UP Board 12th Result 2025: यूपी बोर्ड की 12वीं के नतीजे शुक्रवार को घोषित कर दिए गए। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (UPMSP) बोर्ड के 12वीं बोर्ड के इस साल के नतीजे बताते हैं कि इंटरमीडिएट में प्रयागराज की महक जायसवाल ने यूपी टॉप किया है। उन्हें कुल 500 में 486 अंक आए हैं। यूपी 12वीं बोर्ड की टॉपर महक जायसवाल की मार्कशीट बताती है कि उन्हें फिजिक्स और बायोलॉजी में 99-99 अंक मिले हैं। इसके अलावा केमिस्ट्री में भी उन्हें 98 अंक आए हैं।
यूपी बोर्ड रिजल्ट: महक जायसवाल को 97.2 फीसदी नंबर
इस बार 12वीं (इंटरमीडिएट) में 81.15 प्रतिशत विद्यार्थी पास होने में कामयाब हुए हैं। महक जायसवाल को 97.2 प्रतिशत अंक मिले हैं। वे यूपी के प्रयागराज जिले में बच्चा राम यादव इंटर कॉलेज की छात्रा हैं। महक जायसवाल को हिंदी में 95 नंबर और अंग्रेजी में भी 95 नंबर मिले हैं। उनके सभी विषयों में अंक इस प्रकार हैं-
हिंदी- 95
इंग्लिश- 95
फिजिक्स- 99
बायोलॉजी- 99
केमिस्ट्री- 98
इस साल हाईस्कूल यानी कक्षा 10 में 90.11% विद्यार्थी पास हुए हैं। 10वीं में यश प्रताप सिंह ने टॉप किया है। यश प्रताप को 97.83 प्रतिशत नंबर मिले हैं। वे जालौन जिले से आते हैं। इस साल कुल मिलाकर 54 लाख से ज्यादा छात्र-छात्राओं ने यूपी बोर्ड से 10वीं और 12वीं की परीक्षा दी थी।
इस साल यूपी बोर्ड की 2025 की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट की परीक्षाएं 24 फरवरी, 2025 से 12 मार्च, 2025 के बीच सम्पन्न हुई थी। इस वर्ष यूपी बोर्ड द्वारा कुल 8,140 परीक्षा केन्द्रों पर 13 कार्य दिवसों में परीक्षाएं सफलतापूर्वक संपन्न कराई गईं। उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन 19 मार्च, 2025 से 2 अप्रैल, 2025 के मध्य निर्धारित कुल 261 मूल्यांकन केंद्रों पर सम्पन्न हुआ था।
UP Board Result 2025: कैसे चेक करें रिजल्ट
बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइटों - upmsp.edu.in और upresults.nic.in पर यूपी बोर्ड के 10वीं और 12वीं के रिजल्ट देखे जा सकते हैं। परिणाम डिजिलॉकर पर उपलब्ध हैं।
रिजल्ट के लिए आपको आधिकारिक वेबसाइट पर जाना होगा। यहां 10वीं या 12वीं रिजल्ट के लिंक पर क्लिक करें। इसके बाद अपना रोल नंबर और मांगी गई अन्य जानकारी दर्ज करनी होगी। इसके बाद कुछ सेकेंड में नतीजे आपकी स्क्रिन पर होंगे।