मुंबईः भारतीय नौसेना ने पश्चिमी हिंद महासागर के तट पर 2,500 किलोग्राम से ज्यादा ड्रग्स की जब्ती की है। पश्चिमी नौसेना कमान ने इसको लेकर एक बयान जारी करते हुए कहा कि संदिग्ध जहाजों को रोककर यह कार्रवाई की गई।
31 मार्च को फ्रंटलाइन फ्रिगेट आईएनएस तरकश को नौसेना के पी8आई विमान से क्षेत्र में संदिग्ध जहाजों की आवाजाही के बारे में कई इनपुट मिले। संदिग्ध जहाजों पर अवैध मादक पदार्थ और अन्य प्रतिबंधित पदार्थों की तस्करी का संदेह था।
संदिग्ध जहाज को रोककर की पूछताछ
हिंदुस्तान टाइम्स की एक खबर के मुताबिक, नौसेना ने कहा है कि आईएनएस तरकश ने पी8आई विमान और मुंबई स्थित समुद्री परिचालन केंद्र की सहायता से सभी संदिग्ध जहाजों से व्यवस्थित रूप से पूछताछ करने के बाद संदिग्ध जहाज को रोका और बोर्ड किया।
खबर के मुताबिक, विशेषत्र बोर्डिंग टीम और मरीन कमांडो ने संदिग्ध जहाज पर चढ़े और इसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान इस टीम को कई सीलबंद पैकेट मिले। ये पैकेट मिलने के बाद इन कर्मियों ने तलाशी अभियान जारी किया और पूछताछ किया। इसके बाद उन्होंने 2,500 किलो से अधिक मादक पदार्थ की जब्ती की। जब्त किए गए पदार्थों में लगभग2,386 किलोग्राम हशीस और 121 किलोग्राम हिरोइन है। इन पदार्थों को विमान के कार्गो होल्ड और अन्य डिब्बों से बरामद किया गया।
नौसेना द्वारा चलाए गए इस तलाशी अभियान के बाद अवैध पदार्थों को जब्त कर लिया गया। इसके साथ ही संदिग्ध जहाज के चालक दल से पूछताछ की गई। इसके बाद से नौसेना ने क्षेत्र में अन्य समान जहाजों की आवाजाही का भी पता लगाया।
नौसेना ने क्या कहा?
नौसेना ने इस अभियान के बारे में एक बयान साझा करते हुए कहा "यह जब्ती समुद्र में मादक पदार्थों की तस्करी सहित अवैध गतिविधियों को रोकने और बाधित करने में भारतीय नौसेना की प्रभावशीलता और व्यावसायिकता को रेखांकित करती है। बहुराष्ट्रीय अभ्यासों में भारतीय नौसेना की भागीदारी का उद्देश्य हिंद महासागर क्षेत्र में अंतर्राष्ट्रीय जल में सुरक्षा, स्थिरता और समृद्धि को बढ़ावा देना है।"
इस संबंध में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के एक सवाल का जवाब देते हुए गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने 19 मार्च को कहा था कि बीते पांच सालों में देश भर के बंदरगाहों से 11,311 करोड़ रुपये के ड्रग्स की जब्ती की है।
सितंबर 2021 में अडानी पोर्ट गुजरात से सबसे अधिक मात्रा में ड्रग्स बरामद किया गया था। उस समय केंद्रीय एजेंसियों ने 5,976 करोड़ रुपये की हिरोइन बरामद की थी।