पेरिस: पेरिस ओलंपिक 2024 के चौथे दिन भारत के खाते में एक और मेडल आ गया है। भारतीय निशानेबाज मनु भाकर और सरबजोत स‍िंह की जोड़ी ने भारत को दूसरा मैदल दिलाया है।

यह जोड़ी 10 मीटर एयर पिस्टल मिक्स्ड टीम इवेंट में कोरिया के ओह ये जिन और ली वोनहो की टीम को 16-10 से हराकर ब्रॉन्ज मेडल पर कब्जा किया है। इसी के साथ मनु एक ओलंपिक में दो मेडल जीतने वाली स्वतंत्र भारत की पहली भारतीय बन गई हैं। इससे पहले साल 1900 में भारतीय एथलीट नॉर्मन प्रिचर्ड ने ऐसा किया था।

पेरिस ओलंपिक 2024 के इसी इवेंट में मनु ने महिला सिंगल स्पर्धा में ब्रॉन्ज मेडल जीता था और अब उन्होंने मिक्स्ड टीम इवेंट में भी एक ब्रॉन्ज मेडल जीत लिया है। इस इवेंट में भारतीय जोड़ी ने आठ राउंड जीती थी वहीं कोरिया की जोड़ी ने केवल पांच राउंड ही जीत पाई थी।

पेरिस ओलंपिक में भारत को एक और पदक मिलने और इसमें मनु के योगदान को लेकर पीएम मोदी ने भी ट्वीट किया है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी मनु को बधाई दी है।

नॉर्मन प्रिचर्ड ने एक ही ओलंपिक में जीता था दो पदक

इससे पहले ऐसा करने वाले एकमात्र भारतीय एथलीट नॉर्मन प्रिचर्ड (Norman Pritchard) हैं। उन्होंने साल 1900 में हुए ओलंपिक खेलों के दौरान एथलेटिक्स में दो रजत पदक जीते थे। भारत तब ब्रिटिश शासन के अधीन था। प्रिचर्ड के बाद कोई भी भारतीय एथलीट एक ही ओलंपिक खेल में दो पदक जीतने में कामयाब नहीं हुआ है।

इन खिलाड़ियों ने ओलंपिक खेलों में जीता है दो पदक

हालांकि, कुछ भारतीय एथलीट ऐसे रहे हैं जिन्होंने अपने करियर में ओलंपिक खेलों में कुल मिलाकर दो पदक जीते हैं। इनमें सुशील कुमार (कुश्ती) और पीवी सिंधु (बैडमिंटन) शामिल हैं।

लंदन में 2012 में हुए ओलंपिक खेलों में रजत पदक अर्जित करने से पहले सुशील ने बीजिंग 2008 के खेलों में कांस्य पदक जीता था। ऐसे में वह आजादी के बाद दो अलग-अलग ओलंपिक खेलों में व्यक्तिगत पदक जीतने वाले भारत के पहले एथलीट बन गए थे।

रियो ओलंपिक में भारत को बैडमिंटन में मिला था रजत पदक

दूसरी ओर रियो ओलंपिक 2016 के फाइनल में स्पेन की कैरोलिना मारिन से हारने के बाद पीवी सिंधु ने रजत पदक जीता था। यह पहली बार था कि जब भारत ने ओलंपिक में बैडमिंटन में रजत पदक जीता।

सिंधु ने बाद में टोक्यो में 2020 में हुए ओलंपिक खेलों में भी कांस्य पदक जीता। सिंधु ओलंपिक खेलों में दो अलग-अलग संस्करणों में एक से अधिक पदक जीतने वाली भारत की एकमात्र महिला एथलीट हैं।

एक और मेडल जीतने पर मनु के पिता ने क्या कहा है

भारतीय शूटर मनु भाकर और सरबजोत स‍िंह की टीम द्वारा भारत को एक और मेडल दिलाने पर मनु के परिवार वालों की भी प्रतिक्रिया सामने आई है।

 

बेटी की कामयाबी पर मनु के पिता ने कहा है कि "मैं बहुत खुश हूं। ये पूरे देश के लिए बड़ी खबर है। मैं देशवासियों को मनु को अपना प्यार और आशीर्वाद देने और कठिन समय में उनकी मदद करने के लिए धन्यवाद देता हूं।"