ऑस्ट्रिया: ऑस्ट्रिया के ग्राज शहर स्थित एक स्कूल में हुई गोलीबारी की घटना में दस लोगों की मौत हो गई है और करीब 20 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। घायलों में से कइयों की हालत गंभीर बनी हुई है। शहर की मेयर एल्क कहर ने इस घटना में मरने वालों की संख्या की पुष्टि की है। उन्होंने इस घटना को एक भयानक त्रासदी बताया।
ऑस्ट्रियाई पुलिस ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि गोलीबारी में कई लोगों की जान गई है। इससे पहले, पुलिस ने कहा था कि मंगलवार सुबह लगभग 10 बजे गोलियों की आवाज सुनने के बाद बोर्ग ड्रेयर्सचुटजेनगैस हाई स्कूल में एक बड़ा अभियान चलाया जा रहा है।
स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, गोलीबारी करने वाला व्यक्ति कथित तौर पर इसी स्कूल का एक छात्र था और उसे स्कूल में काफी तंग (बुली किया) किया जा रहा था। बताया जा रहा है कि उसने स्कूल के शौचालय में खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। उसने दो कक्षाओं में अंधाधुंध गोलीबारी की।
घटनास्थल पर विशेषज्ञ यूनिट तैनात
घटनास्थल पर विशेषज्ञ कोबरा सामरिक इकाई को तैनात किया गया है। यह यूनिट विशेष रूप से आतंकवादी हमलों और बंधक स्थितियों से निपटने के लिए प्रशिक्षित होती है। पूरे स्कूल को खाली करवाकर सभी छात्रों और स्टाफ को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया। पुलिस के मुताबिक, कई छात्र और शिक्षक गंभीर रूप से घायल हुए हैं और उन्हें नज़दीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
आंतरिक मंत्रालय ने पहले कई मौतों की बात कही थी, लेकिन संख्या नहीं बताई थी। ऑस्ट्रियाई पुलिस ने अपने एक एक्स पोस्ट में लिखा कि सुबह 10 बजे एक कॉल के बाद BORG Dreierschützengasse हाई स्कूल में विशेष बल भेजे गए थे। बाद में स्कूल को खाली करा लिया गया और सभी को एक सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया। गंभीर रूप से घायल कई लोगों को अस्पताल ले जाया गया। ग्राज शहर की आबादी लगभग तीन लाख है और यह ऑस्ट्रिया का दूसरा सबसे बड़ा शहर है।
यूरोपीय यूनियन की विदेश नीति प्रमुख काजा कालास ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा, "हर बच्चे को स्कूल में सुरक्षित महसूस करना चाहिए और भय तथा हिंसा से मुक्त होकर सीखने में सक्षम होना चाहिए।" इस दुखद घड़ी में उन्होंने पीड़ितों, उनके परिवारों और ऑस्ट्रियाई लोगों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।