अंतरराष्ट्री क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने रविवार को टूर्नामेंट शेड्यूल जारी कर दिया। इसके मुताबिक, भारत का पहला मुकाबला न्यूजीलैंड से होगा। भारतीय महिला टीम 4 अक्टूबर को सिलहट में न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 विश्व कप 2024 अभियान की शुरुआत करेगी। वहीं दो दिन बाद 6 अक्टूबर को सिलहट में ही भारत और पाकिस्तान के बीच बहुप्रतीक्षित मैच खेला जाएगा। भारत की कप्तान हरमनप्रीत कौर ने कहा, "मैं इस साल के अंत में बांग्लादेश में आईसीसी महिला टी20 विश्व कप में प्रतिस्पर्धा करने की संभावना से रोमांचित हूं। पिछले कुछ वर्षों में महिला क्रिकेट और विशेष रूप से महिला विश्व कप का विकास अविश्वसनीय रहा है।"

बता दें कि भारतीय महिला टीम एक बार भी ट्रॉफी जीत नहीं सकी है। ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या इस सीजन में भारतीय टीम ट्रॉफी पर कब्जा जमाने में कामयाब होती है। यह टूर्नामेंट 3 अक्टूबर से 20 अक्टूबर 2024 तक बांग्लादेश में आयोजित किया जाएगा। यह 2014 के बाद दूसरी बार टूर्नामेंट की मेजबानी कर रहा है। टूर्नामेंट में हिस्सा लेने वालीं टीमों को दो ग्रुप में बांटे गए हैं। ग्रुप 'ए' और ग्रुप 'बी'।

भारत ग्रुप ए में न्यूजीलैंड, पाकिस्तान, क्वालीफायर 1 और ऑस्ट्रेलिया के साथ है, जिनसे उसका सामना 13 अक्टूबर को सिलहट में होगा। ऑस्ट्रेलियाई महिला टीम ने पिछले साल केप टाउन में मेजबान दक्षिण अफ्रीका को हराकर रिकॉर्ड छठा महिला टी20 विश्व कप खिताब जीता था। इस साल अक्टूबर में बांग्लादेश में होने वाले टूर्नामेंट के नौवें संस्करण के लिए ऑस्ट्रेलिया को ग्रुप ए में रखा गया है। उनके ग्रुप में 2020 की उपविजेता भारत, ट्रांस-टस्मान प्रतिद्वंद्वी न्यूजीलैंड, एशियाई टीम पाकिस्तान और एक क्वालीफायर टीम शामिल है। वहीं दक्षिण अफ्रीका और इंग्लैंड को ग्रुप बी में 2016 की चैंपियन वेस्टइंडीज, मेजबान बांग्लादेश और एक अन्य क्वालीफायर टीम के साथ रखा गया है।

ग्रुप ए में शामिल टीमें

  • ऑस्ट्रेलिया (विश्व चैंपियन)
  • न्यूजीलैंड
  • भारत
  • पाकिस्तान
  • क्वालीफायर 1

ग्रुप बी में शामिल टीमें

  • इंग्लैंड
  • दक्षिण अफ्रीका
  • वेस्टइंडीज
  • बांग्लादेश
  • क्वालीफायर 2

हर टीम ग्रुप चरण में चार मैच खेलेगी, जिसमें शीर्ष दो टीमें 17 और 18 अक्टूबर को सेमीफाइनल में पहुंचेंगी, इसके बाद 20 अक्टूबर को ढाका में फाइनल होगा। ढाका के दो प्रमुख क्रिकेट स्टेडियम- शेरे बांग्ला राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम और सिलहट अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में 10 टीमें कुल 23 मैच खेलेंगी। विश्व कप 2023 उपविजेता दक्षिण अफ्रीका टूर्नामेंट के शुरुआती मैच इंग्लैंड से खेलेगा। इसके बाद शाम को ढाका में क्वालीफायर 2 से मेजबान बांग्लादेश का सामना होगा।

मौजूदा चैंपियन और इवेंट के इतिहास की सबसे सफल टीम ऑस्ट्रेलिया 4 अक्टूबर को सिलहट में क्वालीफायर 1 के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करेगी। ग्रुप ए और ग्रुप बी से शीर्ष दो टीमें 17 अक्टूबर को सिलहट में और 18 अक्टूबर को ढाका में होने वाले सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई करेंगी। टी20 विश्व कप चैंपियन की ताजपोशी 20 अक्टूबर को ढाका के शेरे बांग्ला नेशनल क्रिकेट स्टेडियम में की जाएगी।

