नई दिल्ली: केरल के वायनाड लोकसभा सीट पर हुए उपचुनाव में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा बड़े अंतर से जीत हासिल की है। उन्हें चार लाख से ज्यादा मतों के अंतर से जीत हासिल हुई है। हालांकि, 2019 के राहुल गांधी के जीत के रिकॉर्ड को नहीं तोड़ सकीं। वैसे, इस साल के लोकसभा चुनाव में राहुल गांधी को मिली जीत से भी बड़ी जीत जरूर प्रियंका गांधी ने हासिल की।

दरअसल, इसी साल लोकसभा चुनाव में राहुल गांधी ने वायनाड और रायबरेली से जीत हासिल करने के बाद वायनाड से इस्तीफा दे दिया था। इस वजह से यहां उपचुनाव कराए गए थे। प्रियंका गांधी के लिए यह चुनावी राजनीति की शुरुआत भी थी।

राहुल गांधी का 2019 का रिकॉर्ड नहीं टूटा

प्रियंका गांधी को वायनाड उपचुनाव में 622338 मत मिले। वहीं दूसरे नंबर पर रहे कम्यूनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया सत्यान मोर्केरी 211407 वोट के साथ दूसरे स्थान पर रहे। ऐसे में प्रियंका गांधी ने 410931 वोटों के अंतर से जीत हासिल की है। तीसरे स्थान पर भारतीय जनता पार्टी की नव्या हरिदास रहीं। उन्हें 109939 वोट मिले।

प्रियंका गांधी ने चार लाख वोटों के अंतर से जीत हासिल कर इस सीट इसी साल राहुल गांधी को मिली जीत को जरूर पीछे छोड़ दिया। राहुल गांधी ने इसी साल के लोकसबा चुनाव में वायनाड से 3.65 लाख मतों के अंतर से जीत हासिल की थी। उन्होंने सीपीआई के एनी राजा को हराया था। प्रियंका गांधी की चार लाख वोटों के अंतर से जीत तब हुई है जब वोट प्रतिशत इस उपचुनाव में कम रहा था।

वायनाड उपचुनाव में मतदान प्रतिशत लगभग 65 प्रतिशत था। वहीं, इस साल अप्रैल में हुए लोकसभा चुनावों में यह लगभग 74 प्रतिशत रहा था। इससे भी पहले 2019 के आम चुनाव में इस निर्वाचन क्षेत्र में वोटिंग प्रतिश 80 प्रतिशत से कुछ अधिक रहा था। राहुल गांधी ने 2019 में वायनाड से 4.31 लाख मतों के बड़े अंतर से जीत हासिल की थी। राहुल गांधी को तब 706367 वोट मिले थे।

प्रियंका गांधी ने जीत पर क्या कहा?

प्रियंका गांधी की इस जीत को लेकर उनकी पार्टी और समर्थक बेहद उत्साहित हैं। मतगणना के दौरान ही प्रियंका गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक भावुक पोस्ट साझा किया, जिसमें उन्होंने वायनाड की जनता का धन्यवाद किया और जीत के इस सफर में उनके साथियों, परिवार और कार्यकर्ताओं का भी आभार व्यक्त किया।

प्रियंका गांधी ने अपने पोस्ट में लिखा, 'मेरे प्यारे वायनाड की बहनें और भाइयों, मैं आपके द्वारा मुझे दिए गए विश्वास से अभिभूत हूं। मैं यह सुनिश्चित करूंगी कि समय के साथ आपको यह महसूस हो कि यह जीत आपकी जीत है और जिस व्यक्ति को आपने अपना प्रतिनिधि चुना है, वह आपके सपनों और आकांक्षाओं को समझता है और आपके लिए लड़ता है, जैसे कि वह आपका अपना हो। मुझे संसद में आपकी आवाज बनने का इंतजार है।'

प्रियंका ने आगे कहा, 'इस सम्मान के लिए मैं आपका धन्यवाद करती हूं और उससे भी अधिक, जो अपार प्रेम आपने मुझे दिया है।' इसके अलावा, प्रियंका ने अपने भाई राहुल गांधी का भी धन्यवाद किया और उन्हें सबसे बहादुर बताया, साथ ही यह कहा कि राहुल हमेशा उनके लिए रास्ता दिखाते हैं और उनका समर्थन करते हैं।