नई दिल्ली: हरियाणा विधानसभा चुनाव से ठीक पहले विनेश फोगाट और बजरंग पूनिया के कांग्रेस में शामिल होने पर अब कुश्ती महासंघ के पूर्व अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह की तीखी प्रतिक्रिया सामने आई है। बृजभूषण शरण सिंह ने आरोप लगाया कि विनेश फोगाट ने खेल के साथ धोखा किया। उन्होंने कहा कि फोगाट कोई मेडल नहीं जीत सकीं क्योंकि भगवान ने उन्हें सजा दी है।

विनेश फोगाट और बजरंग पूनिया शुक्रवार को कांग्रेस में शामिल हो गए थे। इसके बाद विनेश फोगाट को हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए जुलाना से कांग्रेस से टिकट मिला है। दूसरी ओर बजरंग चुनाव तो नहीं लड़ेंगे लेकिन उन्हें पार्टी में ऑल इंडिया किसान कांग्रेस का कार्यकारी चेयरमैन बनाया गया है।

बृजभूषण शरण ने क्या कुछ कहा

बृजभूषण ने शनिवार न्यूज एजेंसी एएनआई से एक इंटरव्यू में कहा, 'मैं विनेश फोगाट से पूछना चाहता हूं कि क्या कोई खिलाड़ी एक दिन में दो भार वर्गों में ट्रायल दे सकता है? क्या वजन के बाद पांच घंटे तक ट्रायल रोका जा सकता है? आपने कुश्ती नहीं जीती, धोखे से वहां चले गये। भगवान ने आपको इसकी सजा दी है।'

बृजभूषण ने आगे कहा, 'उसने ओलंपिक में किसी और खिलाड़ी का सही स्थान छीन लिया था। वह उस लड़की की जगह लेकर और हंगामा करके ओलंपिक में गई, जिसने उसे ट्रायल में हराया था। इसलिए, उसके साथ जो कुछ भी हुआ वह उचित था और वह इसकी हकदार थी।'

भाजपा नेता ने यह भी आरोप लगाया कि बजरंग पूनिया ने ट्रायल पूरा किए बिना एशियाई खेलों में भाग लिया था। उन्होंने कहा, 'हरियाणा खेल के क्षेत्र में भारत का सिरमौर है और उन्होंने कुश्ती से जुड़ी गतिविधियों को लगभग ढाई वर्षों तक बंद कर दिया। क्या यह सच नहीं है कि बजरंग बिना ट्रायल के एशियाई खेलों में गए थे? मैं उन लोगों से पूछना चाहता हूं जो कुश्ती में विशेषज्ञ हैं।'

बृजभूषण शरण सिंह ने कहा, 'जंतर मंतर पर जब धरना प्रदर्शन शुरू हुआ था, तो मैंने पहले ही दिन कहा था कि ये खिलाड़ियों का आंदोलन नहीं है। इसके पीछे कांग्रेस है और भूपेंद्र सिंह हुड्डा, दीपेंद्र हुड्डा, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी इसके पीछे हैं। आज यह बात सच भी साबित हुई कि हमारे खिलाफ षड्यंत्र में दीपेंद्र हुड्डा और कांग्रेस शामिल थी।'

विनेश और पूनिया ने देशद्रोह किया: संजय सिंह

बृजभूषण शरण सिंह के करीबी माने जाने वाले और भारतीय कुश्ती महासंघ (WFI) के अध्यक्ष संजय सिंह ने भी विनेश फोगाट और बजरंग पूनिया पर निशाना साधा। समाचार एजेंसी आईएएनएस से बात करते हुए सिंह ने कहा कि विनेश और पूनिया अच्छे पहलवान थे लेकिन अब उन्हें कांग्रेस के 'मोहरे' के रूप में पहचाना जाएगा। उन्होंने कहा कि अब यह बिल्कुल स्पष्ट है कि दिल्ली में पहलवानों के प्रदर्शन को किसने बढ़ावा दिया था।

हरियाणा के दोनों पहलवानों पर गंभीर आरोप लगाते हुए सिंह ने कहा कि उनके ऐसे विरोध-प्रदर्शन के कारण देश को भारी कीमत चुकानी पड़ी और इसे जाहिर तौर पर कांग्रेस का समर्थन प्राप्त था।

संजय सिंह ने आगे कहा, 'कांग्रेस और उन पहलवानों ने ओलंपिक वर्ष में देशद्रोह का काम किया है। हमने उनकी वजह से कम से कम छह पदक गंवाए।' सिंह ने दोनों पहलवानों को अभी अपना असली राजनीतिक रंग दिखाने के बजाय शुरुआत में ही ऐसा कर देना चाहिए था।

कांग्रेस में शामिल होने के बाद फोगाट ने क्या कहा?

विनेश फोगाट ने कांग्रेस में शामिल होने के बाद शुक्रवार को कहा था, 'जब मैंने और अन्य महिला पहलवानों ने बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ आवाज उठाई, तो दुर्भाग्य की बात रही कि बीजेपी ने हमारा साथ देना जरूरी नहीं समझा। इस मुश्किल वक्त में किसी ने हमारा साथ दिया, तो वो कांग्रेस ही थी, इसलिए हमने कांग्रेस में शामिल होने का फैसला किया।'

उन्होंने कहा, 'मुझे यह कहते हुए अत्यंत पीड़ा हो रही है कि जब हमें पूरे देश के सामने घसीटा जा रहा था, तो बीजेपी ने हमारा साथ नहीं दिया। ऐसे वक्त में कांग्रेस ही सामने आई। मैं विश्वास दिलाती हूं कि मैं पार्टी के शीर्ष नेतृत्व की उम्मीदों पर खरी उतरूंगी। मुझे आज यह कहते हुए अत्यंत गर्व हो रहा है कि आज की तारीख में मैं एक ऐसी पार्टी का हिस्सा हूं, जो महिलाओं के लिए सड़क से लेकर संसद तक अपनी आवाज बुलंद करती है।'

फोगाट ने आगे कहा, 'मैं अगर चाहती, तो जंतर-मंतर पर ही कुश्ती छोड़ सकती थी, लेकिन मैं आईटी सेल द्वारा फैलाए गए उस झूठ को खत्म करना चाहती थी, जिसमें यह कहा जा रहा था कि हमारा करियर खत्म हो चुका है, इसलिए हमने नेशनल खेला, लेकिन शायद भगवान की मर्जी कुछ और थी।'