नई दिल्ली: दिल्ली के मुस्तफाबाद इलाके में शनिवार तड़के चार मंजिला इमारत गिरने से कम से कम चार लोगों की मौत हो गई और 14 लोगों को बचा लिया गया है। पुलिस ने बताया कि मलबे में अभी भी करीब आठ लोगों के फंसे होने की आशंका है। 

समाचार एजेंसी एएनआई के अनुसार उत्तर पूर्वी जिले के अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) संदीप लांबा ने बताया कि यह घटना तड़के 3 बजे हुई। उन्होंने कहा, '14 लोगों को बचा लिया गया, लेकिन चार की मौत हो गई...यह एक चार मंजिला इमारत थी...बचाव अभियान जारी है। 8-10 लोगों के अभी भी फंसे होने की आशंका है।'

अधिकारियों के अनुसार, राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) और दिल्ली पुलिस की टीमें जानकारी मिलने के कुछ मिनटों बाद मौके पर पहुंच गई थी। समाचार लिखे जाने तक फिलहाल बचाव अभियान चल रहा है। डिविजनल फायर ऑफिसर राजेंद्र अटवाल ने एएनआई को बताया कि उन्हें सुबह करीब 2:50 बजे एक घर के ढहने की सूचना मिली थी।

उन्होंने कहा, 'हम मौके पर पहुंचे और पाया कि पूरी इमारत ढह गई है और लोग मलबे में फंसे हुए हैं...एनडीआरएफ, दिल्ली अग्निशमन सेवा लोगों को बचाने के लिए काम कर रही है।' 

20 से 25 लोग रह रहे थे इमारत में

सामने आई जानकारी के अनुसार इस चार मंजिला इमारत में 20 से 25 लोग रह रहे थे। मलबे से निकाले गए लोगों को इलाज के लिए जीटीबी अस्पताल ले जाया गया है। इमारत ढहने का कारण अभी तक स्पष्ट नहीं है। शुक्रवार रात राजधानी दिल्ली के मौसम में अचानक आए बदलाव के कुछ ही घंटों बाद घर ढहने की घटना हुई।

शनिवार के लिए आईएमडी के पूर्वानुमान के अनुसार, आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और शनिवार शाम तक ऐसा ही होगा। शाम को बहुत हल्की बारिश या बूंदाबांदी होने की संभावना है। इसके साथ-साथ गरज के साथ छींटे, बिजली और धूल भरी आंधी के साथ 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी, जो 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार पकड़ सकती हैं। अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 38 डिग्री सेल्सियस और 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है।

इससे पहले 11 अप्रैल को राष्ट्रीय राजधानी में आए धूल भरे तूफान के दौरान दिल्ली के मधु विहार पुलिस स्टेशन के पास एक निर्माणाधीन इमारत की दीवार गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई और दो अन्य घायल हो गए थे।