भुवनेश्वर: ओडिशा के सुंदरगढ़ जिले में शनिवार तड़के नक्सल विरोधी अभियान के दौरान हुए एक आईईडी विस्फोट में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के एक अधिकारी की मौत हो गई। शहीद जवान की पहचान 134वीं बटालियन के सहायक उपनिरीक्षक (ASI) सत्यबान कुमार सिंह (उम्र 34) के रूप में हुई है।
यह विस्फोट सुबह करीब 6 बजे राउरकेला क्षेत्र के के बलांग थाना क्षेत्र अंतर्गत सरंडा वन क्षेत्र में, ओडिशा-झारखंड सीमा के पास हुआ। घटना में एएसआई सिंह के बाएं पैर में गंभीर चोटें आईं। उन्हें तुरंत हवाई मार्ग से राउरकेला अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
यह संयुक्त सर्च ऑपरेशन ओडिशा पुलिस के स्पेशल ऑपरेशंस ग्रुप (SOG) और सीआरपीएफ द्वारा चलाया जा रहा था। सुरक्षा बलों का यह तलाशी अभियान क्षेत्र में सक्रिय नक्सलियों की गतिविधियों को नियंत्रित करने के उद्देश्य से चलाया गया था।
शहीद एएसआई सत्यबान कुमार सिंह उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले के रहने वाले थे। अधिकारियों के अनुसार, क्षेत्र में ऑपरेशन अब भी जारी है और सुरक्षाबल नक्सलियों को बेअसर करने के लिए तलाशी अभियान में जुटे हुए हैं।