10 अभ्यास मैच होंगे

27 सितंबर से 1 अक्टूबर तक 10 अभ्यास मैच होंगे, जो सभी ढाका के बीकेएसपी में होंगे। मेगा इवेंट के लिए क्वालीफायर 1 और 2 संयुक्त अरब अमीरात के अबू धाबी में चल रहे आईसीसी महिला टी20 विश्व कप क्वालीफायर से सामने आएंगे, जिसका फाइनल 7 मई को खेला जाएगा। श्रीलंका, यूएई, आयरलैंड और स्कॉटलैंड के बीच क्वालीफायर में सेमीफाइनल मैचों के विजेता महिला टी20 विश्व कप 2024 के लिए अंतिम स्थान का दावा करेंगे।

महिला टी20 वर्ल्ड कप मैच शेड्यूलः

तिथि मैच स्थान
3 अक्टूबर इंग्लैंड बनाम दक्षिण अफ्रीका ढाका
3 अक्टूबर बांग्लादेश बनाम क्वालीफायर 2 ढाका
4 अक्टूबर ऑस्ट्रेलिया बनाम क्वालीफायर 1 सिलहट
4 अक्टूबर भारत बनाम न्यूजीलैंड सिलहट
5 अक्टूबर दक्षिण अफ्रीका बनाम वेस्ट इंडीज ढाका
5 अक्टूबर बांग्लादेश बनाम इंग्लैंड ढाका
6 अक्टूबर न्यूजीलैंड बनाम क्वालीफायर 1 सिलहट
6 अक्टूबर भारत बनाम पाकिस्तान सिलहट
7 अक्टूबर वेस्ट इंडीज बनाम क्वालीफायर 2 ढाका
8 अक्टूबर ऑस्ट्रेलिया बनाम पाकिस्तान सिलहट
9 अक्टूबर बांग्लादेश बनाम वेस्ट इंडीज ढाका
9 अक्टूबर भारत बनाम क्वालीफायर 1 सिलहट
10 अक्टूबर दक्षिण अफ्रीका बनाम क्वालीफायर 2 ढाका
11 अक्टूबर ऑस्ट्रेलिया बनाम न्यूजीलैंड सिलहट
11 अक्टूबर पाकिस्तान बनाम क्वालीफायर 1 सिलहट
12 अक्टूबर इंग्लैंड बनाम वेस्ट इंडीज ढाका
12 अक्टूबर बांग्लादेश बनाम दक्षिण अफ्रीका ढाका
13 अक्टूबर पाकिस्तान बनाम न्यूजीलैंड सिलहट
13 अक्टूबर भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया सिलहट
14 अक्टूबर इंग्लैंड बनाम क्वालीफायर 2 ढाका
17 अक्टूबर सेमीफाइनल 1 सिलहट
18 अक्टूबर सेमीफाइनल 2 ढाका
20 अक्टूबर फाइनल ढाका

महिला टी20 विश्व कप का पहला सीजन 2009 में खेला गया था। इंग्लैंड महिला क्रिकेट टीम ने न्यूजीलैंड महिला टीम को 5 विकेट से हराकर पहला आईसीसी महिला टी20 विश्व कप 2009 जीता था। भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने अभी तक कोई भी आईसीसी महिला टी20 विश्व कप नहीं जीता है। उन्होंने 2020 में अपना पहला महिला टी20 विश्व कप फाइनल खेला था। पिछले महिला टी20 विश्व कप के फाइनल में भारतीय टीम को ऑस्ट्रेलियाई महिला टीम ने 85 रन से हराया था। वहीं 2023 में भारतीय टीम सेमीफाइनल में बाहर हो गई थी।

वर्ष विजेता टीम उपविजेता टीम फाइनल परिणाम
2009 इंग्लैंड महिला न्यूजीलैंड महिला इंग्लैंड महिला 5 विकेट से जीती
2010 ऑस्ट्रेलिया महिला न्यूजीलैंड महिला ऑस्ट्रेलिया महिला 3 रन से जीती
2012 ऑस्ट्रेलिया महिला इंग्लैंड महिला ऑस्ट्रेलिया महिला 4 रन से जीती
2014 ऑस्ट्रेलिया महिला इंग्लैंड महिला ऑस्ट्रेलिया महिला 6 विकेट से जीती
2016 वेस्ट इंडीज महिला ऑस्ट्रेलिया महिला वेस्ट इंडीज महिला 8 विकेट से जीती
2018 ऑस्ट्रेलिया महिला इंग्लैंड महिला ऑस्ट्रेलिया महिला 8 विकेट से जीती
2020 ऑस्ट्रेलिया महिला भारत महिला ऑस्ट्रेलिया महिला 85 रन से जीती
2023 ऑस्ट्रेलिया महिला दक्षिण अफ्रीका महिला ऑस्ट्रेलिया महिला 19 रन से जीती
भारतीय महिला टीम एक बार भी नहीं बनी चैम्पियन
टीम का नाम जीत की संख्या जीत का वर्ष
ऑस्ट्रेलिया 6 2010, 2012, 2014, 2018, 2020, 2023
इंग्लैंड 1 2009
वेस्ट इंडीज 1 2016
भारत 0 -