'मैं रिटायर नहीं हो रहा...', चैम्पियंस ट्रॉफी की जीत क्या रोहित शर्मा की भी दमदार वापसी है?

रोहित शर्मा की कप्तानी में भारत ने ये दूसरा आईसीसी टूर्नामेंट जीता है। इससे पहले पिछले साल टीम इंडिया ने टी20 वर्ल्ड कप जीता था। रोहित शर्मा ने ये भी साफ किया कि वे अभी वनडे से रिटायर नहीं हो रहे।

Rohit Sharma

Photograph: (IANS)

दुबई: रोहित शर्मा की कप्तानी में भारत ने रविवार को दुबई में चैम्पियंस ट्रॉफी के फाइनल में न्यूजीलैंड को शिकस्त देते हुए खिताब पर कब्जा कर लिया। टीम इंडिया के खिलाड़ी और दर्शक जश्न में डूबे थे। इसी बीच रोहित शर्मा पीच पर पहुंचते हैं और एक स्टंप उखाड़कर अपने साथी विराट कोहली के साथ डांडिया खेलने लगते हैं। ये वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है। ये दृश्य पिछले साल के बारबाडोस में जीती टी20 वर्ल्ड कप की खुशी से एकदम उलट है।

रोहित तब अपने आंसुओं को पोंछते नजर आ रहे थे। पिच से उन्होंने कुछ घास उखाड़े थे और लगभग भावुक अंदाज में उसे अपने मुंह में भर कर चबाने लगे थे। यही नहीं, अपने हाथ में लिया तिरंगा भी उन्होंने बारबाडोस के उस मैदान में गाड़ा था। ये दो बड़े आईसीसी टूर्नामेंट जीतने वाले एक ही कप्तान के अलग-अलग अंदाज थे, जिसे सभी ने देखा। 

ठीक है, रोहित ने बतौर कप्तान दो आईसीसी टूर्नामेंट जीते। जीत के बाद भावनाओं को प्रकट करने का तरीका अलग-अलग हो सकता है। फिर इसमें खास क्या है? रोहित के लिए खास क्यों है और विशेष रूप से चैम्पियंस ट्रॉफी में जीत के मायने रोहित के लिए क्या हैं, इसे उन्होंने मैच के ठीक बाद एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में जता दिया।

'मै रिटायर नहीं हो रहा...'

रोहित की कप्तानी में भारत ने ये दूसरा आईसीसी टूर्नामेंट जीता है। इससे पहले पिछले साल टीम इंडिया ने टी20 वर्ल्ड कप जीता था। रोहित इसी के साथ महेंद्र सिंह धोनी के बाद भारत के दूसरे ऐसे कप्तान बन गए जिन्होंने एक से अधिक आईसीसी टूर्नामेंट जीता है।

बहरहाल, चैम्पियंस ट्रॉफी फाइनल के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में रोहित ने बड़े दिलचस्प अंदाज में ये साफ कर दिया वे संन्यास नहीं लेने जा रहे। रोहित ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के लगभग आखिर में कहा, 'एक और बात। मैं इस प्रारूप से संन्यास नहीं लेने जा रहा हूं। मैं बस यह सुनिश्चित करना चाहता हूं कि आगे चलकर कोई अफवाह न फैले। बहुत-बहुत धन्यवाद।'

Rohit Sharma Champions Trophy
Photograph: (IANS)

 रोहित का यह बयान दरअसल चौंकाने वाला नहीं है। क्योंकि ऐसी अफवाहें थीं कि 9 मार्च 2025 रोहित शर्मा का बतौर सक्रिय भारतीय क्रिकेटर आखिरी अंतरराष्ट्रीय मैच हो सकता है। हालांकि, 38 वर्षीय खिलाड़ी ने साफ कर दिया कि उनके पास अभी और समय है।

क्यों हो रही थी रोहित शर्मा के संन्यास की बात?

ज्यादा दिन नहीं गुजरे हैं। इसी साल की शुरुआत में ऑस्ट्रेलिया टूर पर कप्तान रोहित शर्मा के फॉर्म को लेकर तमाम तरह की बातें कही जा रही थीं। बल्ले से रन नहीं निकल रहे थे। इस बीच सिडनी में खेले गए बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के पांचवें और आखिरी टेस्ट मैच के प्लेइंग-11 में रोहित शर्मा की गैरमौजूदगी ने कई और सवाल खड़े कर दिए। 

पिछले 50 सालों में यह पहली बार था जब किसी कप्तान को ही खराब फॉर्म की वजह से प्लेइंग-11 में नहीं रखा गया। कई तरह की खबरें आई। किसी ने कहा कि रोहित ने खुद ये फैसला लिया तो किसी ने कहा कि निकाला गया है। यह सबकुछ तब हो रहा था रोहित शर्मा की कप्तानी में टीम इंडिया ने टी20 वर्ल्ड कप जीता था। ऑस्ट्रेलिया के खराब दौरे के बाद ये कहा जाने लगा था कि रोहित का करियर अब ढलान पर है। हालांकि, अब तीन महीने बाद कहानी बदल गई है।

रोहित के लिए अब आगे क्या?

रोहित शर्मा ने वनडे खेलना जारी रखने की बात कही है। हालांकि, दक्षिण अफ्रीका में 2027 में होने वाले विश्व कप के लिए वह तैयार हैं या नहीं, यह देखना अभी बाकी है। कप्तान रोहित ने भारत को केवल नौ महीनों के अंतराल में टी20 विश्व कप और चैंपियंस ट्रॉफी जिताई है। अगर 19 नवंबर, 2023 की रात ऑस्ट्रेलिया ने भारत को अहमदाबाद (वनडे वर्ल्ड कप फाइनल) में नहीं हराया होता तो रोहित दो साल से भी कम समय में तीनों प्रमुख ICC खिताब जीत चुके होते।

Rohit Sharma Gautam Gambhir
Photograph: (IANS)

बहरहाल, अब रोहित अगर खेलना जारी रखते हैं तो क्या कप्तान भी बने रहेंगे? उन्होंने चैम्पियंस ट्रॉफी के फाइनल में जाहिर तौर पर 76 रनों की शानदार पारी खेली और 252 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी टीम इंडिया को बेहतरीन शुरुआत दिलाई। इसलिए सवाल उठते हैं कि क्या कप्तान के तौर पर अब ये जिम्मेदारी किसी और युवा खिलाड़ी को देने का सही समय आ गया है। 

अभी उपकप्तान शुभमन गिल हैं, तो संभवत: वे इस जिम्मेदारी को उठा सकते हैं। अगर रोहित दो साल बाद 2027 विश्व कप में खेलते भी हैं, तो उस समय तक उनकी उम्र 40 साल हो जाएगी। ऐसे में क्या संभावना है कि वह 'भारत के कप्तान' के रूप में दक्षिण अफ्रीका जाएंगे? देखना होगा। कुल मिलाकर बीसीसीआई के लिए ये बड़े फैसले लेने का भी समय है। 

यह भी पढ़ें
Here are a few more articles:
Read the Next Article