नई दिल्ली: भारतीय अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला इस साल मई में अंतर्राष्ट्रीय स्पेस स्टेशन (आईएसएस) के लिए उड़ान भर सकते हैं। अमेरिका की नेशनल एरोनॉटिक्स एंड स्पेस एडमिनिस्ट्रेशन (NASA) ने Axiom मिशन 4 (Ax-4) के बारे में दिए एक अपडेट में इस बात की जानकारी दी है। इस मिशन पर ग्रुप कैप्टन शुक्ला अंतरिक्ष यात्री और मिशन पायलट के रूप में काम करेंगे।
शुभांशु शुक्ला वर्तमान में भारतीय वायु सेना में एक अधिकारी के रूप में सेवारत हैं। वे 1984 में विंग कमांडर राकेश शर्मा की ऐतिहासिक उपलब्धि के चार दशक बाद अंतरिक्ष की यात्रा करने वाले दूसरे भारतीय बनने जा रहे हैं। उनके साथ NASA की पूर्व अंतरिक्ष यात्री और मिशन कमांडर पैगी व्हिटसन, पोलैंड से स्लावोज़ उज़्नान्स्की-विस्नीव्स्की और हंगरी से टिबोर कापू भी इस मिशन का हिस्सा होंगे।
भारत के गगनयान मिशन की तैयारी
भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) द्वारा शुक्ला को भारत के आगामी गगनयान मिशन के लिए एक प्रमुख अंतरिक्ष यात्री के रूप में चुने जाने के बाद उनका इस मिशन के लिए चयन हुआ है। गगनयान भारत का पहला मानव अंतरिक्ष उड़ान कार्यक्रम है, जिसका लक्ष्य तीन-सदस्यीय दल को तीन दिनों के लिए 400 किमी की निचली पृथ्वी की कक्षा में भेजना है। इसरो इस मिशन के लिए नासा और एक्सिओम स्पेस के साथ मिलकर काम कर रहा है।
भारत ने ग्रुप कैप्टन प्रशांत बालकृष्णन नायर को भी एक्स-4 मिशन के लिए अंतरिक्ष यात्री के रूप में चुना है। अगर शुभांशु शुक्ला आखिरी मिनटों में उड़ान भरने में असमर्थ होते हैं, तो प्रशांत बालकृष्णन को इस मिशन का हिस्सा बनाया जा सकता है।
नासा और इसरो के बीच एक समझौते के तहत, भारत ने ह्यूस्टन स्थित कंपनी एक्सिओम स्पेस इंक द्वारा अंतरिक्ष के आगामी मिशन पर अपने अंतरिक्ष यात्री के लिए एक सीट पक्की की है।
14 दिन अंतरिक्ष में रहेंगे शुभांशु शुक्ला
इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन के लिए Ax-4 को फ्लोरिडा के कैनेडी स्पेस सेंटर से लॉन्च करने का लक्ष्य रखा गया है। इस मिशन के तहत फॉलकॉन-9 रॉकेट से स्पेसएक्स ड्रैगन अंतरिक्ष यान को लॉन्च किया जाएगा। स्पेस स्टेशन से डॉक होने जाने के बाद अंतरिक्ष यात्रियों के वहां 14 दिन रहने का कार्यक्रम है। इस निजी मिशन में पोलैंड और हंगरी के पहले अंतरिक्ष यात्री भी शामिल हैं जो अंतरिक्ष स्टेशन पर रहेंगे।
NASA के अनुसार, इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन के लिए पहला प्राइवेट मिशन Axiom Mission 1 अप्रैल 2022 में रवाना किया गया था। इसके बाद स्टेशन के लिए दूसरा निजी अंतरिक्ष मिशन Axiom Mission 2 मई 2023 में चार निजी अंतरिक्ष यात्रियों के साथ लॉन्च किया गया था। इस दल ने स्पेस में आठ दिन बिताए थे। सबसे हालिया निजी अंतरिक्ष यात्री मिशन Axiom Mission 3 जनवरी 2024 में लॉन्च किया गया, जिसमें चालक दल ने अंतरिक्ष स्टेशन पर 18 दिन बिताए।