कौन हैं एयर मार्शल अमर प्रीत सिंह जो होंगे अगले वायुसेना प्रमुख?

कौन हैं एयर मार्शल अमर प्रीत सिंह जो होंगे अगले वायुसेना प्रमुख?

एयर मार्शल अमरप्रीत सिंह होंगे अगले वायुसेना प्रमुख। फोटोः IANS

नई दिल्लीः एयर मार्शल अमर प्रीत सिंह भारतीय वायुसेना (आईएएफ) के अगले प्रमुख होंगे। रक्षा मंत्रालय ने बताया कि वे एयर चीफ मार्शल विवेक राम चौधरी का स्थान लेंगे। विवेक राम 30 सितंबर को सेवानिवृत्त हो रहे हैं। मंत्रालय ने बताया कि अमर प्रीत सिंह को वरिष्ठता के आधार पर आईएएफ चीफ नियुक्त किया गया है।

कौन हैं एयर मार्शल अमरप्रीत सिंह?

एयर मार्शल सिंह नेशनल डिफेंस एकेडमी, डिफेंस सर्विसेज स्टाफ कॉलेज और नेशनल डिफेंस कॉलेज के पूर्व छात्र हैं। एयर मार्शल अमरप्रीत सिंह दिसंबर 1984 में वायुसेना में शामिल हुए थे और एक अनुभवी फाइटर पायलट हैं। वे 21 दिसंबर 1984 को भारतीय वायुसेना के फाइटर स्ट्रीम में कमीशन हुए थे। वे एक योग्य फ्लाइंग इंस्ट्रक्टर और एक्सपेरिमेंटल टेस्ट पायलट हैं, जिनके पास 5,000 से अधिक घंटे की उड़ान का अनुभव है जिसमें कई प्रकार के विमान और हेलिकॉप्टर शामिल हैं।

एयर मार्शल अमरप्रीत सिंह ने लगभग चार दशक के अपने करियर में एक ऑपरेशनल फाइटर स्क्वाड्रन और एक एयर बेस का नेतृत्व किया है। टेस्ट पायलट के रूप में उन्होंने रूस के मॉस्को में मिग-29 अपग्रेड प्रोजेक्ट मैनेजमेंट टीम का नेतृत्व किया। इसके अलावा, वे नेशनल फ्लाइट टेस्ट सेंटर में प्रोजेक्ट डायरेक्टर (फ्लाइट टेस्ट) रहे, जहां उन्होंने हल्के लड़ाकू विमान (तेजस) की उड़ान परीक्षणों की देखरेख की। वहीं 59 साल की उम्र में तेजस को उड़ाकर न सिर्फ सबको चौंका दिया था, बल्कि अपनी उम्र के कारण सभी का ध्यान अपनी तरफ खींचा था।

फरवरी 2022 में वाइस चीफ बनने से पहले, उन्होंने कई महत्वपूर्ण कमांड और स्टाफ पदों पर काम किया। इसके अलावा, वे प्रयागराज स्थित सेंट्रल एयर कमांड के एयर ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ भी रह चुके हैं। 1 फरवरी 2023 को उन्होंने वाइस चीफ का पदभार संभाला। एयर मार्शल सिंह को उनकी उत्कृष्ट सेवाओं के लिए परम विशिष्ट सेवा मेडल (पीवीएसएम) और अति विशिष्ट सेवा मेडल (एवीएसएम) से सम्मानित किया गया है।

यह भी पढ़ें
Here are a few more articles:
Read the Next Article