मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़नवीस ने गृह, ऊर्जा और कानून विभाग अपने पास रखा है, जबकि अजित पवार को वित्त विभाग दिया गया है। फोटोः एक्स ( @CMOMaharashtra)
Table of Contents
मुंबईः महाराष्ट्र में मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़नवीस के नेतृत्व वाली महायुति सरकार ने मंत्रियों को विभाग आवंटित कर दिए हैं। राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन ने मुख्यमंत्री की सिफारिश पर मंजूरी दे दी है। यह निर्णय शीतकालीन सत्र के समापन के बाद लिया गया।
मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़नवीस ने गृह, ऊर्जा और कानून विभाग अपने पास रखा है, जबकि अजित पवार को वित्त विभाग दिया गया है। वहीं, पूर्व मुख्यमंत्री और शिवसेना नेता एकनाथ शिंदे, जो कथित तौर पर गृह मंत्रालय चाहते थे, उन्हें शहरी विकास, आवास और लोक निर्माण (सार्वजनिक उद्यम) जैसे विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
गौरतलब है कि फड़नवीस ने महाराष्ट्र कैबिनेट में अपनी पकड़ बनाए रखते हुए ऊर्जा (नवीकरणीय ऊर्जा को छोड़कर), कानून और न्याय, सामान्य प्रशासन, और सूचना व जनसंपर्क जैसे महत्वपूर्ण विभाग अपने पास रखे हैं।
मंत्रियों और उनके विभागों की सूची
मंत्री का नाम | विभाग |
---|---|
देवेंद्र फड़नवीस | गृह, ऊर्जा, कानून |
अजित पवार | वित्त |
एकनाथ शिंदे | शहरी विकास, लोक निर्माण |
चंद्र शेखर बावनकुले | राजस्व |
उदय सामंत | उद्योग |
चंद्रकांत पाटिल | उच्च और तकनीकी शिक्षा |
गणेश नाइक | वन |
पंकजा मुंडे | पर्यावरण |
हसन मुश्रिफ | मेडिकल एजुकेशन |
गुलाबराव पाटिल | पानी आपूर्ति |
राधा कृष्ण विखे पाटिल | जलसंपदा |
दादा भुसे | स्कूल शिक्षा |
अशोक विखे | आदिवासी विकास |
प्रताप सरनाईक | परिवहन |
धनंजय मुंडे | खाद्य आपूर्ति |
अतुल सावे | ओबीसी विकास |
संजय शिरसाट | सामाजिक न्याय |
भरत गोगवाले | रोजगार |
महायुति का वर्चस्व
देवेंद्र फड़नवीस और उनके दोनों उपमुख्यमंत्रियों, एकनाथ शिंदे और अजीत पवार ने 5 दिसंबर को शपथ ली थी। इसके बाद, 15 दिसंबर को शुरू हुए शीतकालीन सत्र से पहले 39 मंत्रियों को कैबिनेट में शामिल किया गया। जिनमें भाजपा के 19, शिवसेना शिंदे गुट के 11, और एनसीपी अजित पवार गुट के 9 मंत्री शामिल हैं। महायुति गठबंधन ने 288 में से 236 सीटें जीती थीं, जबकि महा विकास अघाड़ी (एमवीए) गठबंधन केवल 49 सीटों पर सिमट गया।