सैफ अली खान पर हमला करने वाले बांग्लादेशी का समर्थन कर रही है कांग्रेस: संजय निरुपम

संजय निरुपम ने कहा है कि कांग्रेस बांग्लादेशी घुसपैठियों के समर्थन में पहली बार नहीं निकली है। यह उनकी घोषित नीति है।

एडिट
Mumbai: Former Congress leader Sanjay Nirupam addresses a press conference, in Mumbai, Thursday, April 4, 2024.(IANS)

संजय निरुपम (फाइल फोटो- IANS)

मुंबई: सैफ अली खान पर हमले और उसके बाद की परिस्थितियों को लेकर सवाल उठाने वाले शिवसेना नेता (शिंदे गुट) संजय निरुपम ने अब कांग्रेस पर हमला बोला है। संजय निरुपम ने एक्स पर एक पोस्ट में आरोप लगाया कि कांग्रेस बांग्लादेशी घुसपैठियों का समर्थन करती रही है।

संजय निरुपम ने कहा कि महाराष्ट्र कांग्रेस सैफ अली खान पर हमला करनेवाले बांग्लादेशी के समर्थन में खड़ी हो गई है। बकौल संजय निरुपम महाराष्ट्र कांग्रेस के अध्यक्ष ने सैफ पर हमले के केस की चल रही छानबीन पर सवाल उठाया है और कहा है कि बांग्लादेशी घुसपैठिये को मुंबई पुलिस नाहक फंसा रही है।

संजय निरुपम ने दरअसल नाना पटोले के उस प्रेस कॉन्फ्रेंस की ओर से इशारा किया है जिसमें उन्होंने कहा था कि पकड़ा गया व्यक्ति और अभिनेता के अपार्टमेंट में सीसीटीवी में कैद व्यक्ति अलग-अलग नजर आ रहे हैं। नाना पटोले ने इस पर मुंबई पुलिस से स्पष्टीकरण की भी मांग की थी।

संजय निरुपम ने कांग्रेस पर क्या आरोप लगाए?

संजय निरुपम ने शनिवार को एक्स पर एक पोस्ट में कहा, 'महाराष्ट्र कांग्रेस सैफ अली खान पर हमला करनेवाले बांग्लादेशी के समर्थन में खड़ी हो गई है।

पार्टी के अध्यक्ष ने प्रेस कॉन्फ़्रेंस बुलाकर इस केस की चल रही छानबीन पर सवाल उठाया है और कहा है कि बांग्लादेशी घुसपैठिये को मुंबई पुलिस नाहक फँसा रही है। यह पहली बार नहीं है कि कांग्रेस बांग्लादेशी घुसपैठियों के समर्थन में निकली है। यह उनकी घोषित नीति है। दरअसल भारत में बांग्लादेशी घुसपैठ की समस्या की जड़ में यही नीति है।'

निरुपम ने आगे कहा, 'तृणमूल कांग्रेस से लेकर वामपंथी और कांग्रेस तक, ये सारे सेकुलरिज्म के नाम पर बांग्लादेशी घुसपैठियों के खिलाफ कभी सख्ती नहीं बरती। बल्कि तृणमूल वाले तो वोट बैंक बढ़ाने के लिए पश्चिम बंगाल में घुसपैठ को बढ़ावा देते है। इसका खामियाजा दिल्ली-मुंबई के लोग भोग रहे हैं।'

निरुपम ने कहा, 'इनके खिलाफ राज्य सरकारों को बिना किसी उदारता के सख़्त कार्रवाई करनी चाहिए और इन्हें बांग्लादेश तक खदेड़ना चाहिए। क्योंकि ये बांग्लादेशी मजदूरी के लिए आते हैं और आपराधिक गतिविधियों में शामिल होते हैं।'

नाना पटोले ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में क्या कहा था?

