अमेरिका ने अवैध भारतीय प्रवासियों को वापस भेजना शुरू कर दिया है। समाचार एजेंसी रॉयटर्स ने अमेरिकी अधिकारियों के हवाले से यह जानकारी दी है। अमेरिकी सेना के विमान से इन प्रवासियों को वापस भेजा जा रहा है। अधिकारी ने नाम सार्वजनिक नहीं करने की शर्त पर बताया कि सी-17 विमान प्रवासियों को लेकर भारत के लिए रवाना हुआ है, लेकिन उसे गंतव्य तक पहुंचने में कम से कम 24 घंटे लगेंगे।

ट्रंप ने अमेरिका में राष्ट्रपति चुनाव के अभियान के दौरान अवैध प्रवासियों को देश से निकालने का मुद्दा जोरशोर से उठाया था। उन्होंने कहा था कि वे पद संभालते ही अवैध प्रवासियों को निकालने के काम पर पूरी सख्ती से आगे बढ़ेंगे। सामने आई जानकारी के अनुसार अमेरिकी आव्रजन और सीमा शुल्क प्रवर्तन (आईसीई) ने निर्वासन के लिए करीब 15 लाख लोगों की लिस्ट तैयार की है। इनमें लगभग 18,000 भारतीय नागरिक भी हैं।

205 भारतीयों को लेकर आ रहा अमेरिकी सैन्य विमान

एनडीटीवी ने अपनी रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से बताया है कि विमान में अवैध रूप से अमेरिका में प्रवेश करने वाले 205 भारतीय नागरिकों को लाया जा रहा है। इस विमान ने टेक्सास से उड़ान भरी है। सूत्रों ने कहा कि प्रत्येक निर्वासित भारतीय नागरिक का सत्यापन किया गया है। इससे अमेरिका की इस निर्वासन प्रक्रिया में भारत के सहयोग के भी संकेत मिलते है। इससे पहले अमेरिकी सैन्य विमानों ने ग्वाटेमाला, पेरू और होंडुरास के निर्वासित अवैध अप्रवासियों को देश से निकाला था।

बहलहाल, भारतीयों के निर्वासन की शुरुआत की खबरें उस समय आई हैं जब इसी महीने भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भी अमेरिका यात्रा की संभावना है। ट्रंप के दूसरी बार अमेरिकी राष्ट्रपति बनने के बाद पीएम मोदी की यह पहली अमेरिका यात्रा होगी। इससे पहले विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर ने पहले कहा था कि नई दिल्ली अमेरिका सहित विदेशों में 'अवैध' रूप से रह रहे भारतीय नागरिकों की 'वैध वापसी' के लिए तैयार है।

ट्रं ने पिछले महीने पत्रकारों से कहा था, 'इतिहास में पहली बार, हम अवैध एलियंस का पता लगा रहे हैं और उन्हें सैन्य विमानों में लाद रहे हैं और उन्हें उन स्थानों पर वापस भेज रहे हैं जहां से वे आए थे।'

अमेरिकी राष्ट्रपति ने एक और बयान कहा था कि भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें आश्वासन दिया है कि जब अवैध भारतीय प्रवासियों को वापस लेने की बात आएगी तो भारत 'वही करेगा जो सही होगा।' ब्लूमबर्ग न्यूज की रिपोर्ट के मुताबिक भारत और अमेरिका ने 18,000 से ज्यादा भारतीय  प्रवासियों की पहचान की है, जो अवैध रूप से अमेरिका में दाखिल हुए थे।

अमेरिका में कितने अवैध भारतीय प्रवासी?

प्यू रिसर्च सेंटर के आंकड़ों के अनुसार भारत से लगभग 725,000 अवैध अप्रवासी अमेरिका में रहते हैं। ऐसे में मेक्सिको और अल साल्वाडोर के बाद अनधिकृत अप्रवासियों की भारत से तीसरी सबसे बड़ी आबादी है।

ट्रंप के कड़े रूख के बाद पेंटागन ने एल पासो, टेक्सास और सैन डिएगो, कैलिफ़ोर्निया में अमेरिकी अधिकारियों द्वारा रखे गए 5,000 से अधिक अप्रवासियों को निर्वासित करने के लिए उड़ानें प्रदान करना शुरू किया है। अमेरिकी सैन्य विमानों से अब तक कई अवैध प्रवासियों को ग्वाटेमाला, पेरू, कोलंबिया और होंडुरास ले जाया गया है।