नई दिल्ली: सुप्रीम कोर्ट ने गुरुवार को तेलंगाना की दो महिला पत्रकारों को राहत देते हुए उनकी दोबारा गिरफ्तारी पर रोक लगा दी। इन दोनों को पहली बार 12 मार्च को गिरफ्तार किया गया था और फिर पाँच दिन बाद ये जमानत पर रिहा हुई थीं। इन पर तेलंगामा के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी के खिलाफ सोशल मीडिया पर कथित तौर पर अपमानजनक सामग्री पोस्ट करने और उसे बढ़ावा देने का आरोप है।
बहरहाल, जस्टिस संदीप मेहता और जस्टिस विक्रम नाथ की पीठ ने तेलंगाना उच्च न्यायालय के आदेश पर रोक लगा दी और राज्य सरकार को नोटिस जारी कर पत्रकारों की याचिका पर जवाब माँगा है।
पल्स न्यूज की चीफ पोगदंडा रेवती और इसी चैनल की रिपोर्टर थानवी यादव ने मंगलवार को हाई कोर्ट द्वारा निचली अदालत के आदेश को बरकरार रखने के फैसले के बाद सर्वोच्च न्यायालय का रुख किया था। राज्य सरकार की ओर से निचली अदालत द्वारा जमानत दिए जाने को चुनौती दिए जाने के बाद सेशन कोर्ट ने दोबारा गिरफ्तारी का आदेश जारी किया गया था। इसके बाद दोनों पत्रकार हाई कोर्ट पहुंचे थे। हाई कोर्ट ने भी सत्र न्यायालय के उस आदेश को बरकरार रखा था।
इसके बाद पत्रकारों के वकील ने सुप्रीम कोर्ट में तत्काल सुनवाई की माँग की और चीफ जस्टिस बी.आर. गवई की अध्यक्षता वाली एक अलग पीठ को बताया कि दोनों महिलाओं को फिर से हिरासत में लिए जाने का डर है। उनकी पहली बार गिरफ्तारी हैदराबाद पुलिस के साइबर अपराध डिविजन द्वारा की गई थी।
क्या है पूरा मामला?
सत्तारूढ़ कांग्रेस की सोशल मीडिया यूनिट के प्रमुख की शिकायत के बाद दोनों महिला पत्रकारों को इसी साल हिरासत में लिया गया था। उन पर अश्लील सामग्री प्रकाशित करने से लेकर संगठित अपराध और आपराधिक षडयंत्र रचने, नफरत भड़काने के लिए अफवाहें फैलाने और शांति भंग करने जैसे गंभीर आरोप लगाए गए।
यह भी तर्क दिया गया कि उनकी पोस्ट को ‘बेहद भड़काऊ’ माना जाना चाहिए, जिससे हिंसा भड़कने की संभावना हो और यह ‘पल्स टीवी द्वारा जानबूझकर बदनाम करने और दुष्प्रचार करने का प्रयास’ है।
हालांकि, पाँच दिन बाद स्थानीय अदालत ने उन्हें जमानत पर रिहा करने का आदेश दिया। यह विवाद उस वीडियो के वायरल होने के बाद शुरू हुआ था जिसमें यादव कांग्रेस और मुख्यमंत्री के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी करने वाले एक शख्स का इंटरव्यू लेते हुए दिखाई दे रही थीं। इसके बाद रेवती ने कथित तौर पर वीडियो को अपने सोशल मीडिया पेज पर पोस्ट किया, जो बाद में काफी वायरल भी हुआ था।