Jaunpur Lok Sabha seat: BSP cancels ticket of Dhananjay Singh's wife, makes Shyam Singh Yadav its candidate.
Table of Contents
बहुजन समाज पार्टी (बसपा) ने लोकसभा चुनाव 2024 में जौनपुर से बाहुबली धनंजय सिंह की पत्नी श्रीकला सिंह का टिकट का दिया है। पार्टी ने यहां से मौजूदा सांसद श्याम सिंह यादव को फिर से अपना उम्मीदवार घोषित किया है। बसपा ने यहां से श्रीकला सिंह को टिकट दिया था। उन्होंने अपना नामांकन पत्र भी दाखिल कर दिया था। लेकिन बसपा प्रमुख मायावती ने मौजूदा सांसद श्याम सिंह यादव को फिर से उम्मीदवार बना दिया है।
यहां से श्रीकला का टिकट कटने की पुष्टि कोअर्डिनेटर ने कर दी है। बसपा के कोअर्डिनेटर घनश्याम सिंह खरवार ने बताया कि जौनपुर से बसपा उम्मीदवार श्रीकला सिंह के पति धनंजय सिंह ने रात में फोन कर बताया कि उनकी पत्नी जौनपुर से चुनाव नहीं लड़ेंगी। आप अपना उम्मीदवार खोज लें।
बता दें कि सोमवार को नामांकन की अंतिम तिथि है। यहां से भाजपा प्रत्याशी कृपाशंकर सिंह व सपा गठबंधन उम्मीदवार के रूप में बाबू सिंह कुशवाहा नामांकन कर चुके हैं। अब बसपा ने श्याम सिंह यादव को मैदान में उतारा है। वह 17वीं लोकसभा में जौनपुर से सांसद हैं। वह बहुजन समाज पार्टी के सदस्य और लोकसभा में पार्टी के नेता हैं। जौनपुर में छठे चरण में मतदान होना है।
टिकट मिलने के बाद श्याम सिंह यादव ने बसपा प्रमुख का आभार जताया है। उन्होंने कहा कि रात 1 बजे बसपा प्रमुख मायावती जी ने मुझे फोन कर कहा था कि आपको फिर से जौनपुर से उम्मीदवार बना रही हूं। श्याम सिंह ने कहा कि बहन जी ने मुझ पर इतना भरोसा जताया। हम बहुत साधारण ढंग से नामांकन करने जाएंगे। पहले मैं खुद चुनाव लड़ने का इच्छुक नहीं था। उस वक्त मैंने खुद कहा था कि मैं अगल चुनाव नहीं लड़ूंगा।
जौनपुर लोकसभा सीट में 5 विधानसभा क्षेत्र आते हैं
जौनपुर उत्तर प्रदेश में लोकसभा निर्वाचन क्षेत्रों में से एक है। राज्य में 80 संसदीय सीटें हैं। जौनपुर सीट में बदलापुर, शाहगंज, जौनपुर, मलहनी और मुंगराबादशाहपुर सहित 5 विधानसभा क्षेत्र शामिल हैं। यह निर्वाचन क्षेत्र एक सामान्य सीट है। बसपा और भाजपा इस निर्वाचन क्षेत्र की प्रमुख पार्टियां हैं।
2019 के लोकसभा चुनाव के क्या रहे परिणाम?
2019 के लोकसभा चुनावों में बसपा से श्याम सिंह यादव ने 80,936 मतों के अंतर से जीत हासिल की थी। श्याम सिंह यादव को 50 प्रतिशत वोट शेयर के साथ 521,128 वोट मिले थे। उन्होंने भाजपा के कृष्ण प्रताप सिंह को हराया था। केपी सिंह को 440,192 वोट (42.25 प्रतिशत) मिले थे।
लोकसभा चुनाव 2014 के नतीजे
वहीं 2014 के लोकसभा चुनावों में भाजपा के कृष्ण प्रताप ने सीट जीती और उन्हें 36.45 प्रतिशत वोट शेयर के साथ 367,149 मत हासिल हुए थे। बसपा उम्मीदवार सुभाष पांडे को 220839 वोट (21.93 प्रतिशत) के साथ दूसरे स्थान पर रहे। कृष्ण प्रताप ने सुभाष पांडे को 146310 वोटों से हराया था।
2009 के लोकसभा चुनाव के परिणाम
साल 2009 के लोकसभा चुनाव की बात करें तो इस सीट से बसपा के धनंजय सिंह ने जीत हासिल की थी। धनंजय ने तब समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी पारसनाथ यादव को हराया था। धनंजय सिंह को 302618 वोट मिले थे जबकि सपा के पारसनाथ यादव को 222267 वोट हासिल हुए थे।
कौन हैं श्याम सिंह यादव?
बसपा नेता श्याम सिंह यादव का जन्म 31 मार्च 1954 को जौनपुर में हुआ था। वहएक पीसीएस अधिकारी थे जो बाद में राजनेता बन गए। इसके अलावा वह अधिवक्ता, निशानेबाजी के अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी भी रह चुके हैं। उन्होंने कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय शूटिंग प्रतियोगिता में हिस्सा लिया है। 2019 के लोकसभा चुनाव में वह जौनपुर से सांसद चुने गए थे। श्याम सिंह यादव ने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से एमएससी और एलएलबी की डिग्री हासिल की है। साल 2016 से 2019 तक वह सेंसर बोर्ड के सलाहकार समिति के सदस्य भी रह चुके हैं।