कोलकाता के लॉ कॉलेज में गैंगरेप की घटना के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे केंद्रीय मंत्री और पश्चिम बंगाल भाजपा अध्यक्ष सुकांत मजूमदार को शनिवार को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। भाजपा का यह विरोध प्रदर्शन गरियाहाट क्रॉसिंग पर आयोजित किया गया था, जहां कार्यकर्ताओं ने पार्टी के झंडे लहराते हुए पुलिस बैरिकेड्स पार करने की कोशिश की। हिरासत में लिए जाने के दौरान मजूमदार ने मीडिया से कहा, "यह है पश्चिम बंगाल में लोकतंत्र का चेहरा। ममता बनर्जी ने राज्य में लोकतंत्र को बर्बाद कर दिया है... पुलिस ने मुझे और हमारे कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया है।"
मजूमदार ने गिरफ्तारी की तस्वीरें भी अपने एक्स पर साझा कीं और ममता सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने लिखा, "कोलकाता लॉ कॉलेज की छात्रा के साथ तृणमूल कांग्रेस से जुड़े छात्र नेता मनोजित मिश्रा और उसके साथियों द्वारा रात के अंधेरे में जिस बर्बरता से सामूहिक बलात्कार किया गया, उसके विरोध में जब आज दक्षिण कोलकाता के गरियाहाट मोड़ पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा आयोजित विशेष विरोध प्रदर्शन में भाग लेने पहुंचे, तो लोकतंत्र की हत्या करने वाली विफल मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के इशारे पर तृणमूल की कठपुतली बन चुकी कोलकाता पुलिस ने मुझे और भाजपा के राज्य व जिला नेतृत्व को अन्यायपूर्ण रूप से गिरफ्तार कर लिया।
স্বৈরাচারী মুখ্যমন্ত্রী @MamataOfficial -এর নির্মমতার রাজত্বে এই মুহূর্তে পশ্চিমবঙ্গে আইনের শাসন অবশিষ্ট না থাকলেও, শাসকের তৈরি আইনে বিরোধীদের কন্ঠরোধ করার অপচেষ্টা অব্যাহত রয়েছে। তাই আজকেও গড়িয়াহাটে একটি নৃশংস গণধর্ষণের ঘটনার বিরুদ্ধে প্রতিবাদ জানাতে গিয়ে আমাদের অন্যায় ভাবে… pic.twitter.com/OM8OCIXCRf
— Dr. Sukanta Majumdar (@DrSukantaBJP) June 28, 2025
एक अन्य पोस्ट में मजूमदार ने लिखा कि राज्य की तानाशाह मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के शासन में कानून का शासन समाप्त हो चुका है। अब शासन का उद्देश्य केवल विपक्ष की आवाज़ को दबाना रह गया है। इसीलिए जब हम गरियाहाट में एक छात्रा के साथ हुए इस नृशंस सामूहिक बलात्कार के खिलाफ शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन कर रहे थे, तभी हमें जबरन हिरासत में ले लिया गया।
भाजपा नेता ने कहा कि हम इस अन्याय के खिलाफ आवाज उठाते रहेंगे। तृणमूल कांग्रेस रूपी इस अराजकता की जड़ को पश्चिम बंगाल से उखाड़ फेंकने तक हमारी यह लड़ाई जारी रहेगी। कोई भी अपराधी गिरोह, कोई भी बैरिकेड, और कोई भी राजनीतिक पुलिस हमें रोक नहीं सकती। हम पश्चिम बंगाल को पाप और अन्याय से मुक्त करके ही रहेंगे।"
কসবা ল কলেজের ছাত্রীকে তৃণমূলের দায়িত্বপ্রাপ্ত লম্পট ছাত্রনেতা মনোজিৎ মিশ্র সহ তার দলবল যেভাবে রাতের অন্ধকারে গণধর্ষণ করেছে, তার প্রতিবাদে আজ দক্ষিণ কলকাতার গড়িয়াহাট মোড়ে প্রতিবাদ করতে গেলে গনতন্ত্র হত্যাকারী ব্যর্থ মুখ্যমন্ত্রী @MamataOfficial এর নির্দেশে তৃণমূলের দলদাস… pic.twitter.com/YY3ZPzB6d5
— Dr. Sukanta Majumdar (@DrSukantaBJP) June 28, 2025
इधर, आरोपियों में से एक के पिता ने भी बयान दिया है कि यदि उनका बेटा दोषी पाया जाता है, तो उसे सख्त सजा मिलनी चाहिए। उन्होंने कहा, "सबसे पहले मैं एक भारतीय नागरिक हूं, उसके बाद एक पिता। मामला न्यायालय में विचाराधीन है और पुलिस जांच कर रही है। हमें न्यायपालिका और कोलकाता पुलिस पर पूरा भरोसा है।"
इस बीच, भारतीय जनता पार्टी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए एक चार-सदस्यीय जांच समिति का गठन किया है। यह समिति भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के निर्देश पर बनाई गई है और इसमें पूर्व केंद्रीय मंत्री सतपाल सिंह, मीनाक्षी लेखी, राज्यसभा सांसद बिप्लब देब और वरिष्ठ अधिवक्ता मनन मिश्रा शामिल हैं। समिति जल्द ही घटना स्थल का दौरा कर अपनी रिपोर्ट राष्ट्रीय अध्यक्ष को सौंपेगी।
भाजपा की ओर से जारी पत्र में कहा गया, “पश्चिम बंगाल में कोलकाता लॉ कॉलेज की छात्रा के साथ हुए सामूहिक बलात्कार की नृशंस घटना की भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने कठोर निंदा की है और राज्य की कानून व्यवस्था पर गंभीर चिंता व्यक्त की है।”
इस घटना से जुड़े ताजा घटनाक्रम में पुलिस ने कॉलेज के सुरक्षा गार्ड पिनाकी बनर्जी (55) को भी गिरफ्तार कर लिया है। इससे पहले मुख्य आरोपी मोनोजित मिश्रा (31), जैब अहमद (19) और प्रमित मुखोपाध्याय (20) को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार किया गया था। तीनों आरोपी या तो कॉलेज के पूर्व छात्र हैं या स्टाफ से जुड़े रहे हैं।