वॉशिंगटन: अमेरिका के राष्ट्रपति पद के लिए शपथ ग्रहण के बाद डोनाल्ड ट्रंप ने कई अहम आदेश पहले ही दिन जारी किए हैं। इसमें अमेरिका को विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) से अलग करने का आदेश भी शामिल है। ट्रंप ने यह आदेश जारी करते हुए कहा कि ये बड़ा फैसला है।

ट्रंप ने आदेश पर दस्तखत करते हुए कहा कि डब्ल्यूएचओ को अमेरिका 500 मिलियन डॉलर (करीब 43 अरब रुपये) देता है जबकि उससे अधिक अधिक जनसंख्या वाला चीन केवल 39 मिलियन डॉलर (3 अरब रुपये) देता है। ट्रंप ने कहा कि डब्ल्यूएचओ से अलग होना एक बड़ा फैसला है। उन्होंने कहा कि किसी भी तरह से उन्हें यह ठीक नहीं लगता कि अमेरिका कम जनसंख्या के बावजूद इतने पैसे डब्ल्यूएचओ को चुकाए।

ट्रंप ने हालांकि इसके भी संकेत दिए कि भविष्य में कुछ शर्तों के साथ अमेरिका की डब्ल्यूएचओ में वापसी भी हो सकती है। उन्होंने कहा, उनकी 'विश्व स्वास्थ्य संगठन) बहुत ज़्यादा इच्छा है कि हम वापस आ जाएं, इसलिए देखते हैं कि आगे क्या होता है।'

डोनाल्ड ट्रंप ने पहले दिन और क्या बड़े फैसले लिए?

ट्रंप ने पद संभालने के बाद जिन अहम निर्णयों की घोषणा की उनमें कुछ प्रमुख फैसले इस प्रकार हैं।

1. ट्रंप ने पिछले चुनाव के बाद अमेरिकी संसद भवन कैपिटल हिल में 6 जनवरी 2021 को हुए दंगों में शामिल रहने के आरोपी करीब 1500 लोगों को माफी देने का आदेश जारी किया।

2. ट्रंप ने अमेरिका की दक्षिणी सीमा पर राष्ट्रीय आपातकाल घोषित करने के निर्देश पर हस्ताक्षर किए। उन्होंने इस पर हस्ताक्षर करते हुए अवैध रूप से देश में रहने वाले अप्रवासियों के अमेरिका में जन्मे बच्चों के लिए ऑटोमेटिक सिटिजनशिप व्यवस्था पर भी निशाना साधा।

3. ट्रम्प ने एक अन्य आदेश पर भी हस्ताक्षर किया जो अमेरिकी शरणार्थी पुनर्वास कार्यक्रम को चार महीने के लिए निलंबित करने के लिए निर्धारित है। हालांकि, इस आदेश के पूरे विवरण अभी सामने नहीं आ सके हैं।

4. ट्रंप ने एक निर्देश पर हस्ताक्षर किए जिसके तहत ड्रग कार्टेल और अंतर्राष्ट्रीय गिरोहों को विदेशी आतंकवादी संगठनों के रूप में नामित करना शामिल है। साल्वाडोर के प्रवासियों के गिरोह MS-13 और वेनेजुएला के गिरोह ट्रैन डी अरागुआ को उस सूची में जोड़ा जाएगा जिसमें अल-कायदा, इस्लामिक स्टेट और हमास जैसे संगठन शामिल हैं।

5. ट्रंप ने चीनी स्वामित्व वाले सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म टिकटॉक पर प्रतिबंध लगाने वाले कानून के कार्यान्वयन को 75 दिनों के लिए स्थगित करने के निर्देश पर भी हस्ताक्षर किया है।

6. ट्रम्प ने सरकारी दक्षता विभाग (DOGE) बनाने के एक निर्देश पर भी हस्ताक्षर किया है। इसका नेतृत्व एलन मस्क करेंगे। ट्रंप ने कहा कि टेस्ला और स्पेसएक्स के प्रमुख मस्क को इस नए विभाग के लिए लगभग 20 कर्मचारियों के साथ एक कार्यालय मिलेगा।

7. ट्रंप ने फिलहाल अपने प्रशासन के पूर्ण नियंत्रण से पहले किसी भी नई संघीय भर्ती को रोकने के निर्देश पर भी हस्ताक्षर किया है। अमेरिकी सेना और कुछ अन्य श्रेणियों को इसमें शामिल नहीं किया गया है। ट्रम्प ने एक अन्य दस्तावेज पर हस्ताक्षर किया है जिसमें कहा गया कि संघीय कर्मचारियों को ऑफिस पहुंचकर काम करना होगा और उन्हें घर से काम करने की अनुमति नहीं मिलेगी।

8. ट्रंप ने एक अध्यादेश जारी कर घोषणा की कि अमेरिका में अब केवल दो लिंग- पुरुष और महिला को मान्यता दी जाएगी। यह आदेश अमेरिका में कई ट्रांसजेंडर नीतियों को प्रभावित करेगा। इसका असर पासपोर्ट और वीजा जैसे आधिकारिक दस्तावेजों पर भी पड़ेगा।

9. ट्रंप के कार्यकारी आदेशों में से एक आदेश आंतरिक सचिव को मेक्सिको की खाड़ी का नाम बदलकर 'अमेरिका की खाड़ी' करने का निर्देश भी देना शामिल है। इसी आदेश में अलास्का के माउंट डेनाली का नाम बदलकर माउंट मैकिनले करने का भी निर्देश शामिल है। ट्रंप के अनुसार ऐसा अमेरिका के 25वें राष्ट्रपति विलियम मैकिनले के सम्मान में किया गया है। इससे पहले राष्ट्रपति बराक ओबामा ने इसका नाम मैकिनले से बदलकर डेनाली कर दिया ताकि यह प्रतिबिंबित हो सके कि इसे मूल जनजातियों द्वारा क्या कहा जाता था। यह उत्तरी अमेरिका की सबसे ऊँची पर्वत चोटी है।

10. ट्रंप ने कुर्सी संभालते ही जो अहम फैसले लिए उसमें अमरिका को पेरिस जलवायु समझौते से अलग पर हस्ताक्षर भी शामिल है। ट्रंप ने इससे पूर्व अपने पहले कार्यकाल में भी अमेरिका को पेरिस समझौते से अलग किया था। हालांकि, 2021 में जो बाइडन के प्रशासन में अमेरिका इसमें फिर से शामिल हो गया था।

यह भी पढ़ें- विवेक रामास्वामी क्यों हुए डोनाल्ड ट्रंप के DOGE से बाहर? एलन मस्क संभालेंगे जिम्मेदारी