मुंबई: भारत की आर्थिक राजधानी कहे जाने वाले शहर मुंबई में हो रही बारिश ने आम जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है। कई इलाकों में जलजमाव की भारी समस्या पैदा हो गई है। मुंबई में आज भी भारी बारिश का रेड अलर्ट मौसम विभाग ने जारी किया है। हालात को देखते हुए सभी स्कूल-कॉलेज को बंद रखने का निर्देश दिया गया है। इसके अलावा कई सरकारी कार्यालय भी मंगलवार को बंद रहेंगे। प्राइवेट ऑफिस के कर्मचारियों को घर से काम कराने की सलाह दी गई है। इन सबके अलावा हवाई और रेल सफर भी प्रभावित हुआ है।
बीएमसी ने जारी छुट्टी के आदेश, जरूरी सेवाएं जारी रहेंगी
मुंबई शहर और उपनगरों में अत्यधिक भारी वर्षा के लिए भारतीय मौसम विभाग (IMD) द्वारा जारी रेड अलर्ट के बाद आज 19 अगस्त को मुंबई के सभी सरकारी और अर्ध-सरकारी कार्यालय बंद रहेंगे। लगातार हो रही बारिश को देखते हुए, बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) ने जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के रूप में अवकाश की घोषणा की है। हालाँकि, आवश्यक सेवाएँ चालू रहेंगी।
निजी कार्यालयों और प्रतिष्ठानों को सलाह दी गई है कि वे कर्मचारियों को घर से काम करने और अनावश्यक यात्रा से बचने का निर्देश दें। सामने आई जानकारी के अनुसार दादर टीटी, ट्रॉम्बे, महाराष्ट्र नगर सबवे, एंटॉप हिल, एमजीआर चौक, कानेकर नगर, सरदार नगर और प्रतीक्षा नगर में जलभराव हो गया है। इसके अलावा कई और क्षेत्रों में भी जलजमाव की स्थिति है। यातायात संचालन बुरी तरह से इन इलाकों में प्रभावित हुआ है। इसके कई वीडियो सामने आ रहे हैं।
#WATCH | Mumbai, Maharashtra: Waterlogging seen as heavy rain lashes Mumbai.
— ANI (@ANI) August 19, 2025
Visuals from the Eastern Express Highway Area pic.twitter.com/VYMsT0BUgR
मुंबई में हवाई और सेवा प्रभावित
भारी बारिश ने हवाई सेवाओं को भी प्रभावित कर दिया है। इसी बीच देश की प्रमुख एयरलाइन कंपनी इंडिगो ने मंगलवार को यात्रियों के लिए एक महत्वपूर्ण ट्रैवल एडवाइजरी जारी की है। इंडिगो ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में बताया कि मुंबई में हो रही भारी बारिश के कारण हवाई अड्डे तक जाने वाले कई मार्गों पर जलभराव और ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी हुई है। इसका असर हवाई सेवाओं पर भी पड़ा है, जिससे कई विमानों के आगमन और प्रस्थान में देरी हो रही है।
एयरलाइन ने यात्रियों से अपील करते हुए कहा है कि यदि वे यात्रा के लिए निकल रहे हैं तो सामान्य समय से थोड़ा जल्दी एयरपोर्ट के लिए रवाना हों और अपने फ्लाइट की ताजा स्थिति इंडिगो के मोबाइल ऐप या वेबसाइट पर अवश्य जांच लें।
Travel Advisory
— IndiGo (@IndiGo6E) August 19, 2025
⛈️ With Mumbai drenched in heavy showers, several routes to the airport are witnessing waterlogging and sluggish traffic.
This has, in turn, led to operational challenges, with delays in both departures and arrivals and we truly regret the inconvenience this may…
वहीं, लोकल रेल सेवा भी भारी बारिश से प्रभावित दिखी। ठाणे से ट्रांस हार्बर सेवाएँ 15-20 मिनट की देरी से चल रही हैं, जबकि मेन और हार्बर लाइनों पर ट्रेनें 20-30 मिनट की देरी से चल रही हैं। अगर सुबह 9:16 बजे के उच्च ज्वार के दौरान स्थिति और बिगड़ती है, तो रेलों के आवागमन में देरी और बढ़ सकती है।
कुर्ला-दादर खंड के कुछ हिस्सों में पटरियों पर पानी जमा हो गया है। ट्रैक कर्मचारी महत्वपूर्ण स्थानों पर जलभराव की बारीकी से निगरानी कर रहे हैं। माटुंगा के पास पटरियों पर जलभराव के कारण ट्रेनों की गति कम हो जाती है, जिससे मुख्य लाइन पर और अधिक देरी हो रही है।
21 अगस्त तक भारी बारिश की चेतावनी
गौरतलब है कि मुंबई में बीते कुछ दिनों से लगातार बारिश हो रही है, जिससे सड़क यातायात और आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। मौसम विभाग ने मुंबई में भारी बारिश की चेतावनी दी है। आईएमडी ने महाराष्ट्र में 16 से 21 अगस्त के दौरान भारी वर्षा जारी रहने की संभावना जताई है।
#WATCH | Mumbai, Maharashtra: Waterlogging can be seen in various parts of Mumbai as heavy rain lashes the city.
— ANI (@ANI) August 19, 2025
Visuals from Bandra Khar Link Road pic.twitter.com/cP7WCZmXiA
मौसम विभाग के अनुसार, 21 अगस्त तक मध्य महाराष्ट्र के कोंकण और आसपास के घाट क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा, जबकि कुछ स्थानों पर अत्यधिक भारी वर्षा के साथ व्यापक वर्षा हो सकती है। 18 अगस्त को सुबह 8 बजे से 19 अगस्त को सुबह 8 बजे के बीच शहर में औसत वर्षा 186.43 मिमी, पूर्वी उपनगरों में 208.78 मिमी और पश्चिमी उपनगरों में 238.19 मिमी दर्ज की गई।