंने ग्रीनलैंड को खरीदने का विचार रखा था, जिसे डेनमार्क और ग्रीनलैंड दोनों ने सख्ती से खारिज कर दिया।
हाल ही में, अमेरिकी कांग्रेस में ट्रंप ने फिर से ग्रीनलैंड को 'हासिल' करने की बात कही। लेकिन जनवरी 2025 में हुए एक सर्वेक्षण में 85% ग्रीनलैंडवासियों ने इस विचार का विरोध किया।
खनिज संपदा से भरपूर यह द्वीप आर्कटिक में रणनीतिक रूप से भी अहम है। अमेरिका के पास 1951 से थुले एयर बेस है, और हाल के वर्षों में रूस व चीन ने भी आर्कटिक में अपनी गतिविधियां तेज कर दी हैं।
डेमोक्राटिट पार्टी की जीत ने तत्काल स्वतंत्रता और ट्रंप की महत्वाकांक्षाओं- दोनों को नकार दिया है। लेकिन कोई भी पार्टी 16 सीटों का बहुमत नहीं हासिल कर पाई, जिससे गठबंधन को लेकर बातचीत का दौर शुरू हो गया है।