पटनाः बिहार विधानसभा चुनाव से पहले सत्तारूढ़ NDA गठबंधन को बड़ा झटका लगा है। मढ़ौरा सीट से लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) ( LJP (RV)) की उम्मीदवार सीमा सिंह का नामांकन खारिज कर दिया गया है। ऐसे में कहा जा रहा है कि बिहार में NDA चुनाव लड़ने से पहले ही एक सीट हार गई।
आजतक की खबर के मुताबिक, रिटर्निंग ऑफिसर (RO) ने सीमा सिंह के नामांकन पत्र की जांच के दौरान उसमें कुछ तकनीकी खामिया पाईं। इसके बाद उनका नामांकन रद्द कर दिया। सीमा सिंह के अलावा ऐसी ही वजहों से तीन अन्य लोगों के भी नामांकन खारिज किए गए हैं। इनमें निर्दलीय उम्मीदवार अल्ताफ आलम राजू और विशाल कुमार और BSP के आदित्य कुमार का नाम भी शामिल है।
मढ़ौरा सीट पर बढ़ेगी हलचल
बिहार में इस घटनाक्रम से मढ़ौरा निर्वाचन क्षेत्र में हलचल मचने की संभावना है। सीमा सिंह पॉपुलर भोजपुरी एक्ट्रेस हैं, इस चुनाव में वह अपनी किस्मत आजमा रहीं थीं। उन्हें NDA की मजबूत दावेदार माना जा रहा था। सीमा ने अपने नामांकन के दौरान अपनी शैक्षिक योग्यता और संपत्ति के बारे में विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की थी, जिसने ध्यान आकर्षित किया।
चुनाव आयोग को दिए गए अपने हलफनामे में उन्होंने अपनी शैक्षिक योग्यता नौवीं कक्षा उत्तीर्ण बताई है। इससे उनके राजनीतिक पदार्पण को लेकर उत्सुकता बढ़ गई थी।
इस सीट पर वोटिंग पहले चरण में निर्धारित है। इसके लिए नामांकन की प्रक्रिया बीते दिन यानी शुक्रवार, 17 अक्टूबर को ही पूरी हो गई थी।
यह भी पढ़ें – 54 साल बाद खुला बांके बिहारी मंदिर के ‘खजाने का कमरा’, कड़ी सुरक्षा के बीच खोला गया ताला
गौरतलब है कि बिहार चुनाव 2025 के लिए वोटिंग 6 और 11 नवंबर को होगी। वहीं, इसके लिए नतीजे 14 नवंबर को घोषित किए जाएंगे। NDA के भीतर सीट बंटवारे के तहत, भाजपा और जेडीयू 101-101 सीटों पर चुनाव लड़ेंगे, जबकि चिराग की अगुवाई वाली लोक जनशक्ति पार्टी 29 सीटों पर चुनाव लड़ेंगी। उपेंद्र कुशवाहा की राष्ट्रीय लोक मोर्चा (आरएलएम) और जीतनराम मांझी की हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) छह-छह सीटों पर चुनाव लड़ेंगे।
इंडिया महागठबंधन और एनडीए के बीच लड़ाई
बिहार विधानसभा चुनाव के लिए मुख्य रूप से NDA और INDIA गठबंधन के बीच लड़ाई देखी जा रही है। इंडिया गठबंधन में तेजस्वी यादव अगुवाई कर रहे हैं। राजद सबसे ज्यादा सीटों पर चुनाव लड़ रही है। वहीं, कांग्रेस दूसरे स्थान पर है।
इंडिया गठबंधन में राजद, कांग्रेस के अलावा वामपंथी दल और मुकेश सहनी की वीआईपी भी शामिल है। मुकेश सहनी हालांकि, चुनाव नहीं लड़ेंगे। उन्हें गठबंधन में 15 सीटें मिली हैं।
यह भी पढ़ें – अमित शाह ने कहा- जम्मू-कश्मीर को सही समय पर मिलेगा पूर्ण राज्य का दर्जा, उमर अब्दुल्ला कर सकते हैं SC का रुख
2020 विधानसभा चुनाव में राजद सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी थी। पार्टी को 75 सीटों पर जीत मिली थी। वहीं, भाजपा दूसरे स्थान पर रही थी जहां उसे 74 सीटों पर जीत मिली थी। जनता दल यूनाइटेड को 41 सीट और कांग्रेस को 18 सीटों पर जीत मिली थी। वहीं, लोक जनशक्ति पार्टी को सिर्फ एक सीट मिली थी। इस समय वह किसी गठबंधन में नहीं शामिल थी।