रेखा गुप्ता कल लेंगी सीएम पद की शपथ, राजनाथ सिंह समेत इन नेताओं ने दी बधाई

दिल्ली के मुख्यमंत्री के रूप में रेखा गुप्ता के नाम का ऐलान कर दिया गया है। भाजपा विधायक दल की बैठक में उनके नाम पर मुहर लगने के बाद, रेखा गुप्ता गुरुवार को रामलीला मैदान में शपथ लेंगी।

gupta

gupta Photograph: (IANS)

नई दिल्ली: दिल्ली के मुख्यमंत्री के रूप में रेखा गुप्ता के नाम का ऐलान कर दिया गया है। भाजपा विधायक दल की बैठक में उनके नाम पर मुहर लगने के बाद, रेखा गुप्ता गुरुवार को रामलीला मैदान में शपथ लेंगी। रेखा गुप्ता के मुख्यमंत्री बनने के बाद उनके घर पर खुशी का माहौल है। उनके समर्थक और करीबी रिश्तेदार उन्हें बधाई देने के लिए जुटे हुए हैं। लोग एक-दूसरे को मिठाइयां खिलाकर इस ऐतिहासिक मौके का जश्न मना रहे हैं।

दिल्ली की चौथी महिला मुख्यमंत्री

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी ने दिल्ली का अगला मुख्यमंत्री चुने जाने पर शालीमार बाग विधायक रेखा गुप्ता को बुधवार को बधाई दी। रेखा गुप्ता दिल्ली की चौथी महिला मुख्यमंत्री होंगी। इससे पहले शीला दीक्षित, सुषमा स्वराज और आतिशी इस पद पर रह चुकी हैं। बुधवार शाम भाजपा विधायक दल की बैठक में सतीश उपाध्याय और विजेंद्र गुप्ता ने रेखा गुप्ता के नाम का प्रस्ताव रखा, जिसे सभी विधायकों की स्वीकृति मिल गई।

राजनाथ सिंह ने दी बधाई 

राजनाथ सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, "दिल्ली में रेखा गुप्ता को भाजपा विधायक दल का नेता चुने जाने पर बहुत बधाई एवं शुभकामनाएं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में और उनके प्रयासों से दिल्ली विकसित भारत की विकसित राजधानी बनेगी, ऐसा मेरा पक्का विश्वास है।" नितिन गडकरी ने एक्स पर लिखा, "दिल्ली में भाजपा विधायक दल की नेता और मुख्यमंत्री के तौर पर रेखा गुप्ता के चयन पर उनका हृदय से अभिनंदन। रेखा गुप्ता के नेतृत्व में दिल्ली प्रगति में देश का अभिमान होगा, यह मुझे विश्वास है।"

योगी आदित्यनाथ ने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, "भाजपा विधायक दल का नेता चुने जाने पर रेखा गुप्ता को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं।" उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रेखा गुप्ता को भाजपा विधायक दल का नेता चुने जाने पर बधाई दी। उन्होंने एक्स पर लिखा, "मुझे पूर्ण विश्वास है कि आदरणीय प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में आपका नेतृत्व दिल्ली की प्रगति को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगा और दिल्ली का सर्वस्पर्शी तथा सर्वांगीण विकास सुनिश्चित होगा।"

पहली बार चुनी गईं विधायक

दिल्ली की शालीमार बाग सीट से पहली बार विधायक चुनी गईं रेखा गुप्ता ने शालीमार बाग सीट पर 'आप' की बंदना कुमारी को 29,595 मतों के अंतर से हराया। रेखा गुप्ता ने 1992 में दिल्ली विश्वविद्यालय के दौलत राम कॉलेज से पढ़ाई के दौरान ही छात्र राजनीति में कदम रखा। वह अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) से जुड़ी रहीं और 1996-97 में दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (डूसू) की अध्यक्ष बनीं, जहां उन्होंने छात्रों के मुद्दों को सक्रिय रूप से उठाया। साल 2007 में उत्तरी पीतमपुरा से पार्षद चुने जाने के बाद, उन्होंने क्षेत्र में पुस्तकालय, पार्क और स्विमिंग पूल जैसी सुविधाओं के विकास पर काम किया।

20 फरवरी को शपथग्रहण 

शपथ ग्रहण समारोह 20 फरवरी को रामलीला मैदान में होगा। समारोह के निमंत्रण की पहली कॉपी सामने आई है। इस निमंत्रण पत्र में मुख्य सचिव की तरफ से सभी लोगों को समारोह में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया है। दिल्ली विधानसभा चुनाव में भाजपा ने 70 में से 48 सीटें जीतकर अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली आम आदमी पार्टी (आप) को सत्ता से बाहर का रास्ता दिखाया है। दिल्ली में 10 साल से अधिक समय तक शासन करने वाली 'आप' को विधानसभा चुनाव में केवल 22 सीटें ही मिल सकीं। वहीं, पिछली बार की तरह इस बार भी कांग्रेस का खाता नहीं खुला।

यह भी पढ़ें
Here are a few more articles:
Read the Next Article