वॉशिंगटन: आठ महीने से अधिक समय तक अंतरिक्ष में रहने के बाद नासा की अंतरिक्ष यात्री सुनीता विलियम्स जल्द ही धरती पर लौटने वाली हैं। नासा की अंतरिक्ष यात्री सुनीता विलियम्स और बुच विल्मोर ने अंतरिक्ष से अमेरिकी समाचार चैनल सीएनएन के साथ एक विशेष बातचीत में कहा कि क्रू -10 मिशन 12 मार्च को पृथ्वी से लॉन्च होगा और अपने छह महीने लंबे मिशन के लिए अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (आईएसएस) के साथ डॉक करेगा।
इसके बाद दोनों अंतरिक्ष यात्री अगले एक हफ्ते में अपना काम दूसरे अंतरिक्ष यात्रियों को सौंप देंगे। इसके बाद एक नया अंतरिक्ष स्टेशन कमांडर कार्यभार संभालेगा। वर्तमान में सुनीता विलियम्स इस जिम्मेदारी को संभाल रही हैं।
19 मार्च को शुरू होगा वापसी का सफर
रिपोर्ट के अनुसार करीब एक सप्ताह के हैंडओवर की प्रक्रिया के बाद दोनों अंतरिक्ष यात्री पृथ्वी पर लौटने के लिए ड्रैगन अंतरिक्ष यान में सवार होंगे जो क्रू -10 को अंतरिक्ष में लेकर जाने वाला है। दोनों अनुभवी अंतरिक्ष यात्रियों के साथ ड्रैगन अंतरिक्ष यान 19 मार्च को रवाना होगा।
अंतरिक्ष यात्री बुच विलमोर ने इंटरव्यू में सीएनएन को बताया, 'योजना यह है कि क्रू -10 धरती से 12 मार्च को लॉन्च होगा, एक सप्ताह के लिए टर्नओवर का काम करेगा और हम 19 मार्च को वापस आएंगे।'
बता दें कि बुच विल्मोर और सुनीता विलियम्स की वापसी एक मुद्दा बना हुआ है। दोनों अंतरिक्ष यात्रियों ने पिछले साल बोइंग के स्टारलाइनर कैप्सूल से अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन के लिए उड़ान भरी थी। हालांकि, वहां पहुंचने के बाद स्टारलाइनर में कुछ तकनीकी गड़बड़ी की बातें सामने आई थी। इसके बाद से दोनों अंतरिक्ष में हैं।
डोनाल्ड ट्रंप की पहल के बाद अंतरिक्ष यात्रियों की हो रही वापसी
अमेरिका में राष्ट्रपति पद संभालने के बाद डोनाल्ड ट्रंप ने पिछले महीने स्पेसएक्स के सीईओ एलन मस्क से बुच विल्मोर और सुनीता विलियम्स को 'जितनी जल्दी हो सके' पृथ्वी पर वापस लाने की अपील की थी।
ट्रंप की पहल के बाद नासा ने भी अंतरिक्ष यात्रियों को घर लाने की अपनी योजना की पुष्टि करते हुए कहा कि वह 'जितनी जल्दी व्यावहारिक होगा' ऐसा करेगा।