राजदीप सरदेसाई पर क्यों हलचल मची है? पीओके को लेकर क्या कहा..जिस पर मचा विवाद?

राजदीप सरदेसाई को लेकर सोशल मीडिया पर ऐसी चर्चाएं चल रही हैं कि उन्हें इंडिया टुडे ने हटा दिया है। हालांकि, इस बारे में आधिकारिक तौर पर कुछ भी अभी साफ नहीं है।

Rajdeep Sardesai

फाइल फोटो

नई दिल्ली: न्यूज चैनल इंडिया टुडे के पत्रकार राजदीप सरदेसाई (Rajdeep Sardesai) सोशल मीडिया पर चर्चा में हैं। ऐसी खबरें सोशल मीडिया पर तैर रही हैं कि उन्हें चैनल से निकाला गया है। सोशल मीडिया खासकर एक्स पर तरह-तरह की चर्चाएं चल रही हैं। इस बीच राजदीप सरदेसाई द्वारा चैनल के एक कार्यक्रम में कही गई कुछ बातों को लेकर विवाद भी मचा हुआ है। अंदेशा लगाया जा रहा है कि सरदेसाई को अगर हटाया गया है तो इसके पीछे की एक वजह कार्यक्रम का वायरल हो रहा एक खास हिस्सा हो सकता है, जिसमें वे पाकिस्तान और पीओके की चर्चा कर रहे हैं।

सरदेसाई के हटाए जाने या नहीं हटाए जाने की खबरों की पुष्टि समाचार लिखे जाने तक नहीं हो सकी है। हालांकि, सोशल मीडिया पर चर्चा तेज है। इसे और बल इसलिए भी मिला क्योंकि ABP न्यूज की पत्रकार मेघा प्रसाद ने एक पोस्ट एक्स पर किया है, जिसमें वे मीडिया के किसी बड़े ताकतवर शख्स को बाहर का रास्ता दिखाए जाने का संकेत दे रही हैं।

मेघा प्रसाद ने एक्स पर लिखा, 'तो मीडिया में एक बहुच ऊंचे और शक्तिशाली व्यक्ति को बाहर निकाल दिया गया.... बहुत ही बेशर्मी से...बहुत दुखद। लेकिन कर्म तो वापस आता है, है न? हमें यही सिखाया गया है।'

कुछ और पोस्ट में किसी वरिष्ठ पत्रकार को हटाए जाने जैसी बातें कही गई हैं। हालांकि, इसकी अभी हम पुष्टि नहीं कर सकते। इन सबके बीच सरदेसाई का एक ट्वीट भी आया है। उन्होंने लिखा है, 'टाइगर जिंदा है और निडर है।'

बहरहाल, राजदीप सरदेसाई को लेकर ताजा विवाद क्या है और क्यों सोशल मीडिया पर तमाम चर्चाएं चल रही हैं, इस बारे में जान लेते हैं।

राजदीप सरदेसाई ने पीओके को पाकिस्तान को सौंपने की दी सलाह?

ताजा विवाद वायरल हो रहे चैनल के एक कार्यक्रम के हिस्से से जुड़ा है। चैनल के डिबेट शो में सरदेसाई और गौरव सांवत नजर आते हैं। डिबेट के दौरान एक मौके पर सरदेसाई कहते नजर आते हैं कि एलओसी को इंटरनेशनल बॉर्डर मान लेना संभवत: पाकिस्तान के साथ विवाद को खत्म करने का एक रास्ता है। वे सवाल उठाते हैं कि पीओके को भला भारत कैसे ले सकता है और क्या परमाणु शक्ति से संपन्न पाकिस्तान ऐसा होने देगा। गौरव सांवत इस पर सरदेसाई की बात का विरोध करते हैं और पीएम नरेंद्र मोदी की उस बात का जिक्र करते हैं, जिसमें कहा गया था कि अब पाकिस्तान से बात पीओके को वापस लेने की होगी।

सरदेसाई के इसी वीडियो पर सोशल मीडिया पर हंगामा मचा है। सरदेसाई पहले भी विवादों में आते रहे हैं। साल 2021 में इंडिया टुडे ने सरदेसाई को दो हफ्ते के लिए ऑफ एयर कर दिया था और एक महीने की सैलरी भी काटी थी। चैनल ने तब यह फैसला सरदेसाई द्वारा गलत और फर्जी खबर फैलाने वाले सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर लिया था।

सरदेसाई ने किसान आंदोलन के दौरान तब ट्वीट किया था कि गणतंत्र दिवस पर ट्रैक्टर रैली के दौरान मरने वाले एक प्रदर्शनकारी की मौत पुलिस की गोलीबारी में हुई थी। इसे बाद में सरदेसाई ने डिलीट किया था। यह बात साफ हुई उसकी मौत ट्रैक्टर के पलटने से हुई थी। इसके बाद चैनल ने उनके खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई की थी।

यह भी पढ़ें
Here are a few more articles:
Read the Next Article