सोशल मीडिया के चर्चित पादरी बजिंदर सिंह का एक वीडियो वायरल हुआ है जिसमें वह एक महिला के साथ मारपीट करता देखा जा रहा है। वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है जिसमें वह कार्यालय में मौजूद लोगों के साथ मारपीट कर रहा है। इसके साथ ही गोद में बच्चा लिए महिला के साथ भी मारपीट करते देखा जा सकता है। इसका सीसीटीवी वीडियो तेजी से इंटरनेट पर वायरल हो गया।
कथित रूप से सीसीटीवी फुटेज इसी साल फरवरी महीने का है। इस वीडियो ने लोगों में आक्रोश पैदा कर दिया है और लोग स्वयंभू ईसाई पैगंबर के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि वह पहले अपने कार्यालय के एक कर्मचारी पर मोबाइल फेंकता है। इसके बाद वह कुर्सी से उस पर हमला करता है और अन्य लोगों को धमकाता है। इसके बाद वह गोद में बच्चा लिए महिला को धमकाता है और थोड़ी देर बाद उस पर कॉपी फेंककर मारता है। इसके बाद महिला के साथ हाथापाई भी करता है। तभी कार्यालय में मौजूद लोग बीच बचाव करते हैं। इसके बाद भी दोनों के बीच काफी देर तक बहस होती रही।
He calls himself a “prophet” - leaked video from Bajinder Singh’s office shows him beating up a person and throwing a chair at that man pic.twitter.com/6zp0Yekaql
— Sameer (@BesuraTaansane) March 23, 2025
सीसीटीवी फुटेज उस वक्त मिला है जब बजिंदर सिंह के खिलाफ यौन उत्पीड़न के मामले में जांच चल रही है। समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार, 22 वर्षीय महिला ने पादरी पर उत्पीड़न का आरोप लगाया है। महिला ने आरोप लगाया कि उसने महिला का मोबाइल नंबर लिया और फिर उसे मैसेज भेजने लगा।
साल 2022 से बजिंदर सिंह महिला को चर्च केबिन में अकेले बैठाता था जहां वह उससे गले मिलता था और गलत तरीके से छूता था। इसके साथ ही महिला ने यह भी दावा किया कि उसने उसे धमकी भी दी थी कि अगर वह शिकायत करेगी तो वह उसके परिवार को खत्म कर देगा।
पंजाब पुलिस ने कई धाराओं में दर्ज किया मामला
पंजाब पुलिस ने 28 फरवरी को सिंह के खिलाफ कई धाराओं में मामला दर्ज किया। इसमें भारतीय दंड संहिता यानी आईपीसी की धारा- 354ए (यौन उत्पीड़न), 354डी (घूरना) और 506 (आपराधिक धमकी) की धाराएं शामिल हैं।
इस शिकायत के बाद तीन सदस्यीय विशेष जांच दल यानी एसआईटी गठित की गई। इस टीम की अध्यक्षता पुलिस अधीक्षक रुपिंदर कौर कर रहे हैं। वहीं, राष्ट्रीय महिला आयोग ने भी मामले का संज्ञान लिया है और उसके खिलाफ त्वरित कार्रवाई करने की मांग की है।
हालांकि बजिंदर सिंह ने इन आरोपों से इंकार किया है। सिंह ने अपने ऊपर लगे आरोपों को "आधारहीन" बताया है। इससे पहले मीडियाकर्मियों से बातचीत करते हुए उसने कहा था कि इन दिनों आसानी से झूठी चैट बनाई जा सकती हैं। उन लोगों को मेरे खिलाफ सबूत पेश करने चाहिए। सिंह ने आरोप लगाने वाली महिला के बारे में कहा कि चर्च में हर कोई जानता है कि वह दौरे से पीड़ित थी और बुरी आत्माओं से परेशान थी।
बजिंदर सिंह का इतिहास विवादों से घिरा रहा है। साल 2018 में वह जीरकपुर में एक महिला द्वारा यौन उत्पीड़न की शिकायत पर दिल्ली हवाई अड्डे से गिरफ्तार किया गया था। वहीं, मोहाली की अदालत ने हाल ही में उस मामले में सिंह के खिलाफ वारंट जारी किया है।
साल 2022 में एक परिवार ने उनकी बेटी के इलाज के लिए पैसे लेने का आरोप लगाया। बाद में उस लड़की की मृत्यु हो गई। इसके अलावा वह कर अधिकारियों की रडार पर भी है। साल 2023 में आयकर अधिकारियों ने उस पर छापे मारे थे।