महाराष्ट्र कांग्रेस अध्यक्ष नाना पटोले ने गुरुवार को कहा था, 'हाल ही में एक अखबार ने दावा किया कि सैफ अली खान के पर हमले के मामले में जिस व्यक्ति की फोटो (अपार्टमेंट की) सीढ़ियों पर दिखाई गई और जिस व्यक्ति को पकड़ा गया, दोनों में फर्क है। इसकी जांच भी की गई, उसी आधार यह रिपोर्ट दी गई। हमने भी दोनों अपराधियों की फोटो को गौर से देखा तो पाया कि दोनों में अंतर है।'

उन्होंने कहा था, 'मुंबई पुलिस को तुरंत इस बात पर स्पष्टीकरण देना चाहिए। यह स्पष्टीकरण मुंबई पुलिस को इसलिए देना चाहिए कि मुंबई के एक सबसे प्रसिद्ध इलाके में देश के सबसे मशहूर अभिनेता भी सुरक्षित नहीं हैं तो कौन सुरक्षित होगा। बॉलीवुड मुंबई और भारत की शान है। अगर इस तरह के हमले होते रहे तो बॉलीवुड को मुंबई छोड़ते ज्यादा समय नहीं लगेगा। इसका नुकसान मुंबई को होगा। महाराष्ट्र में गांव का सरपंच भी सुरक्षित नहीं है, आम पब्लिक भी सुरक्षित नहीं है। यही बात सामने आ रही है। बीड में क्या हुआ हम सबने देखा। उसके बाद मुंबई में सैफ अली खान के साथ क्या हुआ। मुंबई में ऐसी घटना दोबारा न हो इसलिए सही आरोपी को पकड़कर कार्रवाई करनी चाहिए। किसी भी इंसान को नहीं पकड़ लेना चाहिए।'

संजय निरुपम ने सैफ केस में पहले क्या सवाल उठाए थे?

सैफ अली खान के अस्पताल से छुट्टी मिलने और मीडिया के सामने आने के बाद जो वीडियो वायरल हुए, उसे देखते हुए संजय निरुपम ने कुछ सवाल उठाए थे।

संजय निरुपम ने अपने एक्स अकाउंट पर सैफ अली खान का एक वीडियो शेयर किया। उन्होंने पूछा, 'डॉक्टरों का कहना था कि सैफ अली खान की पीठ में 2.5 इंच अंदर तक चाकू घुसा था। संभवत: अंदर ही फंसा था। लगातार छह घंटे ऑपरेशन चला और यह सब 16 जनवरी की बात है। आज 21 जनवरी है। अस्पताल से निकलते ही इतना फिट? सिर्फ पांच दिन में? कमाल है।'

न्यूज एजेंसी आईएएनएस से बातचीत के दौरान उन्होंने सैफ और उनके परिवार से इस घटना के बारे में जानकारी देने के लिए भी अपील की थी। निरुपम ने कहा कि 16 जनवरी को सैफ अली खान के साथ जो कुछ भी हुआ, वह बेहद चिंताजनक है। हम परिवार के साथ हैं। सैफ को अस्पताल से छुट्टी मिल गई है और बाहर वह ऐसे दिखे हैं जैसे वह शूटिंग करने के लिए फिट हैं। यह देखना आश्चर्यजनक है। डॉक्टरों ने कहा था कि चाकू उनकी पीठ में 2.5 इंच तक घुस गया था, जिसके लिए छह घंटे का ऑपरेशन करना पड़ा। चिकित्सकीय रूप से इतनी जल्दी ठीक होना कैसे संभव है।

उन्होंने कहा था कि सैफ के अस्पताल में भर्ती होने के दौरान जिस तरह से डॉक्टरों का बयान आया था। उसके बाद जिस तरह से सैफ अली खान की रिकवरी हुई, उससे कई सवाल पैदा हो रहा है।

निरुपम ने आगे कहा कि जब सैफ पर हमला हुआ, तो मुंबई में कानून व्यवस्था का मामला बन गया। विपक्षी नेताओं ने सरकार और गृह मंत्री पर विफल होने का आरोप लगाया। ऐसी स्थिति में, परिवार को बताना चाहिए कि 16 जनवरी की रात क्या हुआ था। पुलिस की जांच में एक बांग्लादेशी पकड़ा गया है। ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।

उल्लेखनीय है कि 16 जनवरी को घर पर हुए हमले में घायल अभिनेता सैफ अली खान को छह दिन बाद मंगलवार को अस्पताल से छुट्टी मिल गई थी। अभिनेता मुंबई के लीलावती अस्पताल में भर्ती थे, जहां उनकी सर्जरी हुई।

(समाचार एजेंसी IANS के इनपुट के साथ)

यह भी पढ़ें
Here are a few more articles:
Read the Next Article