जगन मोहन रेड्डी ने नारा लोकेश को बताया आंध्र का सद्दाम हुसैन Photograph: (X)
हैदराबादः तेलुगु देशम पार्टी के नेता और सीएम नायडू के बेटे नारा लोकेश ने राज्य के पूर्व सीएम जगन मोहन रेड्डी पर जमकर निशाना साधा है। नारा लोकेश ने रेड्डी को कहा कि वह आंध्र प्रदेश के सद्दाम हुसैन थे। लोकेश ने कहा कि रेड्डी को लगता था कि वह 30 साल तक सत्ता में रहेंगे। उन्होंने रुशिकोंडा पहाड़ियों पर स्थित रेड्डी के भव्य भवन को लेकर उठे विवाद के बीच बयान दिया।
लोकेश ने कहा कि यह आंध्र प्रदेश के पर्यटन विभाग की एक परियोजना थी। लेकिन जगन मोहन रेड्डी के सीएम बनने के बाद इसे 'शीश महल' में बदल दिया गया। उन्होंने कहा "पूर्व मुख्यमंत्री को लगता था कि वह आंध्र प्रदेश के 'सद्दाम हुसैन' हैं और वह 30 सालों तक सत्ता में रहेंगे।"
इराक का तानाशाह सद्दाम हुसैन
ज्ञात हो कि सद्दाम हुसैन इराक का तानाशाह था और देश पर 1979 से लेकर 2003 तक शासन किया। सद्दाम का प्रशासन पूरी तरह से एक सर्वसत्तावादी (अधिनायकवादी) राज्य की तरह था। हुसैन को देश में सामूहिक हत्याओं के साथ-साथ अन्य दमनकारी कृत्यों के लिए जिम्मेदार ठहराया जाता है।
नारा लोकेश ने कहा कि मेरे नाना मुख्यमंत्री थे, मेरे पापा मुख्यमंत्री हैं लेकिन मैंने इतने बड़े कमरे कभी नहीं देखे हैं। उन्होंने कहा कि "पर्यावरण और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय ने राज्य पर 200 करोड़ का जुर्माना लगाया है और वहां 'शीश महल' बनाया गया है। "
लोकेश ने कहा कि रेड्डी का छोटा परिवार है। उनकी बहन और माता को परिवार से निकाल दिया गया है। चार लोगों के रहने के लिए 700 करोड़ रुपये घर पर खर्च किए गए। लोकेश ने कहा "इतना बड़ा घर तो प्रधानमंत्री के पास भी नहीं है।" इसके साथ ही लोकेश ने कहा कि टीडीपी सरकार इस पर निर्णय लेगी कि इस भवन का क्या किया जाए।
जगन रेड्डी और उनकी बहन में मतभेद
अविभाजित आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिवंगत राजशेखर रेड्डी के बेटे जगन मोहन रेड्डी और बेटी वाईएस शर्मिला के बीच मतभेद हो गया। मतभेद का कारण वाईएस शर्मिला का कांग्रेस में शामिल होना है। उनकी माता ने वाईएस विजयलक्ष्मी ने बेटी का समर्थन किया है।
बीते साल हुए विधानसभा चुनाव में टीडीपी की सत्ता में वापसी हुई और वह पिछली सरकार पर जनता के पैसे का दुरुपयोग करने का आरोप लगा रही है।
रेड्डी के शासनकाल में बनवाया गया भव्य मुख्यमंत्री आवास काफी चर्चा में है। रुशिकोंडा हिल्स पर स्थित यह आवास 10 एकड़ भूमि पर फैला हुआ है। रुशिकोंडा हिल्स राज्य का एक प्रमुख पर्यटन स्थल है। भव्य मुख्यमंत्री आवास में चार ब्लॉक हैं। परिसर के अंदर की भव्य तस्वीरों ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया है और सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।