बीजिंगः चीन ने भारत द्वारा सिंगापुर ध्वज वाले मालवाहक जहाज एमवी वान हाई 503 के चालक दल को सफलतापूर्वक बचाने के लिए भारत के प्रति आभार व्यक्त किया। जहाज में  9 जून को केरल के तट पर आग लग गई थी। भारत में चीनी दूतावास की प्रवक्ता यू जिंग ने बताया कि जहाज पर सवार 22 लोगों में से 14 चीनी नागरिक थे। उन्होंने भारतीय नौसेना और मुंबई तटरक्षक बल को इसके लिए धन्यवाद ज्ञापित किया। 

चीनी दूतावास की प्रवक्ता यू जिंग ने एक्स पर पोस्ट में लिखा "9 जून को एम वी वान हाई 503 में केरल के अझिक्क्ल 44 नॉटिकल मील दूरी पर विस्फोट हुआ और आग लग गई। जहाज पर चालक दल के 22 सदस्य थे। इनमें से 14 चीन के थे और छह ताइवान के थे। हम भारतीय नौसेना और मुंबई तटरक्षक बल के प्रति उनके त्वरित और पेशेवर बचाव के लिए आभार व्यक्त करते हैं। "

18 लोगों को बचाया

जहाज में सवार 22 लोगों में चार लोग लापता हैं जबकि 18 लोगों को बचा लिया गया है। चीन ने कहा है कि वह चाहता है कि आगे का खोज अभियान सफल हो तथा घायल चालक दल के सदस्य शीघ्र स्वस्थ हों। 

यह विस्फोट उस समय हुआ जब जहाज कोलंबो से मुंबई के पास न्हावा शेवा जा रहा था। कोझिकोड से लगभग 70 समुद्री मील की दूरी पर नौकायन करते समय इसके एक कंटेनर में विस्फोट हुआ जिससे जहाज पर भीषण आग लग गई। जहाज अभी भी पानी में डूबा हुआ है। 

भारतीय राष्ट्रीय महासागर सूचना सेवा केंद्र (आईएनसीओआईएस) ने कंटेनरों, मलबे या लोगों के संभावित बहाव पैटर्न को ट्रैक करने के लिए अपने खोज और बचाव सहायता उपकरण (एसएआरएटी) को सक्रिय कर दिया है, जो संभवतः पानी में गिर गए हैं।  आईएनसीओआईएस ने संभावित तेल रिसाव की भी चेतावनी दी है।

हालांकि रिसाव की सटीक मात्रा अभी भी अज्ञात है लेकिन पूर्वानुमान सिमुलेशन से पता चलता है कि तेल 10 जून से 13 जून तक समुद्र तट के समानांतर बहेगा, जिस पर निरंतर निगरानी जारी रहेगी।