लोकसभा चुनाव के अंतिम चरण का मतदान, 57 सीटों पर वोटिंग, पीएम मोदी समेत ये दिग्गज मैदान में

लोकसभा चुनाव 2024 के सातवें और आखिरी चरण में 8 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की 57 सीटों पर वोटिंग हो रही है। पीएम नरेंद्र मोदी सहित कई दिग्गज मैदान में है। पीएम मोदी लगातार तीसरी बार वाराणसी से चुनाव लड़ रहे हैं।

एडिट
Voting in the last phase of Lok Sabha elections, voting on 57 seats, these veterans are in the fray

लोकसभा चुनाव के अंतिम चरण का मतदान, 57 सीटों पर वोटिंग, ये दिग्गज मैदान में

दिल्ली: लोकसभा चुनाव 2024 के आखिरी और सातवें चरण का मतदान आज (1 जून) हो रहा है। इस चरण की वोटिंग के साथ ही लोकसभा चुनाव का समापन हो जाएगा। नतीजे 4 जून को आएंगे। आखिरी चरण में 8 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की 57 सीटों पर वोटिंग हो रही है। इससे पहले लोकसभा की 486 सीटों के लिए 6 चरणों में मतदान हो चुका है। इस अंतिम चरण में 904 उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं। लोकसभा की 57 सीटों के अलावा आज ओडिशा राज्य विधानसभा की बची हुई 42 सीटों के लिए भी मतदान हो रहा है।

सातवें चरण में कई दिग्गज चुनावी मैदान में

आखिरी चरण में स्वयं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी उम्मीदवार हैं। वे लगातार तीसरी बार वाराणसी से चुनाव लड़ रहे हैं। उनका मुकाबला कांग्रेस के अजय राय से है। इसके अलावा कई केंद्रीय मंत्री और विपक्ष के बड़े नेता भी चुनावी मैदान में हैं। हिमाचल की मंडी सीट से भाजपा ने अभिनेत्री कंगना रनौत को उम्मीदवार बनाया है। मंडी सीट पर हो रहे इस चुनाव में कंगना को कांग्रेस के विक्रमादित्य सिंह मुकाबला दे रहे हैं। कंगना पहली बार चुनाव लड़ रही हैं।

पश्चिम बंगाल से ममता बनर्जी के भतीजे टीएमसी महासचिव अभिषेक बनर्जी भी अंतिम दौर के इस मतदान में उम्मीदवार हैं। वे बंगाल की डायमंड हार्बर लोकसभा सीट से चुनाव लड़ रहे हैं। 2014 लोकसभा चुनाव से ही अभिषेक यहां से जीत हासिल करते आ रहे हैं। अभिषेक का मुकाबला यहां भाजपा के अभिजीत दास उर्फ बॉबी से है। सीपीएम ने यहां से छात्र नेता प्रतीक उर रहमान को टिकट दिया है।

पंजाब में कांग्रेस उम्मीदवार व पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी चुनाव लड़ रहे हैं। वे जालंधन सीट से चुनावी मैदान में हैं। भाजपा ने यहां से सुशील रिंकू को उतारा है। पंजाब में सभी 13 संसदीय सीटों पर मतदान हो रहा है। इसके अलावा बिहार में भोजपुरी कलाकार पवन सिंह (काराकाट सीट), ऊर्जा मंत्री आरके सिंह (आरा सीट), मिर्जापुर से अनुप्रिया पटेल, चंदौली से महेंद्रनाथ पांडेय और हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर से अनुराग ठाकुर सातवें चरण में चुनाव लड़ रहे हैं।

इसके अलावा बिहार की पाटलिपुत्र लोकसभा सीट से लालू प्रसाद यादव की बेटी मीसा भारती चुनावी मैदान में हैं। उनका मुकाबला भाजपा के रामकृपाल यादव से है। पिछली बार 2019 में रामकृपाल यादव जीते थे। वहीं, बिहार की पटना साहिब लोकसभा सीट से भाजपा नेता रवि शंकर प्रसाद चुनावी मैदान में हैं। उनका मुकाबला कांग्रेस के प्रत्याशी अंशुल अविजीत से है।

यूपी की बात करें तो गोरखपुर लोकसभा सीट से सांसद रवि किशन एक बार फिर चुनाव लड़ रहे हैं। यह जगह सूबे के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का गढ़ मानी जाती है। रवि किशन का मुकाबला इंडिया गठबंधन और समाजवादी पार्टी नेता काजल निषाद से है। वहीं, गाजीपुर लोकसभा सीट से मुख्तार अंसारी के भाई अफजाल अंसारी समाजवादी पार्टी के टिकट पर मैदान में हैं। भाजपा ने पारसनाथ राय को यहां से टिकट दिया है।

