माइक्रोसॉफ्ट सर्वर में गड़बड़ी से कैसे दुनियाभर में मच गई अफरातफरी? एयरलाइंस, बैंक, टीवी प्रसारण तक बंद

माइक्रोसॉफ्ट के सर्वर में दिक्कत की वजह से दुनिया भर में कई कम्प्यूटर ब्लू स्क्रीन ऑफ डेथ (Blue screen of death) समस्या का सामना कर रहे हैं। इससे बार-बार कंप्यूटर और लैपटॉप अचानक बंद और रिस्टार्ट हो रहे हैं।

एडिट
How did the Microsoft server glitch create chaos across the world? Airlines, banks closed till TV broadcast

माइक्रोसॉफ्ट के 'ब्लू स्क्रीन ऑफ डेथ' तकनीकी दिक्कत से दुनियाभर में अफरातफरी (फोटो- X)

नई दिल्ली: माइक्रोसॉफ्ट के सर्वर में आई तकनीकी दिक्कत की वजह से शुक्रवार को पूरी दुनिया में कई अहम सेवाएं ठप हो गईं। इसमें एयरलाइंस से लेकर सुपरमार्केट, बैंकिंग और स्टॉक मार्केट तक शामिल हैं। कुछ टीवी और ब्रॉडकास्ट कंपनियों के प्रसारण थमने की भी जानकारी सामने आई है। भारत में भी एयरलाइंस- इंडिगो, एयर इंडिया, स्पाइसजेट और Akasa Air ने तकनीकी समस्याओं की बात कही है।

इसकी वजह से यात्रियों को बुकिंग, चेक-इन और उड़ान अपडेट आदि देने या संग्रहित करने में परेशानी आ रही है। इसके अलावा सिडनी एयरपोर्ट और ब्रिटेन में एयरलाइंस के विमानों के ऑपरेशन रूकने की भी खबरें मिली हैं। अमेरिका में यूनाइटेड, डेल्टा और अमेरिकन एयरलाइंस ने दुनियाभर में अपनी उड़ानों को फिलहाल के लिए रोक दिया है। दिल्ली एयरपोर्ट ने भी एक्स पर जानकारी दी है कि उसकी कुछ सेवाएं तकनीकी दिक्कत की वजह से प्रभावित हुई हैं।

टीवी प्रसारण बंद, स्टॉक मार्केट प्रभावित

माइक्रोसॉफ्ट के सर्वर में आई परेशानी की वजह से ब्रिटेन में स्काई न्यूज चैनल के ऑफ एयर होने की खबरें हैं। वहीं, सिडनी मॉर्निंग हेराल्ड के अनुसार ऑस्ट्रेलिया में एबीसी न्यूज 24 अपने न्यूज पैकेज का प्रसारण नहीं कर पा रहा है। कुछ देशों में सुपरमार्केट प्रभावित हुए हैं। कुछ ग्राहकों ने यह भी शिकायत की कि उनके कार्ड काम नहीं कर रहे हैं। पुलिस से जुड़े सिस्टम में भी दिकक्त आई है।

दुनिया भर की अलग-अलग मीडिया रिपोर्टों में कहा गया है कि लंदन स्टॉक एक्सचेंज बुरी तरह से प्रभावित हुआ है और काम नहीं कर रहा। अमेरिका के कई राज्यों में 911 आपातकालीन सेवाएं भी प्रभावित हुई हैं।

माइक्रोसॉफ्ट में क्या दिक्कत आई है?

ऐसी रिपोर्ट है कि क्लाउड सेवा Azure के क्राउडस्ट्राइक अपडेट की वजह से ऐसा हुआ है। 'क्राउडस्ट्राइक' नाम की साइबर सुरक्षा कंपनी, जो एंटीवायरस सॉफ्टवेयर बनाती है, उसने एक सॉफ्टवेयर अपडेट जारी किया लेकिन यही बड़ी समस्या की वजह बन गया है। इससे विंडोज डिवाइस बार-बार बंद हो रहे हैं। दुनिया भर में लाखों विंडोज यूजर्स कंप्यूटर इस्तेमाल में दिक्कत का सामना कर रहे हैं। इसे 'ब्लू स्क्रीन ऑफ डेथ' (Blue screen of death) कहा जा रहा है। इसके कारण कंप्यूटर अचानक बंद हो रहे हैं या फिर खुद रिस्टार्ट होने लग रहे हैं। कुछ मामलों में कंप्यूटर कई बार अचानक बंद और रिस्टार्ट हो रहे हैं। इससे काम किया हुआ डेटा सेव नहीं हो पा रहा है और समय भी बर्बाद हो रहा है।

बंद होने से पहले अक्सर स्क्रिन पर एक मैसेज आ रहा है जिसमें लिखा होता है- 'आपके पीसी में समस्या है और इसलिए रिस्टार्ट की जरूरत है। हम इस समस्या से जुड़े कुछ डेटा इकट्टठा कर रहे हैं और फिर इसे आपके लिए रिस्टार्ट करेंगे।' ब्लू स्क्रीन एरर्स को ब्लैक स्क्रीन एरर्स (Black Screen errors) या STOP कोड एरर्स भी कहा जाता है। ऐसा अक्सर तब होता हैं जब कोई गंभीर समस्या विंडोज को अप्रत्याशित रूप से बंद होने या रिस्टार्ट के लिए मजबूर करती है।

माइक्रोसॉफ्ट के क्लाउड सर्विस में दिक्कत, कंपनी ने क्या बताया?

माइक्रोसॉफ्ट की क्लाउड सेवाओं खासकर एज़्योर में समस्या की बात कही गई है। इसके कारण कुछ व्यापक सेवाओं में रुकावटें आई हैं। कंपनी समस्याओं के मूल कारण की जांच कर रही है। माइक्रोसॉफ्ट ने अपनी Azure सेवाओं के साथ-साथ Microsoft 365 ऐप्स के साथ आ रही समस्याओं को भी माना है। कंपनी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, 'हमारी सेवाओं में अभी भी निरंतर सुधार देखने को मिल रहा है जबकि हम इसे पूरी तरह से ठीक करने की कोशिश में लगे हुए हैं।'

यह भी पढ़ें
Here are a few more articles:
Read the Next Article