Photograph: (IANS)
पेरिस: भारत के जैवलिन स्टार नीरज चोपड़ा ने पेरिस डायमंड लीग का खिताब जीत लिया है। उन्होंने शुक्रवार देर रात (भारतीय समय के अनुसार) पेरिस में हुए इस इवेंट में अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी जर्मनी के जूलियन वीबर को पीछे छोड़ा।
नीरज ने पहले प्रयास में 88.16 मीटर का थ्रो किया यह उनकी जीत के लिए काफी था। जबकि वीबर ने 87.88 मीटर का थ्रो फेंका। दूसरे प्रयास में नीरज 85.10 मीटर का थ्रो किया। वहीं, वीबर 86.20 मीटर का थ्रो ही फेंक सके। इसके बाद नीरज के तीन प्रयास फाउल रहे जबकि छठे प्रयास में उन्होंने 82.89 मीटर दूर भाला फेंका।
वीबर ने बाकी चार प्रयास में वैध थ्रो फेंके लेकिन सभी नीरज के पहले प्रयास में फेंके गए 88.16 मीटर थ्रो से कम ही रहे।
2017 के बाद पहली बार पेरिस डायमंड लीग में नीरज चोपड़ा
नीरज चोपड़ा ने साल 2017 के बाद पहली बार पेरिस डायमंड लीग में हिस्सा लिया था। आखिरी बार जूनियर विश्व चैंपियन के रूप में पहुंचे नीरज ने 84.67 मीटर भाला फेंका था और पांचवें स्थान पर रहे थे। डायमंड लीग का पेरिस चरण डायमंड लीग सीजन के 15 नियोजित कार्यक्रमों में से आठवां है। ये अगस्त 2025 में स्विट्जरलैंड में दो दिवसीय फाइनल में समाप्त होंगे।
नीरज चोपड़ा ने 2025 में अपने अभियान की शुरुआत दक्षिण अफ्रीका में पोच इनविटेशनल में जीत के साथ की थी। इवेंट में उन्होंने 84.52 मीटर थ्रो किया था। हालांकि दोहा में वह तब चर्चा में आए जब 90 मीटर के रेंज को पार करते हुए 90.23 मीटर का थ्रो किया। भाला फेंक में यह राष्ट्रीय रिकॉर्ड है।
उस समय नीरज चोपड़ा के 90.23 मीटर के थ्रो को जर्मनी के जूलियन वीबर ने पीछे छोड़ दिया। वीबर ने 91.06 मीटर के थ्रो से साथ गोल्ड मेडल जीता और नीरज दूसरे नंबर पर रहे थे। वीबर ने पोलैंड के जानुस कुसोसिन्स्की मेमोरियल में भी नीरज को पछाड़ा था। तब नीरज के 84.14 मीटर थ्रो के मुकाबले वेबर ने 86.12 मीटर का थ्रो फेंका था।