किन राज्यों में कितनी सीटों पर हो रही वोटिंग

सातवें एवं आखिरी चरण में बिहार की 8 सीटों पर लोकसभा चुनाव हो रहा है। चंडीगढ़ की 1 सीट पर, हिमाचल प्रदेश की चारों संसदीय सीटों पर लोकसभा का चुनाव हो रहा है। इसके अलावा झारखंड की 3 सीटों पर, ओडिशा की 6 सीटों पर व पंजाब की सभी 13 सीटों पर भी मतदान हो रहा है। वहीं उत्तर प्रदेश की 13 और पश्चिम बंगाल की 9 सीटों पर भी अंतिम व सातवें चरण में मतदान हो रहा है। चुनाव आयोग के मुताबिक पिछले दो चरणों में महिला मतदाताओं का मतदान प्रतिशत पुरुष मतदाताओं से अधिक रहा है।

उत्तर प्रदेश में 13 सीटों पर मतदान - वाराणसी, कुशीनगर, गाजीपुर, महाराजगंज, गोरखपुर, मिर्जापुर, देवरिया, चंदौली, बांसगांव, रॉबर्ट्सगंज, सलेमपुर, बलिया, घोसी
बिहार में इन 8 सीटों पर मतदान - पाटलिपुत्र, पटना साहिब, सासाराम, काराकाट नालंदा, आरा, जहानाबाद, सासाराम, बक्सर
हिमाचल प्रदेश (4 सीटें) - मंडी, शिमला, कांगड़ा, हमीरपुर
पंजाब (13 सीटें)- संगरूर, आनंदपुर साहिब, गुरदासपुर, फतेहगढ़, बठिंडा, खडूरसाहिब, जालंधर, पटियाला, फिरोजपुर, होशियारपुर, लुधियाना, फरीदकोट और अमृतसर
पश्चिम बंगाल (9 सीटें) - दमदम, बारासात, बशीरहाट, जयानगर, मथुरापुर, डायमंड हार्बर, जादवपुर, कोलकाता दक्षिण, कोलकाता उत्तर
ओडिशा (6 सीटें)- भद्रक, मयूरगंज, जगतसिंहपुर, बालासौर, केंद्रापड़ा, जाजपुर
चंडीगढ़ (1 सीट) - चंडीगढ़
झारखंड (3 सीटें) - दुमका, राजमहल, गोड्डा

सातवें चरण में 10 करोड़ से ज्यादा मतदाता

सातवें चरण की 57 सीटों पर मतदान के लिए विभिन्न राज्यों में कुल मिलाकर 1.09 लाख मतदान केंद्रों पर वोटिंग हो रही है। जिन 57 सीटों पर मतदान हो रहा है, वहां कुल 10.06 करोड़ से अधिक मतदाता हैं। चुनाव आयोग के मुताबिक, इन 10.06 करोड़ से अधिक मतदाताओं में लगभग 5.24 करोड़ पुरुष, 4.82 करोड़ महिला और 3574 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं।

एग्जिट पोल आज शाम मतदान के बाद होंगे जारी, कांग्रेस का बहिष्कार

आखिरी चरण की वोटिंग के बाद आज शाम से देश की कई पोल एजेंसियां और समाचार चैनल एग्जिट पोल भी जारी करेंगी। नियमों के अनुसार सभी चरण के चुनाव खत्म हो जाने के बाद ही एग्जिट पोल जारी किए जा सकते हैं। हालांकि कांग्रेस साफ कर चुकी है उसके नेता या प्रवक्ता इस बार एग्जिट पोल की बहस में शामिल नहीं होंगे।

कांग्रेस नेता और प्रवक्ता पवन खेड़ा ने सोशल मीडिया साइट एक्स पर एक पोस्ट कर लिखा है, 'आगामी एग्जिट पोल डिबेट्स में पार्टी द्वारा भाग ना लिए जाने के निर्णय पर हमारा वक्तव्य : मतदाताओं ने अपने मत दे दिए हैं एवं मतदान के परिणाम मशीनों में बंद हो चुके हैं। 4 जून को परिणाम सबके सामने होंगे।'

उन्होंने अपने पोस्ट में आगे लिखा, 'भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की नजरों में परिणाम घोषित होने से पहले किसी भी तरह के सार्वजनिक अनुमान लगाकर घमासान में भाग लेकर टीआरपी के खेल का कोई औचित्य नहीं है। किसी भी बहस का मकसद दर्शकों का ज्ञानवर्धन करना होता है। कांग्रेस पार्टी 4 जून से डिबेट्स में खुशी-खुशी हिस्सा लेगी।'

(समाचार एजेंसी IANS के इनपुट के साथ)

यह भी पढ़ें
Here are a few more articles:
Read the Next Article