Friday, October 17, 2025
Homeभारतप्रियंका गांधी केरल के वायनाड से लड़ेंगी लोकसभा उपचुनाव, राहुल गांधी ने...

प्रियंका गांधी केरल के वायनाड से लड़ेंगी लोकसभा उपचुनाव, राहुल गांधी ने खाली की थी सीट

नई दिल्ली: कांग्रेस ने मंगलवार को निर्वाचन आयोग द्वारा उप-चुनाव की तारीखों का ऐलान किए जाने के बाद केरल की वायनाड लोकसभा सीट से प्रियंका गांधी वाड्रा को प्रत्याशी घोषित किया है।

चुनाव आयोग ने मंगलवार को वायनाड लोकसभा सीट पर उप-चुनाव की तारीखों का ऐलान किया। वायनाड में 13 नवंबर को मतदान होंगे और इसके नतीजे 23 नवंबर को आएंगे।

वायनाड लोकसभा सीट राहुल गांधी के इस्तीफे के बाद खाली हुई थी। प्रियंका के नाम के ऐलान के बाद कांग्रेस कार्यकर्ता वायनाड में पोस्टर लगाने लगे हैं। इन पोर्टरों में “वायनाडइंते प्रियंकारी” यानी “वायनाड की प्रिय” लिखा हुआ है।

प्रियंका गांधी पहली बार कोई चुनाव लड़ने जा रही हैं। हालाँकि वह दो दशक पहले से अपनी माँ सोनिया गांधी के संसदीय क्षेत्र रायबरेली और अपने भाई राहुल गांधी के संसदीय क्षेत्र अमेठी में चुनाव प्रचार और प्रबंधन करती रही हैं। सक्रिय राजनीति में आने के बाद उन्हें कांग्रेस ने पार्टी महासचिव बनाया था और पूर्वी उत्तर प्रदेश का प्रभारी बनाया था।

कांग्रेस ने लोकसभा चुनाव 2024 के परिणाम आने के बाद ही घोषणा कर दी थी कि प्रियंका गांधी वायनाड से चुनाव लड़ेंगी। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने रायबरेली और वायनाड दोनों सीटों से चुनाव लड़ा था। दोनों सीटों पर उन्हें जीत मिली जिसके बाद एक सीट खाली करनी पड़ी।

गत 17 जून को राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के आवास पर कांग्रेस पार्टी के शीर्ष नेतृत्व की बैठक के बाद यह घोषणा की गई थी। प्रियंका गांधी वाड्रा साल 1999 से सक्रिय राजनीति में हैं, लेकिन वह खुद पहली बार चुनावी मैदान में उतर रही हैं।

इसके अलावा पार्टी की तरफ से केरल की पलक्कड़ और चेलक्करा विधानसभा सीटों पर भी प्रत्याशियों के नामों का ऐलान कर दिया गया है। कांग्रेस ने पलक्कड़ से राहुल मम्कुटथिल और राम्या हरिदास को प्रत्याशी बनाया है।

राहुल गांधी के इस्तीफे के बाद सीट हुई थी खाली

चुनाव आयोग के शेड्यूल के मुताबिक, वायनाड लोकसभा सीट पर नामांकन दाखिल करने की आखिरी तारीख 25 अक्टूबर है। उम्मीदवारी वापस लेने की आखिरी तारीख 30 अक्टूबर है।

गौरतलब है कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने वायनाड लोकसभा सीट पर दो बार साल 2019 और 2024 के लोकसभा चुनाव में जीत दर्ज की थी। इस लोकसभा चुनाव में वह वायनाड के साथ रायबरेली लोकसभा सीट पर विजयी रहे। इसके बाद उन्हें नियमों के मुताबिक, एक सीट से इस्तीफा दे दिया था।

इस्तीफा देने के लिए उन्होंने वायनाड का चयन किया और रायबरेली से सांसद बने रहने का फैसला किया था। रायबरेली उनकी मां सोनिया गांधी की परंपरागत सीट है। राहुल गांधी के इस्तीफे के कारण वायनाड में उपचुनाव की जरूरत पड़ी है।

प्रियंका गांधी वाड्रा ने वायनाड के लोगों को क्या कहा था

राहुल गांधी ने जब यह ऐलान किया था कि वह वायनाड की सीट छोड़ देंगे तब प्रियंका गांधी ने वहां के लोगों को कहा था कि वे राहुल गांधी की कमी महसूस नहीं होने देंगी।

प्रियंका गांधी ने कहा था, “वायनाड का प्रतिनिधित्व करके मुझे बेहद खुशी होगी। मैं वायनाड के लोगों को राहुल गांधी की कमी महसूस नहीं होने दूंगी। राहुल गांधी ने कहा है कि वो वायनाड आते रहेंगे। मैं भी सभी को खुश रखने के लिए कड़ी मेहनत करूंगी।”

(समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट)

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments

डॉ उर्वशी on कहानीः इरेज़र
मनोज मोहन on कहानीः याद 
प्रकाश on कहानीः याद 
योगेंद्र आहूजा on कहानीः याद 
प्रज्ञा विश्नोई on कहानीः याद 
डॉ उर्वशी on एक जासूसी कथा