दिल्लीः उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ के कुंडा से विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया के खिलाफ सफ्दरजंग एन्क्लेव पुलिस थाने में एफआईआर दर्ज की गई।

एफआईआर उनकी पत्नी भानवी सिंह ने दर्ज कराई है। भानवी ने राजा भैया पर सालों तक शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ना का आरोप लगाया है। भानवी ने कहा कि हिंसा के कारण उनके शरीर पर चोटों के निशान हैं। 

अलग-अलग रह रहे हैं दंपति

बीते कई सालों से विधायक और उनकी पत्नी अलग-अलग रह रहे हैं। भानवी ने शिकायत में दर्ज कराया है कि उन पर लगातार हमला किया गया जिससे उनके शरीर पर चोटों के निशान मौजूद हैं। 

भानवी सिंह ने आगे आरोप लगाया कि राजा भैया ने उन्हें सालों तक मानसिक रूप से प्रताड़ित किया है और इस वजह से जान का खतरा है।

इसके साथ ही भानवी ने ससुराल पक्ष के लोगों पर भी आरोप लगाए हैं जिसमें सास पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। भानवी ने आगे कहा कि दुर्व्यवहार का सामना करने के बावजूद, उन्होंने परिवार में शांति बनाए रखने और अपनी शादी को बचाने के प्रयास में शुरू में कानूनी कार्रवाई करने से परहेज किया। हालांकि, कथित दुर्व्यवहार बंद नहीं हुआ।

राष्ट्रीय महिला आयोग का किया था रुख

इससे पहले भानवी ने राष्ट्रीय महिला आयोग का रुख किया था। इसके अलावा दिल्ली राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण में भी शिकायत दर्ज कराई थी। हालांकि मामला बाद में नहीं चलाया। 

अगस्त 2023 में, भानवी सिंह ने एक पारिवारिक मामले में हलफनामा दायर कर राजा भैया पर लगभग तीन दशकों से घरेलू हिंसा, दुर्व्यवहार और विवाहेतर संबंधों का आरोप लगाया था।

रघुराज प्रताप सिंह प्रतापगढ़ के कुंडा से विधायक हैं। 2022 विधानसभा चुनाव में इस सीट से वह लगातार सातवीं बार विधायक चुने गए हैं। पहली बार साल 1993 में इस सीट से चुनाव जीतने में सफल रहे थे। तब से लगातार इस सीट पर जीतते रहे हैं।