भारत के पास पाकिस्तान से ज्यादा परमाणु हथियार, चीन के हथियारों की संख्या 500 हुई....SIPRI की ताजा रिपोर्ट में क्या है, 8 प्वाइंट्स में जानिए

स्टॉकहोम इंटरनेशनल पीस रिसर्च इंस्टीट्यूट (SIPRI) के अनुसार दुनिया के कुल परमाणु हथियारों का 90 प्रतिशत अमेरिका और रूस के पास है। चीन ने भी पिछले एक साल में तेजी से ऐसे हथियारों की संख्या बढ़ाई है।

एडिट
According to a SIPRI report, India has 172 nuclear weapons as of January 2024 (symbolic photo)

SIPRI की रिपोर्ट के अनुसार जनवरी-2024 तक भारत के पास 172 परमाणु हथियार हैं (प्रतीकात्मक तस्वीर)

दिल्ली: स्वीडिश थिंक टैंक स्टॉकहोम इंटरनेशनल पीस रिसर्च इंस्टीट्यूट (SIPRI) की एक रिपोर्ट के अनुसार भारत के पास अब पाकिस्तान की तुलना में अधिक परमाणु हथियार हैं। चीन ने भी अपने परमाणु हथियारों की संख्या पिछले एक साल में बढ़ाई है। चीन के पास जनवरी 2023 में जहां 410 परमाणु हथियार थे, वहीं अब इनकी संख्या बढ़ाकर जनवरी 2024 तक 500 हो गई है। SIPRI ने अपने विश्लेषण में कहा है कि आने वाले दिनों में इसके और बढ़ने की संभावना है।

रिपोर्ट के अनुसार दुनिया में अभी भी सबसे ज्यादा परमाणु हथियार अमेरिका और रूस के ही पास है। दुनिया में मौजूद सभी परमाणु हथियारों में से 90 प्रतिशत इन दोनों देशों के पास है। रिपोर्ट के अनुसार अमेरिका के पास 3708 तो रूस के पास 4380 परमाणु हथियार मौजूद हैं। उत्तर कोरिया के पास भी 50 परमाणु हथियार हैं।

SIPRI रिपोर्ट की मुख्य बातें

1. रिपोर्ट के अनुसार अमेरिका, रूस, ब्रिटेन, फ्रांस, चीन, भारत, पाकिस्तान, उत्तर कोरिया और इजराइल सहित नौ परमाणु-सशस्त्र राष्ट्रों ने अपने परमाणु हथियारों का आधुनिकीकरण जारी रखा है और उनमें से कई ने 2023 में नई परमाणु-सक्षम हथियार प्रणालियां तैनात की।

2. रिपोर्ट के अनुसार जनवरी-2024 तक भारत के पास 172 परमाणु हथियार हैं। पाकिस्तान के पास 170 हथियार हैं। भारत ने 2023 में अपने परमाणु हथियारों की संख्या कुछ बढ़ाई है। पाकिस्तान ने भी पिछले साल नए तरह के न्यूक्लियर डिलीवरी सिस्टम को विकसित करना जारी रखा।

3. SIPRI की रिपोर्ट के अनुसार पाकिस्तान जहां भारत के परमाणु हथियारों के विकास के लिए मुख्य वजह बना हुआ है, वहीं भारत लंबी दूरी के हथियारों पर भी जोर दे रहा है। इसमें पूरे चीन तक पहुंच बनाने में सक्षम हथियार तैयार करना भी शामिल हैं।

4. रिपोर्ट के अनुसार तैनात किए गए लगभग 2,100 हथियार बैलिस्टिक मिसाइलों पर उच्च परिचालन चेतावनी की स्थिति में रखे गए हैं। इनमें से लगभग सभी रूस या अमेरिका के हैं। हालांकि, ऐसा भी माना जा रहा है कि पहली बार चीन के कुछ हथियार भी हाई ऑपरेशनल अलर्ट पर हैं।

5. रूस और अमेरिका के पास दुनिया के कुल परमाणु हथियारों का लगभग 90 प्रतिशत हिस्सा है।

6. SIPRI के अनुसार अनुमान है कि रूस ने जनवरी 2023 की तुलना में ऑपरेशनल फोर्सेस के साथ लगभग 36 अधिक हथियार तैनात किए हैं।

7. इस रिपोर्ट के अनुसार फ्रांस के पास 290, यूके के पास 225 और इजराइल के पास 90 परमाणु हथियार मौजूद हैं।

8. रिपोर्ट में कहा गया है कि जनवरी 2024 में अनुमानित 12,121 परमाणु हथियारों की कुल वैश्विक सूची में से लगभग 9,585 संभावित उपयोग के लिए सैन्य भंडार में हैं। इसमें भी अनुमानित 3,904 हथियार मिसाइलों और विमानों के साथ तैनात किए हुए हैं। यह संख्या जनवरी 2023 की तुलना में 60 अधिक है। बाकी के हथियार भंडार में हैं।

यह भी पढ़ें
Here are a few more articles:
Read the Next Article