नई दिल्ली: भीषण गर्मी की मार झेल रहे दिल्ली-एनसीआर के लोगों को शुक्रवार शाम बड़ी राहत मिली। अचानक तेज हवाओं के बाद बारिश से मौसम सुहावना हो गया। 

भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने शनिवार को भी गरज के साथ बिजली चमकने और धूल भरी आंधी की चेतावनी दी है। साथ ही बारिश की भी संभावना व्यक्त की गई है। पूरे पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र और उत्तर-पश्चिम भारत के आसपास के मैदानी इलाकों के लिए हल्की से मध्यम बारिश का पूर्वानुमान व्यक्त किया गया है। मौसम विभाग के मुताबिक, 19 अप्रैल की शाम को दिल्ली-एनसीआर में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। इस दौरान गरज के साथ हल्की बारिश या बूंदाबांदी और धूल भरी आंधी चलने के आसार हैं। शाम के दौरान 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है।

गरज के साथ बिजली चमकने के आसार

दिल्ली में अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 37 से 39 डिग्री सेल्सियस और 25 से 27 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। इतना ही नहीं, सुबह के समय 10-12 किमी प्रति घंटे की हवा चलने की संभावना है, जो दोपहर के दौरान धीरे-धीरे बढ़कर 20-24 किमी प्रति घंटे हो जाएगी। मौसम विभाग के अगले 10 दिन के पूर्वानुमान के अनुसार, दिल्ली-एनसीआर में अगले सप्ताह तक अधिकतम तापमान 30 से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है जबकि न्यूनतम तापमान 22 से 25 डिग्री तक रहने की संभावना है। नमी का स्तर मध्यम रहेगा जिससे गर्मी कुछ कम महसूस होगी। मौसम विभाग के अनुसार, 20 अप्रैल से मौसम साफ रहेगा, हालांकि आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और तेज हवाएं चल सकती हैं। 

वहीं, 20 अप्रैल को आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और हवा की गति 10-20 किमी/घंटा रहेगी। इस दौरान दिल्ली में अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 36 से 38 डिग्री सेल्सियस और 24 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, 21 अप्रैल को आसमान साफ रहेगा। दिल्ली में अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 37 से 39 डिग्री सेल्सियस और 24 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है।

दिल्ली एनसीआर में आंधी और बूंदाबांदी से गर्मी में मिली राहत

दिल्ली-एनसीआर में भीषण गर्मी के बीच शुक्रवार शाम मौसम ने करवट ली और तेज आंधी के साथ हुई हल्की बारिश से राजधानी का मौसम सुहावना हो गया। कई इलाकों में छींटे पड़े और तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे लोगों को गर्मी से काफी राहत मिली।  नोएडा, फरीदाबाद, पीतमपुरा, करावल नगर, शाहदरा, राजौरी गार्डन, आईटीओ, डीयू, और लाल किला जैसे कई इलाकों के आसपास बूंदाबांदी की खबरें भी सामने आईं। इससे पहले, शुक्रवार को दिन में तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों को परेशान किया। न्यूनतम तापमान 25.6 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 40.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से अधिक रहा। पालम, लोदी रोड, आया नगर और फरीदाबाद में भी तापमान 40 डिग्री के पार रहा। मौसम विभाग ने पहले ही बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया थ

चेन्नई में भी बदलेगा मौसम का मिजाज

तमिलनाडु के सलेम जिले में शुक्रवार को अचानक हुई बारिश के चलते लोगों को गर्मी से राहत मिली है। साथ ही तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। सलेम में पिछले कई दिनों से भीषण गर्मी पड़ रही थी, जिस वजह से यहां के लोगों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा था। हालांकि, शुक्रवार को हुई बारिश से मौसम सुहावना हो गया।

आईएमडी ने केरल और माहे में भी तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना जताई है। आईएमडी के मुताबिक, केरल और माहे में आंधी, बिजली और तेज हवाओं (गति 40-50 किमी प्रति घंटे से बढ़कर 60 किमी प्रति घंटे तक) के साथ छिटपुट से लेकर काफी व्यापक हल्की से मध्यम वर्षा की संभावना है और अगले सात दिन के दौरान दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत के शेष हिस्सों में आंधी, बिजली और तेज हवाओं (गति 40-50 किमी प्रति घंटे से बढ़कर 60 किमी प्रति घंटे तक) के साथ छिटपुट से लेकर हल्की से मध्यम वर्षा की संभावना है।

(आईएएनएस इनपुट के साथ)