शाही परिवार के साथ विवाद के बाद किंग चार्ल्स III के छोटे बेटे प्रिंस हैरी ने आधिकारिक तौर पर ब्रिटेन छोड़ दिया है। ससेक्स के ड्यूक प्रिंस हैरी ने अपने आधिकारिक पते में ब्रिटेन की जगह अमेरिका के कैलिफोर्निया का एड्रेस लिखवाया है। प्रिंस हैरी और उनकी पत्नी मेगन मर्केल (डचेस ऑफ ससेक्स) चार साल पहले शाही परिवार से दूर हो गए थे और तब से वह अमेरिका में रह रहे हैं।
पेज सिक्स ने अपनी रिपोर्ट में कहा है कि ड्यूक ऑफ ससेक्स ने हाल ही में अपने निवास पते को अपडेट किया है, जिसमें उन्होंने अमेरिका को अपना प्राथमिक निवास निवास स्थान बताया है। वहीं स्काई न्यूज की रिपोर्ट के मुताबिक, चैरिटी ट्रैवलिस्ट के एक दस्तावेज में प्रिस हैरी ने प्राइमरी पता कैलिफोर्निया लिखा है।
रिपोर्ट के मुताबिक, पते में यह बदलाव 29 जून 2023 को किया गया। गौरतलब बात है कि पिछले साल 29 जून को ही बकिंघम पैलेस ने पुष्टि की थी कि हैरी और उनकी पत्नी मेगन अब ब्रिटेन का फ्रॉगमोर कॉटेज छोड़ चुके हैं। यह कॉटेज महारानी एलिजाबेथ ने उनकी शादी पर गिफ्ट किया था।
प्रिंस हैरी और शाही परिवार के बीच कैसे बढ़ीं दूरियां?
साल 2018 में प्रिंस हैरी और उनकी पत्नी मेगन ने अमेरिकी न्यूज चैनल सीबीएस को एक इंटरव्यू दिया था जिसमें उन्होंने शाही परिवार की काफी आलोचनाएं की थी। मेगन ने कहा था कि शाही परिवार उनके बेटे आर्ची को प्रिंस नहीं बनाना चाहता था, क्योंकि उसके जन्म से पहले उन्हें डर था कि कहीं उसका रंग काला ना हो। मेगन ने कहा कि प्रेग्नेंसी के दौरान मेरे बच्चे को प्रिंस या प्रिंसेज की उपाधि ना मिले इसके लिए नियम बदले गए।
इस खुलासे के बाद शाही परिवार सकते में आ गया था और उसे बयान जारी कर कहना पड़ा था कि शाही परिवार रंगभेद से जुड़े मुद्दे को गंभीरता से लेता है। यहीं से शाही परिवार और प्रिंस हैरी के बीच दूरियां बढ़ने लगी। इसके बाद हैरी और उनके पिता किंग चार्ल्स के बीच विवाद हो गया, जिसके बाद चार्ल्स ने हैरी से घर छोड़ने को कहा था।
मेगन मर्केल ने इस इंटरव्यू में आगे बताया था कि शाही परिवार को लेकर मेरे पति हैरी ने जितना बताया था, मुझे उतना ही पता था। लोगों को लगता है कि एक परियों की दुनिया है लेकिन सच्चाई इससे काफी अलग है। मेगन ने कहा था, कई दिनों तक बेहद अकेलापन महसूस करती थी। मेरी आजादी खत्म कर दी गई। कई तरह के नियमों से बांध दिया गया था। मैं दोस्तों के साथ लंच के लिए बाहर नहीं जा सकती थी। मैं जीना नहीं चाहती थी। आत्महत्या के ख्याल आ रहे थे।’
2020 में प्रिंस हैरी ने शाही परिवार से अलग होने का किया ऐलान
साल 2020 की शुरुआत में प्रिंस हैरी ने उनकी पत्नी मेगन राजपरिवार के वरिष्ठ सदस्य की भूमिका से खुद को अलग कर लिया था। प्रिंस हैरी और मेगन ने एक बयान जारी कर कहा था कि वे दोनों अब ब्रिटेन और उत्तरी अमरीका में रहेंगे। महारानी एलिजाबेथ ने हैरी के फैसले को रजामंदी देते हुए कहा था कि वे प्रिंस हैरी और उनकी पत्नी मेगन के इच्छा का पूरी तरह से समर्थन करती हैं लेकिन बेहतर होगा कि दोनों शाही परिवार के पूर्णकालिक सदस्य भी बने रहें। हैरी के इस ऐलान के बाद शाही परिवार से उनके रिश्ते खराब हो गए थे। वहीं 2023 में प्रिंस हैरी की आत्मकथा ‘स्पेयर’ और नेटफ्लिक्स पर आई उनकी डॉक्यूमेंट्री में राजपरिवार पर लगाए आरोपों से उनके रिश्ते और खराब हो गए।