'सुपर भाजपाई बनने की कोशिश...', पहलगाम हमले पर बयान के बाद शशि थरूर पर भड़के कांग्रेस नेता

पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद शशि थरूर ने बयान दिया था। थरूर के बयान के बाद उनकी ही पार्टी के नेता उदित राज ने थरूर पर सवाल उठाते हुए कहा कि वह भाजपाई बनने की कोशिश कर रहे हैं।

Udit Raj Slams Shashi Tharoor

शशि थरूर पर क्यों भड़के उदित राज?

नई दिल्लीः कांग्रेस नेता उदित राज ने अपनी ही पार्टी के नेता शशि थरूर पर पहलगाम हमले को लेकर उनके बयान पर निशाना साथा है। इसके साथ ही उदित राज ने पार्टी के प्रति वफादारी पर भी सवाल उठाए हैं। राज ने थरूर पर सवाल उठाते हुए कहा कि मैं हैरान हूं कि थरूर कांग्रेस के लिए बोल रहे हैं या फिर खुद को भाजपा के साथ जोड़ने का प्रयास कर रहे हैं। 

उदित राज ने पूछा " मैं शशि थरूर से पूछना चाहता हूं कि वह कांग्रेस पार्टी में हैं या भाजपा में? क्या वह सुपर भाजपा मैन बनने का प्रयास कर रहे हैं? "

थरूर ने क्या कहा था?

दरअसल, राज का यह जवाब उस वक्त आया है जब थरूर ने पहलगाम आतंकी हमले को खुफिया विफलता बताया था। इसके साथ ही थरूर ने इसकी तुलना इजराइल पर हमास के हमले की भी की है। इसके साथ ही थरूर ने यह भी कहा था अभी लोगों को सरकार की विफलताओं पर जोर नहीं देना चाहिए। 

थरूर ने समाचार एजेंसी एएनआई से बातचीत करते हुए कहा "स्पष्ट रूप से, कोई पूर्णतया विश्वसनीय खुफिया जानकारी नहीं थी। कुछ विफलताएं थीं लेकिन हमारे पास इजराइल का उदाहरण है जो सभी के अनुसार, दुनिया की सर्वश्रेष्ठ खुफिया सेना है। "

थरूर ने आगे कहा "हम उन विभिन्न आतंकी हमलों के बारे में कभी नहीं जान पाएंगे जिन्हें सफलतापूर्वक विफल कर दिया गया। हमें केवल उन हमलों के बारे में पता चलेगा जिन्हें हम विफल करने में असफल रहे। यह किसी भी राष्ट्र में सामान्य बात है। मैं सहमत हूं कि विफलताएं भी हुई हैं लेकिन अभी हमारा ध्यान इस पर नहीं होना चाहिए। "

राज ने किया लंबा पोस्ट

राज ने इस संबंध में एक्स पर एक लंबी पोस्ट शेयर करते हुए थरूर पर सवाल उठाए हैं और उनपर भाजपा का वकील होने के आरोप लगाए है।

थरूर को संबोधित करते हुए राज ने कहा "कांग्रेस सत्ता में नहीं है फिर भी भाजपा समय समय पर आलोचना करती रहती है। ऐसा कहा जाता है कि कांग्रेस के शासन काल के दौरान आतंकवादी हत्या कर भाग जाते थे तो क्या आपको यह नहीं पूछना चाहिए कि उन्होंने उरी, पठानकोट, पुलवामा और पहलगाम में कैसे हत्या की और भाग गए?"

राज ने आगे कहा कि थरूर को पीएम मोदी से पाक अधिकृत कश्मीर के बारे में पूछना चाहिए। 

ज्ञात हो कि 22 अप्रैल को पहलगाम की बैसरन घाटी में पर्यटकों पर आतंकी हमला हुआ था जिसमें 26 लोग मारे गए थे। इसके बाद भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ कुछ कूटनीतिक कदम उठाए हैं। 

यह भी पढ़ें
Here are a few more articles:
Read the Next Article